◆ मिठाई की आड़ में नहीं चलेगा खेल, नियम तोड़ने वालों पर विभाग की पैनी नजर।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। त्यौहारों के सीजन में मिठाई खरीदने वाले ग्राहकों के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। अब ग्राहकों को मिठाई की ताजगी और उसकी उपयोग अवधि जानने के लिए दुकानदार से पूछताछ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 15 अक्टूबर से खुली मिठाइयों की ट्रे और डिब्बों पर ‘यूज बाय डेट’ स्पष्ट रूप से लिखना अनिवार्य होगा।
नई व्यवस्था के तहत मिठाई विक्रेताओं को अलग-अलग प्रकार की मिठाइयों के सामने उनकी उपयोग की अंतिम तारीख स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी होगी। इसके साथ ही पैकिंग वाले डिब्बों पर भी मिठाई के निर्माण की तारीख और उसके इस्तेमाल की समय-सीमा अंकित करनी होगी। जानकारी ऐसी जगह लिखनी होगी, जहां ग्राहक उसे आसानी से देख और पढ़ सकें।
त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग कई गुना बढ़ जाती है और बड़ी मात्रा में खुली मिठाइयां भी बेची जाती हैं। ऐसे में कई बार ग्राहकों को यह पता नहीं चल पाता कि मिठाई कब तैयार की गई थी और वह कितने समय तक खाने योग्य है। नई व्यवस्था के बाद ग्राहक यूज बाय डेट देखकर अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार मिठाई खरीदने का निर्णय ले सकेंगे।

खाद्य सुरक्षा विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से ग्राहकों को मिठाई की उपयोग अवधि की स्पष्ट जानकारी मिलेगी और बासी अथवा लंबे समय से रखी मिठाइयों की बिक्री पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
विभागीय निर्देशों के अनुसार दुकानदारों को मिठाई के डिब्बों पर भी आवश्यक विवरण अंकित करना होगा। इससे ग्राहक मिठाई खरीदने के बाद भी उसकी निर्माण तिथि और उपयोग अवधि की जानकारी रख सकेंगे। विभाग ने जिले के मिठाई विक्रेताओं को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य मानवेंद्र सिंह के अनुसार, बासी और एक्सपायरी मिठाइयों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए दुकानदारों को मिठाइयों के सामने यूज बाय डेट स्पष्ट रूप से लिखनी होगी। यह नियम 15 अक्टूबर से लागू होगा और इसका कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
अब तक मिठाई की ताजगी या उसे खाने की अवधि जानने के लिए ग्राहकों को मुख्य रूप से दुकानदार की मौखिक जानकारी पर निर्भर रहना पड़ता था। नई व्यवस्था के बाद महत्वपूर्ण जानकारी लिखित रूप में ग्राहक के सामने उपलब्ध होगी, जिससे खरीदारी में पारदर्शिता बढ़ेगी और ग्राहक अधिक जागरूक होकर मिठाई खरीद सकेंगे।
