भाई के सामने गंगा में कूदा युवक, तीन घंटे की तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग।

तेज बहाव के बीच एनडीआरएफ और गोताखोरों ने घंटा जारी रखी तलाश।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल से एक बेहद चिंताजनक और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मानसिक रूप से बीमार बताए जा रहे एक युवक ने राजघाट गंगा पुल से अचानक गंगा में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे गुन्नौर तहसील के बबराला थाना क्षेत्र स्थित राजघाट गंगा पुल पर हुई। छलांग लगाने वाले युवक की पहचान 20 वर्षीय अरविंद पुत्र दुबे के रूप में हुई है, जो धनारी थाना क्षेत्र के भकरौली गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि अरविंद अपने भाई अमित के साथ राजघाट गंगा आया था। भाई अमित के अनुसार, अरविंद गंगा में स्नान करने की जिद कर रहा था। इसी दौरान अमित खाने के लिए कुछ देर रुका, तभी अरविंद अचानक पुल की तरफ बढ़ गया और देखते ही देखते गंगा में छलांग लगा दी। अमित ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब तीन घंटे तक गंगा में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। गंगा में तेज बहाव रेस्क्यू टीम के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि युवक पानी के तेज बहाव में काफी दूर तक बह गया हो।

एहतियातन कई स्थानों पर जाल लगाए गए हैं। अंधेरा बढ़ने के कारण रात करीब 8:30 बजे अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जिसे शुक्रवार सुबह 5 बजे से दोबारा शुरू किया जाएगा।
थाना प्रभारी नितेश सहरावत ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया था। वहीं परिजनों के अनुसार, अरविंद लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा था।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, जबकि परिवार अभी भी अरविंद के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठा है।

Leave a comment