रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंद पडी स्ट्रीट लाइटों से राहगीर परेशान।

शिकायतों के बाद भी नहीं जागा विभाग, हाईवे पर पसरा अंधेरा।

प्रवाह ब्यूरो
प्रयागराज। राष्ट्रीय रीवा राजमार्ग के जारी बाजार क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही हैं। रात होते ही पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा जाता है, जिससे सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभाग और कार्यदायी संस्था ने अब तक समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि हाईवे पर पर्याप्त रोशनी न होने के कारण वाहन चालकों को सड़क और डिवाइडर स्पष्ट दिखाई नहीं देते। इसके चलते कई बार राहगीर और वाहन चालक डिवाइडर से टकराकर घायल हो चुके हैं।

वहीं, सड़क पर बैठे गोवंश भी अंधेरे की वजह से समय रहते दिखाई नहीं देते, जिसके कारण दुर्घटनाएं होने के साथ उनकी मौत की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं और इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराने की मांग की है, ताकि सड़क पर आवागमन सुरक्षित हो सके और संभावित हादसों पर रोक लगाई जा सके।

■ प्रयागराज से प्रवाह संवाददाता की रिपोर्ट

Leave a comment