◆ बोले- संभल में अब किसी तुर्क की तुरकई नहीं बल्कि हरिहर मंदिर का आदेश चलेगा।
◆ 145 फीट गणेश प्रतिमा व 51 श्रीराम प्रतिमा का भी किया वर्चुअल अनावरण।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को संभल की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को नई उड़ान देते हुए जनपद को ₹568.989 करोड़ की 66 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ चंदौसी में स्थापित भगवान श्रीगणेश की 145 फीट ऊंची तथा भगवान श्रीराम की 51 फीट ऊंची भव्य प्रतिमाओं का वर्चुअल अनावरण किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग का विकास संभल को राष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “संभल की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए इसे विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। आने वाले समय में संभल पूरे देश के लिए एक आदर्श धार्मिक एवं पर्यटन मॉडल बनेगा।”
अब यहां किसी तुर्क की तुरकई नहीं बल्कि हरिहर मंदिर का आदेश चलेगा।
इंटीग्रेटेड मुख्यालय भवन परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मौलश्री का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसके बाद उन्होंने ‘विकसित उत्तर प्रदेश–समर्थ उत्तर प्रदेश 2047’ थीम पर आधारित संभल विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
पर्यटन विभाग द्वारा जनपद के 68 प्राचीन तीर्थों, 19 महाकूपों और 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग पर प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रदर्शनी और मॉडल ने मुख्यमंत्री का विशेष ध्यान आकर्षित किया। वहीं पुरातत्व विभाग की प्राचीन धरोहरों की प्रदर्शनी का भी उन्होंने गहन अवलोकन किया।
इस दौरान मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मुख्यमंत्री को भगवान हरिहर की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने तहसील संभल के मुकर्रवपुर गांव में अवैध कब्जा हटने के बाद मुक्त हुई 5 बीघा सरकारी भूमि पर आठ भूमिहीन परिवारों को पट्टे वितरित किए।

विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी मंच से सम्मानित किया गया। कृषि विभाग की योजना के अंतर्गत राहुल शर्मा को ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्र सौंपे गए। हरमुख देवी को श्रम विभाग की योजना के तहत ₹2.25 लाख की आर्थिक सहायता का डेमो चेक मिला। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत प्रिंटिंग प्रेस स्थापना के लिए ₹5 लाख तथा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत सीमा रानी को ₹5 लाख तक के निःशुल्क उपचार का लाभ प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने मेंथा किसानों के हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जिससे संभल के किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
महिलाओं की सुरक्षा पर मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि “बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा कोई स्थान नहीं है।” उन्होंने कहा कि सुरक्षा से सुशासन और सुशासन से निवेश आता है, और निवेश से रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी, प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, एमएलसी सत्यपाल सिंह सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष चौधरी हरेन्द्र सिंह ‘रिंकू’, पूर्व विधायक राजू यादव, पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री मंजू दिलेर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
