Home » संभल में भारी बारिश और जलभराव के चलते, डीएम के निर्देश पर 28 सितंबर को शैक्षणिक अवकाश।

संभल में भारी बारिश और जलभराव के चलते, डीएम के निर्देश पर 28 सितंबर को शैक्षणिक अवकाश।

◆ बीएसए ने प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के दिए निर्देश।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और जगह-जगह जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर 28 सितंबर को जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। अवकाश का आदेश नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक संचालित सभी विद्यालयों पर लागू रहेगा।
शनिवार और रविवार को हुई बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। लगातार बारिश के चलते सड़कें और निचले इलाकों में पानी भरने से आम लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम की स्थिति और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों को एक दिन के लिए बंद रखने का फैसला किया है।

फोटो-2

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने बताया कि रविवार शाम करीब 7:30 बजे जिलाधिकारी के निर्देश प्राप्त होने के बाद 28 सितंबर के लिए अवकाश घोषित किया गया। आदेश के तहत जिले के समस्त परिषदीय प्राथमिक विद्यालय, कंपोजिट विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सभी बोर्ड के स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।
अवकाश का निर्णय जिले में बारिश की स्थिति और संभावित जलभराव को देखते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय से जुड़े अन्य लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।
बीएसए ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, प्रधानाचार्यों एवं प्रबंध समितियों को निर्देश दिए हैं कि अवकाश संबंधी आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्यालय स्तर से आदेश की सूचना तत्काल शिक्षकों, अभिभावकों और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *