गंगा तट से गजरौला तक योग दिवस की धूम, हजारों ने किया योगाभ्यास।

घर-घर तक पहुंचा योग का संदेश, मोदी नेतृत्व की देन : राजीव तरारा।

प्रवाह ब्यूरो
अमरोहा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिलेभर में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। तिगरी स्थित गंगा तट पर जिला प्रशासन एवं नमामि गंगे की ओर से आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में मंडी धनौरा विधायक राजीव तरारा भी शामिल हुए। विधायक ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया तथा लोगों को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक राजीव तरारा ने कहा कि भारत ने हमेशा दुनिया को नई दिशा दी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज घर-घर तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि लोग स्वास्थ्य के प्रति पहले से अधिक जागरूक हुए हैं और अब पार्कों व खेल मैदानों में नियमित रूप से योग कर रहे हैं। उन्होंने सभी से स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
इस अवसर पर विभिन्न निजी स्कूलों के छात्र-छात्राएं, तिगरी क्षेत्र के ग्रामीणों सहित शिक्षक जयवीर सिंह, डॉ. पृथ्वी सिंह, जोगेंद्र सिंह, रेखा रानी, निहार त्यागी, संजय सिंह गौर, कुलवंत सिंह और सचिन चौधरी समेत कई लोग मौजूद रहे।
वहीं भाजपा मंडल की ओर से भी योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सत्यपाल सिंह पाल, विनोद गुर्जर, मनमोहन सैन और नवीन गर्ग समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। विधायक राजीव तरारा ने यहां भी लंबे समय तक योगाभ्यास किया।
उधर नगर पालिका द्वारा अवंतिका पार्क में आयोजित कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष राजेंद्री उर्फ उमा देवी, पूर्व विधायक हरपाल सिंह तथा पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक योग किया।
इसके अतिरिक्त तिगरी गंगा तट पर आयोजित प्रशासनिक कार्यक्रम में एसडीएम धनौरा शैलेष दूबे, तहसीलदार मूसा राम थारू, बीडीओ लोकचंद आनंद और एडीओ पंचायत सतेंद्र सिंह ने भी योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक नौबहार सिंह ने उपस्थित लोगों को योग कराया।

Leave a comment