
◆ कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों के लिए सराहे गए स्थानांतरित अधिकारी, विदाई समारोह में गूंजे प्रशंसा के स्वर।
◆ सीओ असमोली, गुन्नौर व चन्दौसी को एसपी ने स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। जनपद में अपनी सेवाओं के दौरान उत्कृष्ट कार्यों और कुशल नेतृत्व के लिए पहचान बनाने वाले तीन क्षेत्राधिकारियों को उनके गैर जनपद स्थानांतरण के अवसर पर गरिमामय विदाई दी गई। पुलिस विभाग की ओर से आयोजित समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

विदाई समारोह में क्षेत्राधिकारी असमोली डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी गुन्नौर आलोक सिद्धू तथा क्षेत्राधिकारी चन्दौसी दीपक कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) कुलदीप सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्थानांतरित अधिकारियों के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण तथा जनसामान्य के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अधिकारियों ने उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्थानांतरित क्षेत्राधिकारियों के साथ बिताए गए अनुभव साझा किए तथा उनके आगामी दायित्वों के सफल निर्वहन की कामना की। अंत में सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।