बदायूं हादसा: भात की रस्म पर निकला परिवार हादसे का शिकार, दूल्हे की मां समेत 6 की मौत।

ट्रैक्टरों की रेस ने उजाड़ दी खुशियां, जहां बजनी थीं शहनाइयां, वहां पसरा मातम।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बरेली-मथुरा हाईवे पर कथित तौर पर रेस लगा रहे दो ट्रैक्टरों ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। शादी की तैयारियों के बीच भात की रस्म के लिए निकला परिवार हादसे का शिकार हो गया, जिसमें दूल्हे की मां समेत छह महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
यह हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो ट्रैक्टर कथित तौर पर तेज गति से एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
मृतकों में राजकुमारी (50), उनकी बेटी नारायणी (30), जेठानी रेवती (80), बहू गंगाश्री (30), सरला (32) और गांव की प्रेमावती (32) शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, मुरावन नगला गांव निवासी डालचंद्र के सबसे छोटे बेटे कुंवर पाल की 29 जून को शादी निर्धारित थी। परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। इसी सिलसिले में महिलाएं शगुन और भात की रस्म के लिए राजकुमारी के मायके गठौना गांव जा रही थीं। ई-रिक्शा में कुल आठ लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि हाईवे पर निर्माण कार्य के कारण केवल एक लेन चालू थी। इसी दौरान कथित रूप से रेस लगा रहे दो ट्रैक्टरों में से एक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गए, हालांकि बाद में प्रशासन ने दोनों चालकों को ट्रैक्टर सहित हिरासत में ले लिया।

परिजनों के अनुसार, घर में शादी का माहौल था और महिलाएं खुशी-खुशी भात की रस्म के लिए निकली थीं। लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। अब जिस घर में शहनाइयां बजनी थीं, वहां गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
डीआईज़ी बरेली अजय साहनी ने भी बदायूं पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।

प्रभारी मंत्री अरुण सक्सेना ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।

उधर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने भी इस भीषण हादसे से हुई जनहानि पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है।
साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं।

बदायूं में दबंगई का आतंक, सीने पर फायर कर हवाई फायरिंग करते फरार हुआ आरोपी।

नए थाना प्रभारी के आते ही गोलीकांड, सीने को छूती हुई हाथ में धंसी गोली, दहशत में ग्रामीण।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में दबंगई का किस कदर आतंक है ये मामूली से नाली विवाद की घटना को देखकर अंदाज लगाया जा सकता है। जहां गांव सकतपुर में एक दबंग ने 55 वर्षीय अधेड़ को जान से मारने की नीयत से सीने पर गोली मार दी। किस्मत अच्छी रही कि गोली सीने को छूती हुई हाथ में जा धंसी, जिससे उसकी जान बच गई। वारदात के बाद आरोपी खुलेआम हवाई फायरिंग करता हुआ मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि थाना इस्लामनगर में नए प्रभारी के कार्यभार संभालने के तुरंत बाद हुई इस सनसनीखेज वारदात ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
नाली के पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद, गोलीकांड में बदला
जानकारी के मुताबिक गांव सकतपुर निवासी 55 वर्षीय दोली पुत्र डोरीलाल का पड़ोसियों से नाली के पानी के निकास को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। आरोप है कि एक दबंग ने अवैध तमंचा निकालकर सीधे दोली के सीने को निशाना बनाते हुए फायर कर दिया।
गोली सीने को रगड़ती हुई हाथ में जा लगी और अधेड़ गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
दहशत फैलाने को की हवाई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने क्षेत्र में अपना खौफ कायम करने के लिए कई राउंड हवाई फायरिंग की और फिर आराम से मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा घायल
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। गोलीकांड की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति है। खुलेआम हुई फायरिंग की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और लोग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।

उपरोक्त प्रकरण में सीओ बिल्सी ने बताया कि— “नाली के विवाद में एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर भेजी गई। घायल का उपचार चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जहां आरोपित की गिरफ्तारी के लिए भी टीमों को लगाया गया है।”

