
◆ ऑटो-बाइक विवाद ने लिया हिंसक रूप, उपद्रवियों पर पुलिस का शिकंजा, 12 हिरासत में।
प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। बदायूं के इस्लामनगर में शुक्रवार दोपहर दो गुटों के बीच जमकर पथराव हुआ। एक ऑटो से बाइक टकराने के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस संघर्ष में एक दर्जन लोग घायल हुए हैं, जबकि पुलिस ने नौ लोगों को हिरासत में लिया है।
यह घटना इस्लामनगर के मछली बाजार में हुई। मल्लू कुरैशी के बेटे आदिल की बाइक से मछली विक्रेता दीपक का ऑटो छू गया, जिससे बाइक टूट गई। आदिल और दीपक के बीच इस बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान इलाके का मीट कारोबारी फारुख वहां पहुंचा और दीपक का पक्ष लेते हुए आदिल से बहस करने लगा।
कुछ ही देर में दोनों गुटों के दर्जनों लोग मौके पर जमा हो गए। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट और पथराव शुरू हो गया। भीषण पथराव के कारण पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग दुकानों और घरों में छिपने के लिए भागे, लेकिन उन पर भी पत्थर फेंके गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही छतों से भी पत्थर चलने लगे थे।

घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करना शुरू किया। थाना क्षेत्र में गश्त कर रही यूपी 112 की गाड़ियां भी बुलाई गईं। पुलिस को देखकर दोनों गुट वहां से भागने लगे। स्थिति शांत होने पर पुलिस ने उपद्रवियों की धरपकड़ शुरू की और सड़कों व घरों से खींचकर लोगों को थाने ले गई। संघर्ष में कुल एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। हालांकि, पुलिस से बचने के लिए केवल तीन लोग ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इलाज के लिए पहुंचे, बाकी घायलों ने निजी डॉक्टरों से उपचार कराया।

सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि वे खुद मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने पुष्टि की कि तीन घायल मिले हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। जिस जगह यह बवाल हुआ, वहां से कुछ ही दूरी पर मोहर्रम का ताजिया भी सजा हुआ था, जो सुरक्षित रहा।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि बदायूं के कस्बा इस्लामनगर में मोटरसाइकिल व टैम्पू की टक्कर के बाद विवाद हुआ था, जिसके बाद पथराव शुरू कर दिया गया। जिसमें अब तक कुल 12 लोगों को विरासत में लिया जा चुका है। मोहर्रम का ताजिया आदि सब कुछ सुरक्षित रहा है। जहां मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।