बार और प्रशासन के बीच समन्वय का संदेश, अधिवक्ताओं ने किया भव्य स्वागत।

◆ त्वरित न्याय और समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। गुरुवार को गुन्नौर तहसील में वार वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से नवागत अधिकारियों के सम्मान में एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवागत सिविल जज जूनियर डिवीजन अभिषेक कुमार, उपजिलाधिकारी विकास चन्द्र एवं तहसीलदार रवि सोनकर का अधिवक्ताओं द्वारा माला पहनाकर और गुलदस्ते भेंट कर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र यादव एडवोकेट एवं महासचिव सुरेश यादव ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान अधिवक्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल, आपसी सौहार्द और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

सिविल जज जूनियर डिवीजन अभिषेक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि न्यायपालिका का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि वादकारियों को समय पर न्याय मिले और न्यायिक प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने अधिवक्ताओं से भी न्यायिक कार्यों में सहयोग की अपेक्षा जताई।

वहीं उपजिलाधिकारी विकास चन्द्र ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि तहसील स्तर पर आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच समन्वय से आम जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकती हैं। तहसीलदार रवि सोनकर ने भी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए सहयोगात्मक कार्यशैली अपनाने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन भगवान सिंह यादव एडवोकेट ने किया। समारोह में धनेश चन्द्र एडवोकेट, मो. खालिक एडवोकेट, रामवीरेश यादव एडवोकेट, रागिब उल्ला एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला और सभी ने न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a comment