Home » सीएम योगी को प्रतिमाएं भेंट करने की अनूठी पहल, गुन्नौर से लखनऊ ठेले पर मूर्ति रखकर पैदल रवाना हुए भाजपा नेता।

सीएम योगी को प्रतिमाएं भेंट करने की अनूठी पहल, गुन्नौर से लखनऊ ठेले पर मूर्ति रखकर पैदल रवाना हुए भाजपा नेता।

◆ धनारी से शुरू हुई पदयात्रा ने पकड़ी लखनऊ की राह, डीजे की धुन पर गूंजे जयकारे, ग्रामीण और कार्यकर्ताओं ने बढ़ाया उत्साह।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। गुन्नौर तहसील क्षेत्र में मंगलवार को उस समय लोगों की निगाहें ठहर गईं, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिमाओं को ठेली पर सजाकर दो भाजपा नेता लखनऊ के लिए पैदल रवाना हुए। प्रतिमाओं के साथ भगवान श्रीराम और संकटमोचन हनुमान जी की तस्वीरें भी रखी गई थीं। डीजे की धुन, जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारों के बीच शुरू हुई यह पदयात्रा क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई।
गुन्नौर क्षेत्र के दिवंगत नेता गुलफाम सिंह यादव के पुत्र एवं जुनावई के पूर्व ब्लॉक प्रमुख तथा भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिव्य प्रकाश यादव और ग्राम हिम्मतपुर, थाना धनारी निवासी अमर सिंह यादव के पुत्र बिजेंद्र सिंह यादव ने मंगलवार दोपहर अपने गांव से इस पदयात्रा की शुरुआत की। दोनों नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिमाओं को ठेली पर लेकर पैदल लखनऊ के लिए रवाना हुए।

फोटो-2

पदयात्रा शुरू होते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। डीजे की धुनों के बीच कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारे लगाए। प्रतिमाओं के साथ निकली यह यात्रा राहगीरों और ग्रामीणों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनी रही। यात्रा के आयोजकों के अनुसार, इस पदयात्रा का उद्देश्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करना और लखनऊ पहुंचकर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिमाएं सप्रेम भेंट करना है।
धनारी क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर से शुरू हुई पदयात्रा बदायूं जिले की ओर आगे बढ़ी। यात्रा का निर्धारित मार्ग बिसौली-इस्लामनगर, बिल्सी और बदायूं होते हुए लखनऊ की ओर बताया गया है। लंबी दूरी की इस यात्रा को लेकर समर्थकों और ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
पदयात्रा के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धनारी थाना पुलिस भी मुस्तैद रही। चौकी प्रभारी विकास यादव और कांस्टेबल योगेश पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की मौजूदगी में यात्रा को निर्धारित मार्ग से आगे रवाना किया गया।

फोटो-3

इस अवसर पर दिव्य प्रकाश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रेरित होकर उन्होंने यह पदयात्रा निकालने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि लखनऊ पहुंचकर दोनों नेताओं की प्रतिमाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट की जाएंगी।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्रतिमाओं को लेकर गांव से लखनऊ तक पैदल निकली यह यात्रा गुन्नौर क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *