ई-रिक्शा व्यवस्था को लेकर संभल में नई पहल का आगाज़।

शंकर चौराहे व डाकखाना से कोतवाली तक ई-रिक्शा पर पूर्ण प्रतिबंध।

संभल। नगर को जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से प्रशासन ने शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ई-रिक्शा संचालन पर नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। यह फैसला शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में अधिकारियों की संयुक्त बैठक में लिया गया। फिलहाल इस व्यवस्था को एक माह के ट्रायल के रूप में लागू किया जाएगा।
सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि डाकखाना से कोतवाली और कोतवाली से शंकर चौराहे तक ई-रिक्शा के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में “नो ई-रिक्शा जोन” लागू किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से गलियों और प्रमुख मार्गों की निगरानी करेगी। प्रतिबंधित क्षेत्र में ई-रिक्शा मिलने पर वाहन नंबर ट्रेस कर कंट्रोल रूम से तत्काल कार्रवाई की जाएगी। बिना पंजीकरण संचालित ई-रिक्शा को सीज भी किया जा सकता है।
इसके अलावा दुकानों के सामने अतिक्रमण कर ठेले लगाने वालों पर भी कार्रवाई होगी। ठेले सीज करने के साथ जुर्माना लगाया जाएगा। यदि किसी दुकानदार की मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अब अतिक्रमण कराने वालों को केवल चेतावनी नहीं दी जाएगी, बल्कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होगी। यदि एक माह का ट्रायल सफल रहता है तो इस व्यवस्था को स्थायी रूप से लागू किया जाएगा।

यह रहेगी नई व्यवस्था :-

• रफर/शंकर चौराहे से कोतवाली होते हुए पोस्ट ऑफिस तक सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

• चमन सराय चौराहे से कोतवाली, एकता चौकी होते हुए नखासा चौराहे तक ई-रिक्शा के आवागमन पर रोक रहेगी।

• प्रतिबंधित मार्गों पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे के बीच किसी भी तीन पहिया वाहन के संचालन पर सीसीटीवी के जरिए कार्रवाई की जाएगी।

• नगर में संचालित अपंजीकृत ई-रिक्शा के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment