यूपी पुलिस का वो अफसर, जिसके नाम से कांपते हैं अपराधी; अब वेब सीरीज में दिखेगी कहानी।

◆ अखाड़े से खाकी तक: अर्जुन अवार्डी अनुज चौधरी की संघर्षगाथा देगी प्रेरणा।

मैदान में मेडल और खाकी में मिशन, अनुज चौधरी के जीवन का हर रंग आएगा नजर।

प्रवाह ब्यूरो
फिरोजाबाद। ओलंपियन पहलवान से लेकर यूपी पुलिस के दबंग अफसर तक का सफर तय करने वाले एएसपी अनुज चौधरी अब बड़े पर्दे पर नजर आ सकते हैं। उनके जीवन पर फिल्म या वेब सीरीज बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। कई नामी प्रोडक्शन हाउस उनके संघर्ष, खेल उपलब्धियों और खाकी में निभाई जा रही जिम्मेदारियों की कहानी को स्क्रीन पर उतारने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
फिरोजाबाद में एएसपी देहात के पद पर तैनात अनुज चौधरी अपनी सख्त कार्यशैली, फिटनेस और बेबाक अंदाज के चलते लगातार चर्चा में बने रहते हैं। संभल में सीओ रहते हुए उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाइयों से सुर्खियां बटोरी थीं। जिसके बाद ही योगी सरकार ने उन्हें पुलिस क्षेत्राधिकारी से प्रोन्नत करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया था।

यही वजह है कि अब उनका जीवन फिल्म निर्माताओं को भी आकर्षित कर रहा है।
मुजफ्फरनगर के बझेड़ी गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले अनुज चौधरी ने बेहद साधारण माहौल से अपनी शुरुआत की थी। गांव के अखाड़े से कुश्ती सीखते हुए उन्होंने देश के लिए कई बड़े मंचों पर शानदार प्रदर्शन किया। वर्ष 2004 के एथेंस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले अनुज चौधरी ने कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाई प्रतियोगिताओं में भी कई पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। लंबे समय तक राष्ट्रीय चैंपियन रहने वाले अनुज को खेल जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
खेल कोटे से यूपी पुलिस में शामिल होने के बाद अनुज चौधरी ने अपनी अलग पहचान बनाई। अपराध और माफियाओं के खिलाफ सख्त रवैये के कारण उनकी छवि एक निर्भीक और दबंग पुलिस अधिकारी की बन गई। सोशल मीडिया पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है, जहां युवा उनकी फिटनेस और अनुशासन को काफी पसंद करते हैं।
सूत्रों के मुताबिक कई निर्माता उनके जीवन पर आधारित स्क्रिप्ट तैयार कर रहे हैं। जहां कहानी में एक गांव के पहलवान से ओलंपियन बनने और फिर खाकी पहनकर अपराध के खिलाफ मोर्चा संभालने तक के पूरे सफर को दिखाया जायेगा।

Leave a comment