
◆ विधानसभा में ओजस्वी भाषण से जीता दिल, तालियों से गूंजा सदन।
◆ मिशन शक्ति की प्रेरणादायक मिसाल बनी संभल की उन्नति।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। उत्तर प्रदेश विधानसभा, लखनऊ में आयोजित विकसित भारत युवा संसद 2026 में संभल की बेटी उन्नति चौधरी ने अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा सदन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा ‘माई भारत’ अभियान के तहत आयोजित इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में प्रदेशभर से 300 चुनिंदा युवाओं ने भाग लिया, लेकिन संभल की उन्नति चौधरी ने अपने ओजस्वी भाषण से अलग पहचान बना ली।
राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और नेहरू युवा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय था— “केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर युवाओं की भूमिका”। कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने किया।
मयूर विहार कॉलोनी निवासी उन्नति चौधरी ने जब विधानसभा सदन में अपने विचार रखना शुरू किए, तो वहां मौजूद जूरी सदस्य, स्पीकर और अन्य गणमान्य लोग ध्यान से सिर्फ उन्नति को सुनते दिखे। आत्मविश्वास से भरे उनके भाषण ने ऐसा प्रभाव छोड़ा कि सदन तालियों की आवाज से गूंज उठा। उन्नति ने युवाओं की भूमिका, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत 2047 के विजन को बेहद प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया।
उन्नति की इस उपलब्धि पर संभल की नोडल अधिकारी डॉ. रीता सिंह और नेहरू युवा केंद्र मुरादाबाद मंडल के डिप्टी डायरेक्टर अंकित कुमार ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्नति मिशन शक्ति की मजबूत मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि भारत में उन्नति जैसी बेटियां अब हर मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और समाज को नई दिशा दे रही हैं।
अपनी सफलता पर उन्नति ने भावुक होते हुए इसका श्रेय अपनी मां नूतन चौधरी को दिया। उन्होंने कहा कि उनकी मां ने हमेशा मुश्किल परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं दादा शिव सिंह और भाई हृदय चौधरी ने इसे पूरे परिवार और संभल जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।
उन्नति चौधरी की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि छोटे शहरों की बेटियां भी बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। संभल की इस होनहार बेटी की उपलब्धि से जिले में खुशी और गर्व का माहौल बना हुआ है।