अब नहीं लगाने पड़ेंगे SSP कार्यालय के चक्कर, थाने से ही होगी ऑनलाइन सुनवाई।

फरियादियों को बड़ी राहत, शिकायतों का होगा त्वरित निस्तारण।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के लिए बदायूं पुलिस ने एक महत्वपूर्ण और अभिनव पहल की शुरुआत की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने फरियादियों को जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत देते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आधारित जनसुनवाई व्यवस्था लागू की है। विश्व प्रवाह को मिली विशेष जानकारी के अनुसार, 11 जून से प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक जिले के सभी थानों को एसएसपी कार्यालय से जोड़ा जाएगा। इस दौरान शिकायतकर्ता अपने संबंधित थाने पर पहुंचकर थाना प्रभारी की मौजूदगी में सीधे एसएसपी के समक्ष अपनी शिकायत और समस्याएं रख सकेंगे।

इस नई व्यवस्था की खास बात यह है कि जनसुनवाई के दौरान जिले के सभी क्षेत्राधिकारी (CO) और थाना प्रभारी भी ऑनलाइन जुड़े रहेंगे, जिससे शिकायतों पर तत्काल चर्चा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी। इससे मामलों के निस्तारण में तेजी आने के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही भी बढ़ेगी।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल शिकायत सुनने तक सीमित नहीं होगी। जनसुनवाई के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाएं, प्रार्थना पत्रों और जनशिकायतों की प्रगति की भी नियमित समीक्षा की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे तथा उनकी कार्यप्रणाली की सतत निगरानी की जाएगी।
पुलिस विभाग की यह डिजिटल पहल ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी। अब फरियादियों को अपनी बात जिले के शीर्ष पुलिस अधिकारी तक पहुंचाने के लिए मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि उनका स्थानीय थाना ही “डिजिटल एसएसपी कार्यालय” की भूमिका निभाएगा।
एसएसपी ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर अपने संबंधित थाने पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज कराएं, ताकि समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

प्रवाह के लिए बदायूँ से हिमालय शर्मा की रिपोर्ट…

बदायूं में अखिलेश विरोधी पोस्टरों पर भड़के सपाई, खोला मोर्चा।

◆ SSP से मिले सपा विधायक, कहा- साजिशकर्ताओं पर हो सख्त एक्शन।

◆ सहसवान विधायक बृजेश यादव बोले- हमारे सामने भी लगाकर दिखाएं एक पोस्टर।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। पोस्टर सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। सपा नेताओं ने इसे पार्टी नेतृत्व की छवि खराब करने की साजिश बताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इसी मामले को लेकर सहसवान से सपा विधायक बृजेश यादव बुधवार को एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अंकिता शर्मा से मिले। विधायक ने एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपते हुए कहा कि जिले समेत कई स्थानों पर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर लगाए गए हैं, जिससे राजनीतिक माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।
सपा विधायक ने अपने शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा सुनियोजित तरीके से पोस्टर लगाकर अखिलेश यादव की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

विधायक बृजेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस प्रशासन को यह पता लगाना चाहिए कि आखिर ये पोस्टर किसने और किसके इशारे पर लगाए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस तरह की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी।
एसएसपी से मुलाकात के बाद बृजेश यादव ने पोस्टर लगाने वालों को खुली चुनौती देते हुए कहा, “जो लोग पोस्टर लगा रहे हैं, वे हमारे सामने भी एक पोस्टर लगाकर दिखाएं।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा और तेज हो गई है।
वहीं, एसएसपी अंकित शर्मा ने सपा प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

