मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुरादाबाद मंडल की उम्मीदें तेज।

मंत्रिमंडल विस्तार में भूपेंद्र चौधरी का पलड़ा भारी, कुंदरकी से रामवीर सिंह भी रेस में।

प्रवाह ब्यूरो
मुरादाबाद। प्रदेश में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। तीन राज्यों में भाजपा को मिले प्रचंड बहुमत और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच योगी सरकार के संभावित कैबिनेट विस्तार पर सभी की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने के लिए इस बार मुरादाबाद मंडल को भी अहम हिस्सेदारी मिल सकती है।
मुरादाबाद मंडल से मंत्री बनने की दौड़ में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मजबूत पकड़ और पार्टी नेतृत्व के करीबी होने के चलते उनकी दावेदारी को काफी मजबूत माना जा रहा है। पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से ही भूपेंद्र चौधरी के मंत्रिमंडल में तीसरी बार शामिल होने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
इसके अलावा भाजपा एमएलसी अशोक कटारिया का नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल है। वह योगी सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री रह चुके हैं और संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें भी संभावित चेहरा माना जा रहा है।
वहीं, उपचुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करने वाले कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह की दावेदारी भी चर्चा में है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कुंदरकी में भाजपा का परचम लहराने का इनाम उन्हें मंत्री पद के रूप में मिल सकता है। क्षेत्रीय और पिछड़े वर्ग के समीकरणों को देखते हुए उनका नाम लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
मंडल से चौथे प्रमुख चेहरे के रूप में बढ़ापुर विधायक सुशांत सिंह का नाम सामने आ रहा है। वह पूर्व सांसद सर्वेश सिंह के पुत्र हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाते हैं। इसके अलावा पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सैनी, अमरोहा जिले की मंडी धनौरा सीट से दूसरी बार विधायक बने राजीव तरारा समेत कई अन्य नेताओं के नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं। मंडल में सैनी बिरादरी की अच्छी संख्या को देखते हुए सत्यपाल सैनी की दावेदारी को भी मजबूत माना जा रहा है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल में मुरादाबाद मंडल से रामपुर के बिलासपुर विधायक बलदेव सिंह औलख और चंदौसी विधायक गुलाब देवी को मंत्रिमंडल में जगह मिली थी। वहीं भूपेंद्र चौधरी भी मंत्रिमंडल का हिस्सा रहे, लेकिन बाद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। वर्तमान में मंत्रिमंडल में मुरादाबाद, अमरोहा और बिजनौर जिले का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं है।
ऐसे में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में मुरादाबाद मंडल की भागीदारी बढ़ने की उम्मीदों ने क्षेत्रीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। हालांकि अभी तक पार्टी नेतृत्व की ओर से किसी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मुरादाबाद डीएम की सुरक्षा सख्त, DFMD जांच के बाद ही मिलेगी एंट्री।

◆ संभल में कड़े फैसलों की वजह से सुर्खियों में रहे हैं डा. राजेंद्र पैंसिया।

प्रवाह ब्यूरो
मुरादाबाद। जनपद के नवागत जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। अब डीएम से मिलने आने वाले सभी फरियादियों और आगंतुकों को डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) से होकर गुजरना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना सुरक्षा जांच के किसी भी व्यक्ति को डीएम कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
डीएम कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहले से तैनात सुरक्षा कर्मियों के अलावा अब एक अतिरिक्त पुलिस टीम भी लगाई गई है। यह टीम प्रत्येक आगंतुक की गहन जांच करेगी। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को भी टीम में शामिल किया गया है, ताकि महिला फरियादियों की जांच भी सुचारु रूप से की जा सके।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय सुरक्षा मानकों को और बेहतर बनाने तथा किसी भी संभावित खतरे को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। हाल के समय में वीआईपी सुरक्षा को लेकर बढ़ती सतर्कता के चलते इस तरह के कदम आवश्यक माने जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर आन्जनेय सिंह के कार्यालय में भी लागू है। करीब दो वर्ष पूर्व उनके कार्यालय पर भी DFMD के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहां भी कमिश्नर से मुलाकात से पहले आगंतुकों को निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया से गुजरना होता है।
नवागत जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने हाल ही में मुरादाबाद में पदभार ग्रहण किया है। इससे पहले वे करीब दो वर्षों तक संभल जिले के जिलाधिकारी रहे, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण और सख्त प्रशासनिक निर्णय लिए। उनके कार्यकाल के दौरान कई संवेदनशील मामलों में कार्रवाई के चलते वे राष्ट्रीय स्तर पर भी सुर्खियों में रहे।

