गौ-संवर्धन के संकल्प के साथ सहसवान पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य, उमड़ा जनसैलाब।

राव फार्म हाउस में आध्यात्मिक चेतना का संगम, गौ-रक्षा के लिए जागृत किया जनमानस।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। सहसवान विधानसभा क्षेत्र स्थित राव फार्म हाउस में उस समय आध्यात्मिक और सामाजिक चेतना का वातावरण बन गया, जब संपूर्ण उत्तर प्रदेश में गौ-वंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ‘गविष्टि यात्रा’ (गौ-रक्षार्थ धर्मयुद्ध) के माध्यम से जनजागरण कर रहे परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ‘1008’ जी महाराज का भव्य आगमन हुआ।
पूज्य शंकराचार्य के सहसवान विधानसभा पहुंचने पर श्रद्धालुओं और गौभक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला। उनके पावन आगमन से संपूर्ण क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने महाराज जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

अपने संदेश में पूज्य स्वामी जी ने गौ-माता के संरक्षण एवं संवर्धन को भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की आत्मा बताते हुए समाज को इसके प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गौ-संरक्षण केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की रक्षा का महाअभियान है।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव ने विधिवत आरती उतारकर पूज्य स्वामी जी का अभिनंदन किया तथा उनके चरणों में श्रद्धा व्यक्त की। वहीं सहसवान विधानसभा विधायक ब्रजेश यादव ने भारी जनसमूह के साथ पहुंचकर पूज्य महाराज का भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, गौभक्त, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक उल्लास और धार्मिक आस्था का वातावरण देखने को मिला।

Leave a comment