बदायूं में डकैती कांड का खुलासा, मुठभेड़ में 5 गिरफ्तार।

◆ कच्छा-बनियान गैंग पर पुलिस का शिकंजा, पुलिस मुठभेड़ में 3 बदमाश घायल, एक सिपाही भी जख्मी।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कच्छा-बनियान गैंग के पांच बदमाश गिरफ्तार कर लिए गए, जबकि तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी घायल हुआ है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से हथियार, कारतूस और लूटा गया सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 19 मई की रात इस्लामनगर कस्बे में निजाकत के घर डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया था। बदमाश करीब 1.25 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवर लूटकर फरार हो गए थे। इसके अलावा सिठौली गांव में हरचरन, प्रेमपाल, श्याम यादव और मुनेश पाल के घरों में भी नकदी और जेवरात की लूट की घटनाएं हुई थीं। वारदातों के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई थीं।
सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि बरिया पुल के पास कुछ संदिग्ध बदमाश किसी बड़ी वारदात की फिराक में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गैंग का सरगना किशनपाल निवासी जनेठा थाना बनियाठेर जनपद संभल, मनोज निवासी प्रतापपुर थाना बहजोई जनपद संभल और भूरा निवासी भोजपुर जनपद हापुड़ गोली लगने से घायल हो गए।
मुठभेड़ के दौरान सिपाही अनुज कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर बहजोई निवासी दीपक और ओमवीर को भी गिरफ्तार कर लिया। हालांकि ढालू समेत तीन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
घायल बदमाशों और घायल सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। घटना का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।

एक करोड़ की जीत और संदिग्ध मौत, बदायूं से संभल तक चर्चाओं का बाजार गर्म।

◆ नीरज की मौत पर परिजनों का बड़ा आरोप, बोले- 70 लाख हड़पने के लिए की हत्या।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं।यूपी के बदायूं जिले में Dream11 पर एक करोड़ रुपये जीतकर चर्चा में आए युवक नीरज की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। नीरज का शव संभल जिले में उसकी ससुराल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिवार का आरोप है कि नीरज द्वारा जीती गई रकम को लेकर विवाद चल रहा था और इसी कारण उसकी हत्या की गई। पुलिस अब पूरे मामले की कई पहलुओं से जांच कर रही है।
बदायूं के जरीफनगर थाना क्षेत्र के दानपुर गांव निवासी नीरज पुत्र यादराम करीब एक साल पहले Dream11 पर एक करोड़ रुपये की प्राइज मनी जीतने के बाद सुर्खियों में आया था। ग्रामीण उसकी किस्मत की चर्चा करते नहीं थकते थे। बताया जा रहा है कि नीरज पिछले दो महीनों से संभल जिले के जुनावई थाना क्षेत्र के कादराबाद गांव स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था। शुक्रवार शाम वह अपने गांव से वापस ससुराल पहुंचा था, लेकिन अगले ही दिन उसका शव संदिग्ध हालत में मिला।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अपने गांव दानपुर ले आए। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नीरज ने Dream11 में जीती गई रकम में से करीब 70 लाख रुपये अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर किए थे। परिवार का दावा है कि इसी रकम को हड़पने के लिए उसकी हत्या की गई।
मृतक के चाचा अनेक सिंह ने आरोप लगाया कि नीरज ऑनलाइन सट्टा खेलता था और बड़ी रकम जीतने के बाद से पारिवारिक विवाद बढ़ गया था। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने पैसों के लालच में नीरज की जान ले ली। गांव में भी इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी, जिसके चलते विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल, आर्थिक लेन-देन और पारिवारिक संबंधों की भी जांच कर रही है।
संभल पुलिस का कहना है कि अभी तक थाना जुनावई में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं बदायूं पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नीरज की मौत को लेकर बदायूं से संभल तक चर्चाओं का बाजार गर्म है और हर कोई इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई जानने का इंतजार कर रहा है।