मुरादाबाद SSP का महाएक्शन, एक साथ कई थानों के 46 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर।

एक्शन से दहली मुरादाबाद पुलिस: एक साथ बड़ी कार्रवाई से हड़कंप।

प्रवाह ब्यूरो
मुरादाबाद। जनपद में पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सतपाल अंतिल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 46 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। यह कार्रवाई काम में लापरवाही और गंभीर शिकायतों के आधार पर की गई है।
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई की जद में कटघर, सिविल लाइंस, भोजपुर, कांठ समेत कुल 15 थानों के हेड कांस्टेबल और सिपाही आए हैं। नगर और देहात दोनों क्षेत्रों के पुलिसकर्मी इस सख्त फैसले से प्रभावित हुए हैं।
SSP सतपाल अंतिल ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को बेहतर पुलिसिंग देना उनकी प्राथमिकता है। आदेश जारी करते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर पुलिस लाइन भेजा जाए।
सूत्रों के मुताबिक, इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कड़ा कदम उठाया गया। एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
गौरतलब है कि SSP सतपाल अंतिल अपने सख्त और सक्रिय कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में अपराध और लापरवाही के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई देखने को मिल रही है।

मुरादाबाद कमिश्नर को नहीं मिला एक्सटेंशन, जाएंगे सिक्किम।

उत्तर प्रदेश से अपने मूल कैडर सिक्किम जाएंगे मुरादाबाद मंडलायुक्त।

मुख्यमंत्री योगी के भरोसेमंद अफसरों में गिने जाते रहे हैं आंजनेय कुमार।

प्रवाह ब्यूरो
मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी के भरोसेमंद अफसरों में गिने जाने वाले व रामपुर में डीएम रहते आजम खां के राजनीतिक सफर को उजाड़ने वाले आईएएस मुरादाबाद मंडलायुक्त आंजनेय कुमार को एक्सटेंशन नहीं मिलने के चलते यूपी सरकार ने उन्हें रिलीव कर दिया है। वह अब यूपी से वापस अपने मूल कैडर सिक्किम जाएंगे।
मुरादाबाद कमिश्नर आंजनेय कुमार योगी सरकार के भरोसेमंद अफसरों में गिने जाते रहे हैं। योगी सरकार की सिफारिश पर केंद्र ने उन्हें अब तक 6 बार एक्सटेंशन दिया। जिसमें अलग-अलग एक्सटेंशन मिल चुका है। सातवीं बार फिर योगी सरकार द्वारा एक्सटेंशन बढ़ाने के लिए केंद्र से सिफारिश की गई थी।
लेकिन मंजूरी नहीं मिल सकी। एक्सटेंशन नहीं मिलने के चलते यूपी सरकार ने उन्हें रिलीव कर दिया है।
आंजनेय कुमार अखिलेश सरकार में 2015 में उत्तर प्रदेश प्रतिनियुक्ति पर आए थे। 2019 में रामपुर के डीएम थे।
उस समय आजम खां ने चुनाव प्रचार के दौरान अपने भाषण के दौरान कलेक्टर के लिए गलत बयान बाजी कर दी थी।
जो आजम खां को बहुत महंगी पड़ी। इस बयान बाजी के चलते आजम को 3 साल की सजा भी हुई थी और विधानसभा अध्यक्ष द्वारा विधायकी को भी रद्द कर दिया गया था। जिसके बाद योगी सरकार ने उन्हें मुरादाबाद का कमिश्नर बना दिया था। बाद में एक्सटेंशन अवधि खत्म होने के बाद वह मुरादाबाद डीएम को कमिश्नर का चार्ज देकर छुट्टी पर चले गए थे।

यूपी के मऊ जनपद के रहने वाले हैं आंजनेय कुमार।

आंजनेय कुमार उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के सलाहदाबाद गांव के रहने वाले हैं। सिक्किम कैडर से 2005 बैच के आईएएस अफसर हैं। 2015 में सपा सरकार के समय इन्हें प्रतिनियुक्ति पर उत्तर प्रदेश में भेज दिया गया था। रामपुर में 2 साल तक डीएम के पद पर रहे और बाद में उन्हें प्रमोशन मिला और मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर बन गए।
उसी समय से अब तक वह मुरादाबाद कमिश्नर के पद पर रहे हैं।
आजम के बेटे अब्दुल्ला ने जब फर्जी आयु प्रमाण पत्र पर चुनाव लड़ा था, तो उस समय यह मामला आंजनेय कुमार के सामने आया था। चुनाव आयोग को भेजी रिपोर्ट के बाद उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया था।

