ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम।

◆ पूरा मामला बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पाठकपुर का है।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। सम्भल जनपद के बहजोई कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम पाठकपुर में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पाठकपुर निवासी पूरन शर्मा (32) पुत्र गाटु शर्मा रविवार शाम बहजोई स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे से गुजर रही रेलवे लाइन के पास मौजूद थे। इसी दौरान वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। वहीं सूचना पाकर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां मृतक की हालत देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक पूरन शर्मा मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, उनकी मौत से गांव में गहरा दु:ख व्याप्त है।
सूचना मिलने पर बहजोई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment