युवा प्रतिभाओं को मंच, संभल में अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़।

◆ ब्लॉक प्रमुख हनी यादव और प्रधान अध्यापिका लक्ष्मी रावत ने किया शुभारंभ।

◆ डीपी विद्यापीठ धनारी के प्रांगढ़ में जीनियस क्रिकेट एकेडमी ने दर्ज की पहली जीत।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के धनारी स्थित डीपी विद्यापीठ में अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया जिसका शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख हनी यादव और विद्यापीठ की प्रधान अध्यापिका लक्ष्मी रावत द्वारा संयुक्त रूप से किया गया जिसमें जीनियस क्रिकेट धनारी टीम ने 242 रन बनाते हुए विक्ट्री 11 वर्सेस को 57 रनों पर ही ढेर कर दिया ।
धनारी के डीपी विद्यापीठ में अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख हनी यादव व डीपी विद्यापीठ की प्रधान अध्यापक लक्ष्मी रावत के द्वारा किया गया। तत्पश्चात विक्ट्री 11 वर्सेस जीनियस क्रिकेट अकादमी धनारी के मध्य प्रथम मैच शुरू हुआ।

जिसमें जीनियस क्रिकेट अकादमी के कप्तान ललित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले खेलते हुए जीनियस क्रिकेट अकादमी ने 23.2 गेंद में 242 रन पर अपने सभी 10 विकेट गवा दिए। जिसमें बल्लेबाज शोभित यादव ने 82 रन अनिल यादव ने 41 व ललित शर्मा ने 26 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। विक्ट्री किंग 11 के गेंदबाज विवेकानंद ने तीन विकेट विवेक दीपक समीर ने एक-एक विकेट लिया।
243 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी विक्ट्री किंग 11 के बल्लेबाज मात्र 57 रनों पर धराशाई हो गए। जिसमें सावेज रिजवी ने 14 वह फैज ने 8 रनों का योगदान दिया।
जीनियस क्रिकेट अकादमी के गेंदबाज अंकित यादव ने पांच विकेट झटके वह मदन गोपाल ने दो जबकि ऋषित गबर व सचिन यादव ने एक-एक विकेट अपने नाम किया ।
82 रन की शानदार पारी खेलने पर शोभित यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश देखने को मिला और दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया।
जीनियस क्रिकेट अकादमी के इस अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 8 टीम में प्रतिभागित करेंगे। आयोजक अंकित गुप्ता ने बताया कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी क्षमता को निखार सकें। जहां प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों की भागीदारी से आगामी दिनों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
इस मौके पर रोहतास, मुकेश मानवी, अरविंद मोहित, अधिराज, नितेश, गौरीश, केशु, प्रखर, विनीत, अमन, दक्ष, सचिन, लालटेश भविष्य आदि लोग मौजूद रहे।

यूपी शिक्षा व्यवस्था में नया नियम: प्रार्थना के बाद अब न्यूज पेपर पढ़ना अनिवार्य।