प्रेम-प्रसंग बना खूनी खेल, सैलून गोलीकांड में 4 आरोपी गिरफ्तार।

◆ बीते सोमवार दिनदहाड़े सैलून में फायरिंग कर युवक को बनाया था निशाना।

◆ सक्रिय पुलिसिंग का असर: 7 दिन में खुलासा, आरोपी सलाखों के पीछे।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूँ। उघैती थाना क्षेत्र के ईखखेड़ा गांव में 16 मार्च को हुए सनसनीखेज सैलून गोलीकांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए घटना के पीछे प्रेम प्रसंग को मुख्य वजह बताया है।
पुलिस के मुताबिक, 16 मार्च को एक युवक पर सैलून में घुसकर जानलेवा फायरिंग की गई थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। घटना के बाद से ही पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी और लगातार दबिश दे रही थी।
इसी दौरान दौरान पुलिस ने ऐपुरा मोड़ से चारों आरोपियों यशपाल (26) निवासी मेवली, राकेश (27) निवासी खडुआ, आशीष (19) निवासी स्वरूपपुर और मनवीर (26) निवासी मेवली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि घायल समीर के आरोपी मनवीर की पत्नी से शादी से पहले संबंध थे। शादी के बाद भी समीर लगातार संपर्क करने की कोशिश करता रहा, जिससे नाराज होकर मनवीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमले की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक के अलावा अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
नवागत एएसपी अंकित शर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है, साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।
घटना के खुलासे के बाद जहां पुलिस ने राहत की सांस ली है, वहीं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

बदायूं की नई एसएसपी बनीं अंकिता शर्मा, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ संभाली जिम्मेदारी।

◆ चार्ज संभालते ही एक्शन में दिखीं लेडी सिंघम, शहर का किया भ्रमण।

◆ तेजतर्रार अंदाज वाली 2018 बैच की आईपीएस हैं लेडी सिंघम अंकिता शर्मा।

◆ चार्ज संभालते ही दिए नवीन पुलिस चौकी निर्माण के आदेश।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूँ। यूपी में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इस फेरबदल के तहत 2018 बैच की तेज तर्रार आईपीएस अंकिता शर्मा को बदायूं का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। शनिवार को बदायूँ की कमान संभालते ही नवागंतुक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने अपने सख्त और स्पष्ट तेवर दिखा दिए। अधिकारियों के साथ पहली बैठक में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस का काम पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए, आमजन के प्रति संवेदनशीलता बनी रहनी चाहिए और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

उन्होंने संकेत दिया कि जनपद में कानून व्यवस्था को और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी, ताकि आम जनता को सुरक्षा का भरोसा मिल सके और अपराधियों में पुलिस का खौफ कायम रहे।
इससे पहले पुलिस लाइन में उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बरेली परिक्षेत्र के डीआईजी ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया, जहां पुलिस लाइन्स में दी गई सलामी से उनका सम्मान और बढ़ गया।

बता दें कि शुक्रवार को प्रदेश की योगी सरकार ने लेडी सिंघम के नाम से मशहूर अंकिता शर्मा को बदायूं जिले का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया है। इससे पहले वह कासगंज जिले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर कार्यरत थीं। पदोन्नति के बाद उन्हें अब एसएसपी के रूप में बदायूं जिले की कमान सौंपी गई है। उन्हें बदायूं में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की जिम्मेदारी दी गई है।

बदायूं में एचपीसीएल प्‍लांट में घुसकर दो बड़े अफसरों की हत्‍या के बाद यूपी सरकार ने ये बड़ा एक्‍शन लिया है। जिनमें प्लांट के मुख्य प्रबंधक सुधीर गुप्ता एवं उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा की गुरुवार को गोली मार कर हत्या कर दी गई थी, इस घटना से नाराज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. बृजेश कुमार सिंह को हटाकर उनकी जगह कासंगज एसपी अंकिता शर्मा को बदायूं का नया पुलिस कप्‍तान बनाया गया है।
इसी क्रम आज चार्ज संभालते ही डीएम अवनीश राय एवं नवागत एसएसपी अंकिता शर्मा मूसाझाग थाना क्षेत्र गांव सैंजनी स्थित एचपीसीएल के प्लांट में पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली, इसके बाद नवीन पुलिस चौकी की स्थापना के आदेश दिये गये, साथ ही बताया कि इस चौकी पर दो उप-निरीक्षक तथा आठ आरक्षियों की नियुक्ति की जायेगी। उन्होंने आते ही व्यवस्था को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है।

