
◆ तीसरी बार मंत्री बनने पर भूपेंद्र चौधरी के घर बधाई देने वालों का तांता।
प्रवाह ब्यूरो
मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र चौधरी के तीसरी बार मंत्री पद की शपथ लेते ही मुरादाबाद में उत्साह का माहौल बन गया। भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए जमकर जश्न मनाया। भाजपा कार्यालय से लेकर उनके आवास तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
भाजपा कार्यालय पर जुटे कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी और ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर नृत्य किया। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और “भूपेंद्र चौधरी जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा। कई कार्यकर्ता देर रात ही लखनऊ पहुंच गए थे, जहां उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह के बाद भूपेंद्र चौधरी को शुभकामनाएं दीं।
मंत्री पद की शपथ लेने के बाद उनके आवास पर सुबह से ही शुभचिंतकों का आना-जाना लगा रहा। लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और सफल कार्यकाल की कामना की। समर्थकों का कहना है कि भूपेंद्र चौधरी के मंत्री बनने से क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और संगठन को भी मजबूती मिलेगी।
भूपेंद्र चौधरी मूल रूप से मुरादाबाद जनपद के छजलैट थाना क्षेत्र स्थित महेंद्री सिकंदरपुर गांव के निवासी हैं। संगठन और सरकार दोनों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। वर्ष 2017 में योगी सरकार के पहले कार्यकाल में उन्हें पंचायती राज और लोक निर्माण विभाग (PWD) की जिम्मेदारी मिली थी। इसके बाद योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में भी उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली। बाद में पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया।
अब तीसरी बार मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। स्थानीय नेताओं का कहना है कि भूपेंद्र चौधरी के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ प्रदेश को लगातार मिलता रहेगा।