◆ छात्रों को सेवा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ने पर दिया जोर।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी तथा राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। इसी क्रम में मंगलवार को केपीएस इंटर कॉलेज कल्हा परिसर में “सेवा और समर्पण के 25 वर्ष एवं विकसित भारत की संकल्पना” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय परिवार की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण छात्र-छात्राओं के बीच आयोजित भाषण प्रतियोगिता रही। विद्यार्थियों ने विकसित भारत के निर्माण, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखे। मंच पर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और विचारों की उपस्थित लोगों ने सराहना की। विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से कहा कि विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में युवा शक्ति की अहम भूमिका है।

शिक्षा के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता को जीवन का हिस्सा बनाकर विद्यार्थी भी देश के विकास में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।

भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि अजीत कुमार उर्फ राजू यादव ने उपहार एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के साथ मेहनत, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें समाज के प्रति सेवा और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। सामूहिक सहभागिता और सेवा भाव के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य अरुण यादव ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने और उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी देश के भविष्य के निर्माता हैं।

उनके ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और प्रतिभा को उचित दिशा देकर विकसित भारत के संकल्प को मजबूती दी जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और राष्ट्रभावना का माहौल रहा। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