अंकिता शर्मा 2018 बैच की आईपीएस अफसर हैं और बेहद तेजतर्रार मानी जाती हैं। शुक्रवार को कासगंज से बदायूं स्थानांतरण होते ही शनिवार को एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस लाइंस पहुंच कर सलामी ली। इसके बाद पदभार ग्रहण किया। जिले की वर्तमान स्थिति को देखते हुए डीआईजी अजय साहनी भी यहां आए हुए थे। नवागत एसएसपी ने डीआईजी के साथ बैठक कर यहां के हालात को जाना। एचपीसीएल के सीबीजी प्लांट में हुए घटनाक्रम को बारीकी से समझा। फिलहाल वह डीआईजी के साथ ही शहर में निरीक्षण को निकल गई हैं।

लेडी सिंघम अंकिता शर्मा कासगंज में एसपी पद से पहले कानपुर कमिश्‍नरेट में पुलिस उपायुक्‍त भी रह चुकी हैं। राजस्थान के जयपुर में अशोक कुमार शर्मा के घर 23 जुलाई, 1992 को जन्मी अंकिता शर्मा ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग से बीटेक किया है।
इससे पूर्व अंकिता शर्मा ने 22 दिसंबर 2024 को कासगंज में एसपी का पदभार संभाला था। कासगंज में रहते हुए उन्‍होंने कई बड़ी वारदातों का राजफाश किया। बीते दिनों अलविदा जुमा की नमाज के दौरान उन्‍होंने शहर के प्रमुख चौराहों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्‍यवस्‍था का जायजा लिया। इस दौरान उन्‍होंने स्‍थानीय लोगों से बातचीत कर सुझाव भी लिए।

कासगंज में तैनाती से पूर्व अंकिता शर्मा कानपुर में डीसीपी दक्षिणी के पद पर पदस्थ थीं। उन्‍होंने अपने कार्यकाल में हत्‍या, लूट जैसी दर्जनों वारदातों का खुलासा किया। जहां आधा दर्जन से अधिक हाफ एनकाउंटर अंकिता शर्मा के ही नेतृत्‍व में हुए। उन्‍हें कानपुर में यातायात का अतिरिक्‍त प्रभार भी मिला। इस काम को भी उन्‍होंने बखूबी संभाला और शहर की यातायात व्‍यवस्‍था संभालते हेतु काफी काम किया।
इतना ही नहीं अंकिता शर्मा यूपी के व्यस्ततम शहरों में शुमार नोएडा में भी तैनात रह चुकी हैं। यहां तैनाती के दौरान उन्‍होंने मिशन शक्ति अभियान से जुड़े अनेकों काम किए। महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में उनका रुख हमेशा सख्‍त रहा है यही वजह है कि उन्हें लेडी सिंघम के नाम से बखूबी जाना जाता रहा है।

बदायूं में डबल मर्डर से सनसनी: हिंदुस्तान पेट्रोलियम के मैनेजर व डिप्टी मैनेजर की दिनदहाड़े हत्या।

◆ नौकरी से निकाले जाने पर उठाया खौफनाक कदम, आरोपी ने गैस प्लांट में घुसकर बरसाई गोलियां।

