मानदेय और प्रोत्साहन राशि की मांग को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन।

◆ सीएमओ कार्यालय पहुंचीं आशा कार्यकर्ता, पांच मांगों के समाधान को लेकर सौंपा ज्ञापन।

महीनों से भुगतान लंबित, नाराज आशा और आशा संगिनियों ने जल्द भुगतान न मिलने पर दी आंदोलन की चेतावनी।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। जनपद में आशा और आशा संगिनी कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद कर दी है। आशा आशा संगिनी कर्मचारी संगठन, जनपद संभल के बैनर तले सोमवार को सीएमओ कार्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन धरने में बदल दिया जाएगा।
संगठन की जिला अध्यक्ष नीतू सिंह के नेतृत्व में आशा और आशा संगिनियां सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक सीएमओ कार्यालय परिसर में एकत्र रहीं। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी और चिकित्सा अधीक्षक को संबोधित ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि आशा और आशा संगिनियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि और अन्य मदों का भुगतान लंबे समय से लंबित है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने आरोप लगाया कि मार्च 2025 तक के कई भुगतान अभी तक जारी नहीं किए गए हैं, जबकि मार्च 2026 तक की धनराशि भी अटकी हुई है।

संगठन ने अपनी प्रमुख मांगों में कहा कि आशाओं को प्रतिमाह मिलने वाली 1000 रुपये की राशि का भुगतान मई 2025 से मई 2026 तक नहीं हो पाया है, जिसे तत्काल जारी किया जाए। इसके अलावा कई अन्य मदों का भुगतान एक वर्ष से लंबित बताया गया है। कर्मचारियों ने यह भी मांग उठाई कि भुगतान किस मद में और कितनी राशि का किया जा रहा है, इसकी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर मेहनताना नहीं मिल पा रहा है। इससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।
संगठन की पदाधिकारियों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष नीतू सिंह, जिला उपाध्यक्ष कविता चौधरी, जिला मंत्री कुसुम शर्मा, कोषाध्यक्ष सीमा रानी और जिला महामंत्री पूनम शर्मा सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a comment