
◆ संचार साथी पोर्टल से खुलासा: लाखों संदिग्ध मोबाइल नंबर जांच के दायरे में।
प्रवाह ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में बढ़ते साइबर अपराध और आर्थिक धोखाधड़ी पर रोक लगाने के लिए दूरसंचार कंपनियां और केंद्रीय एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इसी क्रम में अब तक देशभर में 1.96 करोड़ ऐसे सिम कार्ड नंबर बंद किए जा चुके हैं, जिनके संबंध में लोगों ने शिकायत की थी कि ये नंबर उनके नाम पर जारी किए गए हैं, जबकि वे उनका उपयोग नहीं कर रहे थे।
सरकार ने मई 2023 से संचार साथी पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। इस पोर्टल पर ग्राहक अपने आधार नंबर की मदद से यह देख सकते हैं कि उनके नाम पर कितने मोबाइल नंबर संचालित हो रहे हैं। साथ ही, यदि कोई नंबर उनके आधार पर पहले जारी हुआ हो लेकिन अब उसका उपयोग नहीं हो रहा हो, तो उसकी शिकायत भी दर्ज कर सकते हैं।
देश के 22 टेलीकॉम सर्किलों में अब तक सिम कार्ड से संबंधित 3.78 करोड़ से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं। इनमें से 3.57 करोड़ शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 22.87 लाख से अधिक मामलों की जांच अभी जारी है। जांच के आधार पर 1.96 करोड़ सिम कार्ड नंबर बंद किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक मोबाइल नंबर जांच के दायरे में हैं। यूपी के दोनों टेलीकॉम सर्किल (पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश) में सबसे अधिक सिम कार्ड बंद किए गए हैं। वर्तमान में राज्य में 4.39 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों की जांच चल रही है। इन मामलों में ग्राहकों ने शिकायत की है कि संबंधित नंबर उनके नाम पर चल रहे हैं, जबकि वे उनका उपयोग नहीं कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में देशभर में शिकायतों की संख्या में कमी आई है। इसका मुख्य कारण सभी मोबाइल नंबरों के लिए केवाईसी प्रक्रिया को और अधिक सख्ती से लागू किया जाना है।