◆ घटना के बाद प्लांट में दहशत, मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी स्थित HPCL पावर प्लांट में गुरुवार को कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए  हमलावरों ने मैनेजर सुधीर गुप्ता और डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा को मौत के घाट उतार दिया। हमलावरों ने प्लांट के अंदर घुसकर  ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में भगदड़ व दहशत का माहौल पैदा हो गया। दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। 
जहां तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जहां पुलिस द्वारा अंदर मौजूद स्टॉफ व लोगों से पूछताछ की गई।
पूरा मामला थाना मूसाझाग के सैजनी गांव का है। जानकारी के अनुसार गोली मारने का आरोप प्लांट में लोडर के पद पर रह चुके एक कर्मचारी पर है। बताया जा रहा है किसी विवाद के चलते उस कर्मचारी को कंपनी से निकाल दिया गया था। जानकारी के अनुसार इससे पहले भी मैनेजर और डिप्टी मैनेजर को मारने की कोशिश की गई थी। तदोपरांत उन्होंने प्रशासन से निज सुरक्षा की गुहार भी लगाई थी।
बता दें कि गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे सैजनी गांव का रहने वाला अजय प्रताप सिंह कुछ लोगों के साथ जबरन हिंदुस्तान पेट्रोलियम के बायो गैस प्लांट में घुस आया। बताया जा रहा है कि नौकरी से निकाले जाने को लेकर उसका प्लांट के मैनेजर सुधीर गुप्ता और डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा से पहले से विवाद चल रहा था।
प्लांट परिसर में पहुंचते ही अजय प्रताप सिंह ने दोनों अधिकारियों से बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते माहौल गरमा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर उसने अपने साथ आए लोगों के साथ अचानक अधिकारियों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियां लगने से दोनों अधिकारी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने दोनों को तुरंत दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक खून बहने और सीने में घातक चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। एहतियात के तौर पर एचपीसीएल प्लांट, दातागंज सीएचसी और जिला अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों के शब को कब्जे में लेकर पोस्टमार्डम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जहां परिजनों ने भी सख्त कार्रवाई कर जल्द आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की है।
जहां घटना के बाद प्लांट में दहशत का माहौल बना हुआ है।
दिनदहाड़े हुए इस दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी बदायूं व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्लांट का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
फिलहाल पुलिस इस जघन्य हत्याकांड के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस प्लांट के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि सभी हमलावरों की पहचान की जा सके।
एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने बताया– HPCL प्लांट में ऑफिसर्स मीटिंग कर रहे थे। इसी दौरान प्लांट का पूर्व वेंडर आता है और फायरिंग करने लगता है। तत्काल घायलों को अस्पताल भेजा गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गणतंत्र दिवस पर पर्यावरण मंत्री व एसएसपी ने फहराया तिरंगा, समारोह में दिखा देशभक्ति का उत्साह।

◆ पुलिस लाइन परेड में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस लाइन में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री अरूण कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं बृजेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, जन प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस वर्ष के समारोह में नारी शक्ति की प्रभावी उपस्थिति देखने को मिली, जिसमें परेड और झांकियों से लेकर दर्शक दीर्घा तक महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही।
ध्वजारोहण के उपरांत पुलिस बल द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई, जिसे अतिथियों ने सलामी लेकर सम्मानित किया। परेड के दौरान अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। समारोह में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी मनमोहक प्रस्तुतियाँ हुईं, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य मंचन शामिल रहे। प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने पुलिसकर्मियों के कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा भाव की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में वन एवं पर्यावरण मंत्री ने संविधान की गरिमा, लोकतंत्र की मजबूती और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया। वहीं एसएसपी बदायूं ने पुलिस बल को कानून-व्यवस्था के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाने का आह्वान किया। पूरे आयोजन में देशभक्ति का उत्साह और उल्लास देखने को मिला।
इससे पूर्व, जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने सुबह आठ बजे अपने आवास और कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। उन्होंने सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक समरसता लाने का संकल्प दिलाया तथा सभी को शपथ दिलाई। इसके बाद, जिलाधिकारी ने शहीद स्थल पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की।
पुलिस लाइन मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, एसपी सिटी विजेंद्र द्विवेदी और एसपी देहात हिरदेश कठेरिया सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।