
◆ राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ ने 300 मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित।
प्रवाह ब्यूरो
अमरोहा। राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के तत्वावधान में यूपी बोर्ड एवं सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। नगर स्थित आदर्श वेंकट हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में करीब 300 छात्र-छात्राओं को सम्मान देकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार प्रजापति, ग्राम्य विकास विभाग के निदेशक डॉ. वरदानी, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. प्रवेश कुमार तथा दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष जयभगवान प्रजापति ने मां सरस्वती एवं दक्ष प्रजापति की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुरेंद्र कुमार प्रजापति ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी पूरे मनोयोग, लगन और परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होते हैं तो सफलता अवश्य प्राप्त होती है।
समारोह में एलडीएम उमेश कुमार प्रजापति, नवनीत कुमार गोला, उमेश प्रजापति, नरेश प्रजापति, हेमेंद्र स्वरूप प्रजापति, इंद्रदेव गोला, कैलाश प्रजापति, डॉ. संजय कुमार प्रजापति, फूल कुमार प्रजापति, सतपाल प्रजापति, श्याम लाल प्रजापति, मुन्ना लाल प्रजापति, करन सिंह प्रजापति, रामवीर प्रजापति, डॉ. भूदेव प्रजापति एवं मदनलाल प्रजापति सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक एवं राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित श्योनाथ सिंह प्रजापति ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।