
◆ सात फेरों के बाद साजिश! परिवार को स्प्रे द्वारा बेसुध कर फरार हुई दुल्हन।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में “लुटेरी दुल्हन” का बड़ा खेल सामने आया है। बहजोई कोतवाली क्षेत्र में शादी के सिर्फ 10 दिन बाद नवविवाहिता घर से नकदी और लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गई। पीड़ित परिवार ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए युवती और उसके परिजनों पर शादी के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाया है।
मामला बहजोई थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर खुर्द का है, जहां प्रिया शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके जेठ अवनीश शर्मा के लिए रिश्ते की तलाश चल रही थी। इसी दौरान मामा सुबोध के जरिए जिला बस्ती के थाना बनकटी क्षेत्र के गांव पिंकारपुर निवासी बाबूलाल ने अपनी भतीजी सुंदरी का रिश्ता कराया।
बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल को संतकबीरनगर जनपद के धनघटा क्षेत्र स्थित एक मंदिर में दोनों की शादी कराई गई। शादी में युवती के परिजन भी मौजूद रहे और पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न हुआ। परिवार को क्या पता था कि जिस बहू को वे घर ला रहे हैं, वही कुछ दिनों बाद पूरे परिवार को सदमे में छोड़ जाएगी।
पीड़ित परिवार के मुताबिक शादी के बाद से ही नवविवाहिता का व्यवहार सामान्य नहीं था। वह घंटों मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति से बातचीत करती रहती थी। जब भी परिवार वाले पूछते, वह हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देती थी।
आरोप है कि 11 मई की तड़के करीब चार बजे नवविवाहिता ने अपने पति समेत घर के अन्य सदस्यों पर बेहोशी वाला स्प्रे कर दिया। परिवार के लोग बेसुध हो गए और इसी मौके का फायदा उठाकर वह घर में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी, सोने का मंगलसूत्र, कंठी, झाले, चांदी की पायल समेत लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गई।
सुबह जब परिवार को होश आया तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और नवविवाहिता गायब थी। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष ने बहजोई कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक का कहना है कि मामले में तहरीर मिली है। शुरुआती जांच की जा रही है। जांच में यदि मामला लुटेरी दुल्हन गिरोह से जुड़ा पाया जाता है तो मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।