◆ बच्चों को 300 से 500 रुपये देकर कराते थे मोबाइल चोरी, अलीगढ़ से संभल तक फैला था इनका नेटवर्क।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। शनिवार को गुन्नौर कोतवाली पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 42 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और चोरी किया गया एक आधार कार्ड बरामद किया है। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी के निर्देश पर जनपद में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी गुन्नौर के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में गुन्नौर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।

पुलिस ने बबराला की ओर जाने वाले मार्ग पर बंद पड़े जीतू सर्विस स्टेशन के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और एक बाल अपचारी को पकड़ लिया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, आरोपी बिहार और झारखंड से छोटे बच्चों को अपने साथ लाकर शहरों में किराये के मकानों में रखते थे। आरोप है कि वे बच्चों से बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल फोन चोरी करवाते थे। इसके बदले बच्चों को प्रत्येक मोबाइल चोरी करने पर 300 से 500 रुपये तक दिए जाते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलीगढ़ में रहकर अलीगढ़ और आसपास के जनपदों में सक्रिय थे। वे हाथरस, कासगंज, एटा और संभल के बाजारों में भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल फोन चोरी करवाते थे। चोरी किए गए मोबाइलों को दिल्ली में फुटपाथ पर लगने वाले बाजारों में ग्राहकों को बेचकर धन अर्जित किया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के कुल 42 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें वीवो के 9, ओप्पो के 7, सैमसंग के 7, रियलमी के 4, मोटोरोला के 4, रेडमी के 4, वनप्लस के 3 तथा टेक्नो, लावा, आईटेल और पोको का एक-एक मोबाइल शामिल है। इसके अलावा एक चोरी किया गया आधार कार्ड भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कुमार महतो पुत्र स्वर्गीय बनारसी महतो, सुरंजन कुमार शाह पुत्र सुनील कुमार शाह और करन कुमार पुत्र अशोक चौधरी शामिल हैं। तीनों के पते झारखंड के साहेबगंज जनपद से संबंधित बताए गए हैं। पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, आरोपियों की उम्र क्रमशः करीब 34, 22 और 19 वर्ष है। इनके साथ पकड़े गए बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि उक्त प्रकरण में कोतवाली गुन्नौर में मुकदमा अपराध संख्या 249/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 35/106 में कार्रवाई की गई है। बरामद 42 एंड्राइड मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है।
