◆ आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर घटित हुआ वीभत्स मंजर, टेंपो के उड़े परखच्चे; चालक अंदर फंसा, छ: लोग गंभीर घायल।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जिले में रविवार को आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम भाई-बहन समेत छ: लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बालू से लदे बेकाबू डंपर ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टेंपो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। वहीं डंपर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर क्षत-विक्षत शव पड़े देखकर लोगों में हड़कंप मच गया।

हादसा जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर बहजोई थाना क्षेत्र में बम्नेटा गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो अपनी लेन में जा रहा था। इसी दौरान उसके आगे चल रहे ई-रिक्शा चालक ने अचानक वाहन को दूसरी लेन की ओर मोड़ते हुए यू-टर्न लेने का प्रयास किया। इसी बीच सामने से आ रहा बालू लदा डंपर अनियंत्रित हो गया। ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में डंपर टेंपो से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो उछलकर करीब दस फीट दूर जा गिरा।
दुर्घटना के बाद मौके पर भयावह दृश्य था। टक्कर की चपेट में आने से टेंपो सवार रूवैद की मौके पर ही मौत हो गई और उसका सिर शरीर से अलग हो गया। टेंपो चालक सौदान पाल वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गया। हादसे की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर सड़क किनारे पहुंचाया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव अभियान चलाया। टेंपो में बुरी तरह फंसे चालक सौदान पाल को निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
बाद में एक हादसे में तीन महीने की मासूम आराध्या और छह वर्षीय ध्रुव की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। दोनों सगे भाई-बहन थे। इनके अलावा उनकी 20 वर्षीय मामी रोहिणी, टेंपो चालक 40 वर्षीय सौदान पाल और 30 वर्षीय रूवैद की भी जान चली गई।

पुलिस के अनुसार, बहजोई निवासी भावना (29) पत्नी तरुण अपने छह वर्षीय बेटे ध्रुव और तीन महीने की बेटी आराध्या के साथ चंदौसी जा रही थीं। उनके साथ उनके भाई पुनीत (22) और भाभी रोहिणी (20) भी थीं। पुनीत और रोहिणी बदायूं से अपनी बहन के घर आए हुए थे और परिवार के साथ शहर घूमने के लिए निकले थे। सभी लोग बहजोई से एक टेंपो में सवार हुए थे। टेंपो में पहले से बहजोई निवासी रूवैद (30), प्रशांत (24) और जड़वार निवासी रामपाल (35) बैठे हुए थे। टेंपो को बहजोई निवासी सौदान पाल चला रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, टेंपो के आगे सैमरी गांव निवासी बिट्टू (25) ई-रिक्शा लेकर चल रहा था। बम्नेटा गांव के पास बिट्टू ने अचानक ई-रिक्शा को दूसरी लेन की तरफ मोड़ दिया। इसी दौरान सामने से आ रहा डंपर अनियंत्रित हो गया। ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में डंपर ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी।
इसके बाद ई-रिक्शा भी डंपर की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद टेंपो काफी दूर जाकर गिरा। हादसे में रूवैद की मौत हो गई, जबकि चालक सौदान पाल टेंपो में ही फंस गए। पुलिस और राहतकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद टेंपो को काटकर उन्हें बाहर निकाला।

हादसे में मृत बच्चों की मां भावना और उनके मामा पुनीत की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा प्रशांत, रामपाल और ई-रिक्शा चालक बिट्टू भी घायल हुए हैं और उनका उपचार चल रहा है। घायलों की हालत को देखते हुए चिकित्सक लगातार निगरानी कर रहे हैं।

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त डंपर और टेंपो को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ई-रिक्शा चालक समेत प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हादसे के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। फरार डंपर चालक की तलाश भी की जा रही है। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों समेत पांच लोगों की मौत से बहजोई और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।
हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। प्रथम दृष्टया सामने आया है कि ऑटो रिक्शा के सामने अचानक किसी वाहन के आ जाने के कारण यह हादसा हुआ है। जिसमें अब तक छ: लोगों की मौत की सूचना है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
– विकास चंद्र त्रिपाठी – पुलिस अधीक्षक, संभल
