
◆ डॉग स्क्वायड से मिले सुराग, 45 घंटे बाद आरोपी गिरफ्तार।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में 6 साल की मासूम बच्ची से कथित दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और फिलहाल उसका सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह मामला जनपद संभल की गुन्नौर तहसील के बबराला थाना क्षेत्र का है। रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि बबराला-रजपुरा मार्ग पर गांव नगरिया कई के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीड़िता के गांव निवासी संदीप पुत्र हरस्वरूप के रूप में हुई है। घटना के बाद से आरोपी घर पर ताला लगाकर फरार था। उसकी तलाश के लिए डॉग स्क्वायड की मदद ली गई थी, जिसने करीब 45 घंटे बाद आरोपी के घर तक पहुंचने में अहम सुराग दिए थे।
मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार रावत और सीओ गुन्नौर अंकित मिश्रा मौके पर पहुंचे और अस्पताल में आरोपी से पूछताछ की।

जानकारी के अनुसार, 6 वर्षीय बच्ची गुरुवार शाम करीब 5 बजे घर से खेलने निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब दो घंटे बाद बच्ची घर से लगभग 200 मीटर दूर एक तालाब के किनारे बेहोशी की हालत में मिली।
परिजन तुरंत बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दुष्कर्म की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
बताया जा रहा है कि बच्ची शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे घर लौट आई, लेकिन अभी भी सदमे में है और किसी से बातचीत आदि भी नहीं कर रही है।
एएसपी (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी भागने की कोशिश में है। चेकिंग के दौरान रोके जाने पर उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, एक खोखा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।