यूपी होमगार्ड भर्ती रिजल्ट जारी, 1.07 लाख अभ्यर्थी हुए पास।

डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट की डेट जल्द जारी होगी।

प्रवाह ब्यूरो
लखनऊ। यूपी होमगार्ड भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का रिजल्ट रविवार दोपहर जारी कर दिया गया। यह परीक्षा 41,424 पदों पर भर्ती के लिए 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी। अब सफल अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) और फिजिकल टेस्ट की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
भर्ती बोर्ड ने डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची भी जारी कर दी है। इसके साथ सभी जिलों की श्रेणीवार कट-ऑफ सूची भी उपलब्ध कराई गई है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार, कुल रिक्तियों के मुकाबले लगभग 2.6 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया गया है। भर्ती परीक्षा में 19 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 1,07,221 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं। सफल अभ्यर्थियों को अब अगले चरण यानी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
भर्ती बोर्ड के अपर सचिव/परीक्षा नियंत्रक सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट की तिथियां जल्द ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि भर्ती से जुड़े सभी अपडेट और सूचनाओं के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही नजर रखें। किसी तकनीकी त्रुटि की स्थिति में बोर्ड का निर्णय अंतिम और मान्य होगा।

Leave a comment