◆ भावुक हुए रामगोपाल यादव, बोले— ‘पिता की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता, हम हमेशा साथ हैं।
◆ बोले— ‘ब्रजेश यादव में दिखती है ओमकार सिंह की छवि।
प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने पूर्व मंत्री स्वर्गीय ओमकार सिंह यादव के निधन के बाद उनके पैतृक गांव पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान दोनों नेताओं ने विधायक ब्रजेश यादव के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया और हर कदम पर साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
प्रो. रामगोपाल यादव ने भावुक शब्दों में कहा कि “पिता का स्थान दुनिया में कोई नहीं ले सकता, लेकिन हमारा स्नेह और आशीर्वाद हमेशा ब्रजेश यादव के साथ रहेगा।” उन्होंने कहा कि समाजवादी परिवार स्वर्गीय ओमकार सिंह यादव के योगदान को कभी नहीं भूल सकता।
पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने विधायक ब्रजेश यादव की सराहना करते हुए कहा कि उनमें अपने पिता स्वर्गीय ओमकार सिंह यादव की स्पष्ट छवि दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि जिस समर्पण और निष्ठा के साथ ओमकार सिंह यादव समाज और पार्टी की सेवा करते थे, उसी भावना के साथ आज ब्रजेश यादव भी जनता के बीच सक्रिय रहकर समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने ब्रजेश यादव को पार्टी का मजबूत और संघर्षशील सिपाही बताया।
बैठक के दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ विधायक ब्रजेश यादव के साथ खड़ी है और आगामी चुनाव में उन्हें पुनः भारी मतों से विजयी बनाने के लिए संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ जुटेगा।
दोनों नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय ओमकार सिंह यादव की राजनीतिक विरासत और जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब ब्रजेश यादव के कंधों पर है और समाजवादी परिवार इस यात्रा में उन्हें कभी अकेला महसूस नहीं होने देगा।
इस अवसर पर मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी स्वर्गीय ओमकार सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विधायक ब्रजेश यादव के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। जहां पूरा माहौल भावुकता, आत्मीयता और संगठनात्मक एकजुटता का प्रतीक बना रहा।