विपक्ष पर सीएम योगी का तीखा हमला बोले- ग से गधा पढ़ाती थी सपा सरकार, बुद्धि भी गधे जैसी।

कहा- सपा सरकार में नौकरियों पर चाचा, बबुआ, भतीजा करते थे अलग-अलग वसूली।

अब गुरुवार को संभल दौरे पर रहेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ।

प्रवाह ब्यूरो
मुरादाबाद। बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ मुरादाबाद पहुंचे। जहां उन्होंने बिलारी के पीपली गांव में अटल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन किया। इसके साथ ही बटन दबाकर विकास की कई परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जहां सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सपा नेताओं की बुद्धि गधे जैसी हो गई है उन्होंने ने ग से गणेश को ग से गधा पढ़वाया, इन्होंने ग से गणेश पढ़ा कर गणपति की अवमानना करने का काम किया है। इतना ही नहीं आगे बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि सपा के जीवन का हिस्सा नकल कराना था। उन्होंने नकल कराकर युवाओं पीढ़ी सिर्फ को खोखला किया है यदि आज सपा को शिक्षा का मॉडल देखना है तो अटल आवासीय स्कूल देखें। हमने एक लाख 54 हजार विद्यालयों की काया बदली। सपा ने हमें एक लाख 54 हजार जर्जर स्कूल दिए, भवन कब गिर जाए, पता नहीं था। स्कूल में बच्चों के लिए टॉयलेट तक की व्यवस्था नहीं थी। हमने कायाकल्प के माध्यम से शिक्षा के साथ-साथ स्कूलों की भी काया बदली है।
इतना ही नहीं आगे बोलते हुए सीएम योगी ने कहा 2017 से पहले भर्ती हो या ट्रांसफर-पोस्टिंग, इन सब में भेदभाव भी था और यह व्यवसाय भी था। 2017 के बाद जीरो टॉलरेंस की सरकार की नीति का परिणाम है कि कोई व्यक्ति न तो ट्रांसफर पोस्टंग में धनारोहण कर सकता है और न ही कोई व्यक्ति भर्ती में पैसा ले सकता है। जो पैसा लेगा वो जेल के अंदर सड़ेगा, सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा, हमारी साकार योजनाओं में कोई भेदभाव नहीं करती। पूरी ईमानदारी से योजनाओं का लाभ सभी वर्गों को दिया जा रहा है। विकास का ये मॉडल यूपी के साथ-साथ मुरादाबाद में भी दिखाई दे रहा है। पहले शहर में रेलवे क्रासिंग था, जाम लगा रहता था। कोई सोच भी नहीं सकता था कि शहर के भीतर फोरलेन कनेक्टिविटी मिल सकती है। लेकिन आज ये साकार हुआ है।
मुरादाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, आज पूरे प्रदेश में योग्यता के आधार पर पूरी पारदर्शिता के साथ भर्तियां हो रही हैं। 2017 से पहले क्या पुलिस की भर्ती निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संभव थीं…बिल्कुल नहीं। पहले जब पुलिस में या किसी अन्य विभाग में भर्तियां निकलती थीं तो कौरव दल वसूली के लिए निकल पड़ता था। चाचा भी, भतीजा भी भाई भी… काका, नाना, भांजे, मामा ये सभी लोग निकल पड़ते थे वसूली में। किसी नौजवान को ईमानदारी के साथ अवसर नहीं मिलता था। लेकिन आज भाजपा सरकार में योग्यता को आधार रख सबको समान अवसर मिल रहा है।

श्रीकल्कि जयंती समारोह में शामिल होंगे उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक।

बुधवार को संभल में श्रीकल्कि धाम पहुंच करेंगे पूजन और शिलादान।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। बुधवार को जनपद के ऐंचोड़ा कंबोह स्थित श्रीकल्कि धाम में श्रीकल्कि जयंती के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। वे पूजन, शिलादान तथा गर्भगृह के दर्शन करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के साथ धर्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे। जिसके चलते उनका सरकारी कार्यक्रम भी जारी हो चुका है जिसके लिए स्थानीय प्रशासन भी अब तैयारियों में जुट गया है।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक बुधवार की दोपहर 1:30 बजे मुरादाबाद से कार द्वारा ऐंचोड़ा कंबोह पहुंचेंगे। जहां दोपहर 2:30 बजे तक वे श्रीकल्कि धाम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
बता दें कि श्री कल्कि धाम भगवान विष्णु के दसवें अवतार श्रीकल्कि को समर्पित संभल के ऐंचोड़ा कंबोह स्थित एक दिव्य स्थल है। जहां विगत वर्ष 19 फरवरी को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ऐंचोड़ा कंबोह स्थित श्रीकल्कि धाम मंदिर का शिलान्यास भी कर चुके हैं।
इस बार के आयोजन को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। धाम से प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम के सानिध्य में प्रातः काल श्रीकल्कि प्राकट्य महायज्ञ का आयोजन किया जायेगा। जहां इस महायज्ञ में दूर-दूर से आये सैकडों कल्कि भक्त आहुतियां देंगे। जहां महायज्ञ की पूर्णाहुति श्रीकल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम द्वारा की जाएगी।
कार्यक्रम में कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम के विशेष उद्बोधन के साथ-साथ श्रीकल्कि नाम संकीर्तन भी होगा। इसमें उपस्थित सनातनी भगवान कल्कि की सामूहिक स्तुति करेंगे। उद्बोधन के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर यूपी, पंजाब, दिल्ली सहित अन्य राज्यों से भी सैकडों कल्कि भक्त कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। जिसके लिए ऐंचोड़ा कंबोह स्थित श्रीकल्कि धाम में समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

पश्चिमी यूपी में ड्रोन दहशत हकीकत या सिर्फ अफवाह।

पश्चिमी यूपी में ड्रोन दहशत हकीकत या सिर्फ अफवाह।

डीआईजी बोले- ड्रोन की अफवाहों पर न दें ध्यान, झूठी अफवाह फैलाने पर होगी कार्यवाई।

कहा- नहीं मिले हैं ऐसे कोई साक्ष्य, सिर्फ फैली है अफवाह।

संभल एसपी बोले- बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर होगी एनएसए की कार्रवाई।

अमरोहा, संभल और रामपुर जिले को लेकर डीआईजी ने लोगों से की जागरूक रहने की अपील।

प्रवाह ब्यूरो
मुरादाबाद। मंडल में अमरोहा, संभल तथा रामपुर जनपद में ड्रोन कैमरा की फैली दहशत को लेकर जहां पुलिस प्रशासन ने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की लोगों से अपील की है तो वहीं मुरादाबाद डीआईजी ने लोगों को जागरुक करते हुए अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए झूठी अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया है।
संभल जनपद में बीते दिनों एक खिलौना जैसा ड्रोन मिलने से अफवाह फैल गई थी। वहीं अमरोहा जिला में भी खिलौने के प्रकार का एक ड्रोन बरामद किया गया था। रामपुर में भी ड्रोन के आकार का खिलौना बरामद हुआ था। अमरोहा समेत अधिकांश जनपदों में ग्रामीण दहशत में हैं। इसके अलावा संभल जनपद में भी लोगों में दहशत बनी हुई है और रात भर जाग रहे हैं।
जबकि अभी तक इसका कोई भी साक्ष्य बरामद नहीं हुआ है और न ही किसी प्रकार की ड्रोन से संबंधित कोई घटना सामने आई है।
डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि संभल, अमरोहा और रामपुर जनपद में ड्रोन के आकार का खिलौना बरामद हुआ है, लेकिन ऐसी अफवाह पर कोई भी ध्यान न दें। उन्होंने कहा है कि संबंधित पुलिस द्वारा जानकारी करने पर सामने आया है कि लोग एक दूसरे के द्वारा देखने की बात कर रहे हैं जबकि किसी के द्वारा यह नहीं बताया गया है कि हमारे समक्ष ड्रोन से संबंधित कोई भी किसी प्रकार की घटना हुई है। जबकि लोग रात भर हाथों में डंडा, हथियार लेकर जाग रहे हैं।
लगातार अफवाह फैलती जा रही है। देर रात निकलने वाले वाहन स्वामियों को ड्रोन वाले समझकर उनकी पिटाई तथा पथराव भी कर दिया जाता है। डीआईजी मुनिराज ने लोगों से अपील करते हुए जागरूक रहने को कहा है तो वहीं ऐसी किसी भी अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश भी दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि यदि कोई भी ड्रोन से संबंधित अफवाह फैलाने की कोशिश करता है या सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की ड्रोन से संबंधित अफवाह फैलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
डीआईजी द्वारा मंडल के सभी जिलों की पुलिस को जांच के साथ लोगों को जागरुक किए जाने के आदेश भी दिए हैं तो वहीं अफवाह फैलाने वालों पर कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए हैं।

