
◆ न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर ब्राह्मण समाज, प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
प्रवाह ब्यूरो
संभल। बिहार के आरा में भरत तिवारी की हत्या के विरोध में जनपद संभल में ब्राह्मण समाज के लोगों ने सोमवार को जोरदार विरोध दर्ज कराया। ब्राह्मण शक्ति संघ के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति और बिहार सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा तथा मामले में उच्च स्तरीय न्यायिक जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक मिश्रा ने कहा कि भरत तिवारी की हत्या ने पूरे ब्राह्मण समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद प्रशासन का रवैया पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनशील नहीं रहा और परिवार व ग्रामीणों पर कार्रवाई की कोशिश की जा रही है।
ज्ञापन में ब्राह्मण समाज ने प्रशासन के सामने कई प्रमुख मांगें रखीं। संगठन ने मामले की समयबद्ध और उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने, नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर दोषियों को कठोर सजा देने, मृतक परिवार को सरकारी नौकरी व ₹2 करोड़ की आर्थिक सहायता तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
ब्राह्मण शक्ति संघ ने कहा कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई और दोषियों को संरक्षण मिला, तो समाज बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगा।
इस दौरान समाज के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।