
◆ भतीजे को बचाने पहुंचे चाचा भी करंट की चपेट में आये।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जिले में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना में युवक को बचाने पहुंचे उसके चाचा भी करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है। पुलिस ने इस मामले में विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) और लाइनमैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
यह घटना 18 जून को दोपहर करीब 12:30 बजे तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव काशीपुर में हुई। मृतक की पहचान अमन कुमार (20) पुत्र अमर सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल चाचा की पहचान मोनू पुत्र सतपाल के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, अमन खेत में मक्का के सूखे भुट्टों से दाने अलग करने का काम कर रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन ट्रैक्टर-ट्रॉली और मक्का निकालने वाली मशीन के संपर्क में आ गई, जिससे अमन करंट की चपेट में आ गया।
अमन को बचाने के प्रयास में उसके चाचा मोनू भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने शोर मचाया और बिजली लाइन बंद कराए जाने के बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विरास यादव ने अमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मोनू का इलाज जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रविवार को थाना प्रभारी धीरज नगर ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात जेई और लाइनमैन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि अमन अपने परिवार में तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था।