संभल में बाबा गैंग का भंडाफोड़, पुलिस ने 6 आरोपियों को पकड़ा।

◆ तमंचा और बोलेरो के साथ आरोपी गिरफ्तार, रंगदारी मांगने का आरोप।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। शुक्रवार को संभल पुलिस को बड़ी सफलता मिली जहां पुलिस ने रंगदारी और धमकी देकर दहशत फैलाने वाले तथाकथित बाबा गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार जेल भेज दिया है। सर्विलांस, एसओजी और थाना जुनावई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को दबोचा गया।
आरोपियों पर एक ग्रामीण से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और एक बोलेरो वाहन भी बरामद किया है।
शुक्रवार को पुलिस लाइन बहजोई में आयोजित प्रेसवार्ता में एएसपी दक्षिणी मनोज रावत ने बाबा गैंग मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गुन्नौर सर्किल की थाना जुनावई पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 6 मई को थाना जुनावई क्षेत्र के दफ्तरा हिमचल गांव निवासी रामपाल पुत्र भूदेव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बाबा गैंग के सदस्यों ने उनसे एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अंकित, अवधेश और 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
गिरफ्तार आरोपियों में अंकित उर्फ दीपेंद्र पुत्र राकेश उर्फ जयवीर निवासी दबथरा हरलाल, अवधेश उर्फ उपदेश कुमार पुत्र मुकेश निवासी अजीजपुर, सुरेंद्र पुत्र सरवन निवासी नगला डुमैल थाना जुनावई, प्रिंस पुत्र दिनेश शर्मा, कुलदीप जडेजा पुत्र बाबूराम निवासी यादव कॉलोनी तथा अमन शर्मा पुत्र मनोज शर्मा निवासी बिजलीघर थाना बहजोई शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बाबा गैंग के सदस्य हैं और उनके गिरोह में 25 से 30 लोग सक्रिय हैं। गैंग के सदस्य व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे। आरोपी लोगों को डराकर और धमकाकर रंगदारी वसूलते थे और उसी पैसे से अपने शौक व मौज-मस्ती पूरी करते थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं। इलाके में उनका खौफ होने के कारण लोग शिकायत करने से बचते थे। आरोपियों ने रामपाल को डराने के लिए हवाई फायरिंग भी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा और बोलेरो वाहन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अंकित और अमन पर चार-चार, अवधेश और प्रिंस पर पांच-पांच, कुलदीप पर तीन तथा सुरेंद्र पर दो आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
उक्त संबंध में एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार रावत ने बताया कि 3 मई को रामलाल नामक व्यक्ति को अंकित, अवधेश और उनके साथियों ने रास्ते में रोक लिया था। आरोपियों ने उससे एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।

Leave a comment