संभल में बिना अनुमति नहीं उड़ा सकेंगे ड्रोन, एनएसए की होगी कार्रवाई।

ड्रोन की दहशत को देखते हुए जहां ग्रामीण रात भर जाग रहे हैं तो वहीं लगातार फैलाई जा रही अफवाह पर रोक लगाने के लिए संभल एसपी कृष्ण कुमार ने जिले में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर कार्यवाई के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा है कि बिना अनुमति के कोई भी ड्रोन नहीं उड़ा सकेगा। बावजूद इसके यदि बिना अनुमति ड्रोन आदि उड़ाया जाता है तो उसके खिलाफ एनएसए की कार्यवाई की जाएगी।
बता दें कि सोशल मीडिया के जरिए लोगों में अफवाह फैलती जा रही है और अभी तक कोई भी साक्ष्य ड्रोन से संबंधित किसी भी प्रकार की घटना का प्राप्त नहीं हुआ है।
ईसके साथ ही पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए हैं और लगातार अफवाह फ़ैलाने वालों पर कार्यवाई के लिए जुट गई है।

सीएम से मिली बच्ची का उसकी मनपसंद स्कूल में हुआ एडमिशन।

● मुख्यमंत्री से कहा था- मेरा एडमिशन करा दो, मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुरादाबाद के सबसे महंगे स्कूल में हुआ एडमिशन।

● जनता दरबार में सीएम से मिलने का बच्ची का वीडियो हुआ वायरल।

प्रवाह ब्यूरो
मुरादाबाद। मुरादाबाद जनपद निवासी एक बच्ची अपने पिता के साथ मुख्यमंत्री के जनता दरबार में मिली और मुख्यमंत्री से मिलकर अपना एडमिशन कराने की बात कही तो मुख्यमंत्री ने बच्ची के एडमिशन के लिए निर्देश दे दिया और कुछ ही घंटों में बच्ची का एडमिशन मुरादाबाद के सबसे महंगे स्कूल में हो गया।
मुरादाबाद निवासी एक छोटी बच्ची मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में अपने पिता के साथ शिकायत लेकर पहुंची थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बच्ची से मिले, जिसे अपना नाम वाची बताया। बाद वाची से स्कूल का नाम पूछा गया। स्कूल का नाम आधा अधूरा बता पाई, जिसमें वह अपना प्रवेश लेना चाहती थी। उसके पिता की शिकायत थी कि स्कूल आरटीई के तहत उनकी बेटी को फ्री में एडमिशन नहीं दे रहा। मुख्यमंत्री और छोटी बच्ची का वीडियो वायरल हो गया। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने हंसते हुए यह भी पूछा था कि टेंथ में कारायें या इलेवंथ में। जहां बच्ची ने अपनी पढ़ाई की शुरुआती कक्षा का नाम बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फ्री में एडमिशन करने के निर्देश दिए तो मुरादाबाद जिलाधिकारी ने आरटीई के रिकॉर्ड के साथ शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बात की।
जिलाधिकारी के आदेश पर वाची का एडमिशन मुरादाबाद के सबसे महंगे सी एल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल में करा दिया गया।
मुख्यमंत्री से मिलने के बाद घंटे भर बाद बच्ची का एडमिशन हो गया।
स्कूल द्वारा भी बेसिक शिक्षा अधिकारी को एक पत्र भेजकर अवगत करा दिया गया की बच्ची का एडमिशन एलकेजी कक्षा में कर लिया गया है, शिकायत को खारिज कर दिया जाए।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे, सरकारी आवास पर समस्या सुनते हुए अपने पिता के साथ पहुंची छोटी बच्ची से भी उसी दौरान बातचीत हुई थी।