छात्रों के बौद्धिक विकास की पहल, समसामयिक ज्ञान पर फोकस।

अपर मुख्य सचिव का पत्र जारी, रोजाना दस मिनट होगा समाचार वाचन।

आदेश के बाद कक्षा 6 से 12 तक के स्कूलों में अनिवार्य हुई अखबारों की उपलब्धता।

प्रवाह ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अब स्कूलों में नया नियम लागू कर दिया गया है। इस नियम के तहत अब सभी सरकारी एवं माध्यमिक स्कूलों में प्रार्थना के बाद अखबार पढ़ना अनिवार्य कर दिया है। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में छात्रों के बौद्धिक विकास और समसामयिक ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इसे लागू किया गया है। अब प्रदेश के स्कूलों में प्रार्थना सभा के बाद प्रतिदिन विद्यार्थियों को समाचार पत्र पढ़ना अनिवार्य होगा।
इस संबंध में अपर मुख्य सचिव पार्थ शर्मा द्वारा सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आदेश के अनुसार कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए रोजाना कम से कम दस मिनट का समाचार वाचन कराया जाएगा, जिससे छात्रों में पढ़ने की रुचि बढ़े और वे देश-दुनिया की गतिविधियों से अपडेट रहें।
नई व्यवस्था के तहत स्कूलों में हिंन्दी एवं अंग्रजी के अखबारों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना अनिवार्य किया गया है। शिक्षक छात्रों को महत्वपूर्ण खबरों की व्याख्या भी करेंगे, ताकि विद्यार्थी समाचारों को समझ सकें और उन पर विचार कर सकें।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से विद्यार्थियों की भाषा क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और सामान्य ज्ञान में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा। इसका उद्देश्य शिक्षा को बेहतर बनाना, पढ़ने की आदत को विकसित करने के साथ ही सामान्य ज्ञान को बेहतर करना है। छात्रों में पढ़ने की आदत विकसित करने, मोबाइल और स्क्रीन टाइम कम करने के साथ-साथ तार्किक और आलोचनात्मक सोच को मजबूत करने के उद्देश्य से अखबार पढ़ना अनिवार्य किया गया है। आदेश के अनुसार, स्कूलों में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं के अखबार उपलब्ध कराए जाएंगे और इन्हें स्कूल की दैनिक गतिविधियों का हिस्सा बनाया जाएगा।
बच्चों में लगातार बढ़ते स्क्रीन टाइम को कम करने के लिए यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है। स्कूलों में दोनों हिंदी और इंग्लिश भाषाओं के अखबार दिए जाएंगे। इस पहल के जरिये बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर, हर क्षेत्र से जोड़ना है।
यूपी बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बताया गया कि इस पहल से न सिर्फ बच्चों की वोकैबलरी मजबूत होगी बल्कि उन्हें रोजाना नए-नए शब्द सीखने का मौका मिलेगा।
विभाग की ओर से जारी नियम के अनुसार अब स्कूलों में हिंदी और इंग्लिश में न्यूज पेपर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका मतलब है कि सरकारी पैसे से ही अखबार खरीदे जाएंगे। पेपर पढ़ने के बाद से बच्चों से बड़ी खबरों के बारे में पूछा जाएगा। इसके साथ ही उन्हें 5 शब्द भी बताने होंगे, जो उन्होंने न्यूज पेपर से सीखे हैं।
जारी आदेश में इस बात का भी जिक्र है कि अखबारों में मौजूद सुडोकू, क्रॉसवर्ड और शब्द पहेलियां भी छात्रों की सोच को विकसित करेंगी और उन्हें तर्क करने में मदद करेगी। इससे उनके मन में कई सवाल पैदा होंगे। अपर मुख्य सचिव पार्थ शर्मा ने बताया कि अलग-अलग सब्जेक्ट के आर्टिकल को पढ़ने से छात्रों में आलोचनात्मक सोच विकसित होगी। जिससे वह सही व गलत खबर के बीच फर्क पहचान पाएंगे।

सौंधन में दशकों से खंडहर में तब्दील स्कूल की ईंटें चोरी करते ट्रैक्टर ट्राली पकड़ी।

कभी आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में था नामी स्कूल, दशकों से खंडहर में हुआ तब्दील।

ग्राम प्रधान पति ने चोरी करते पकड़ा, मौके पर पहुंची पुलिस, चालक फरार।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के कैला देवी थाना क्षेत्र के सौंधन में कई दशकों से बंद पड़े तथा खंडहर में बदले चमेली देवी जूनियर हाई स्कूल की ईंटों को सुबह के समय ट्रैक्टर ट्राली में भरकर चोरी करते हुए ग्राम प्रधान पति ने पकड़ लिया, जहां चालक मौके से फरार हो गया तथा ट्रैक्टर ट्राली को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
संभल तहसील क्षेत्र के सौंधन स्थित चमेली देवी जूनियर हाई स्कूल पहले क्षेत्र में एक प्रसिद्ध स्कूल के रूप में संचालित होता था, जो लगभग कई दशकों से खंडहर में तब्दील हो चुका है। ग्रामीण क्षेत्र में एक नामी स्कूल था जहां आसपास दर्जनों गांवों के सैकड़ों विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते थे। जो शिक्षा के क्षेत्र में एक मिसाल था। बताया जाता है कि सोंधन गांव निवासी ग्रामीण द्वारा शिक्षा को आगे बढ़ाने के लिए स्कूल के नाम अपनी जमीन दान में दी गई थी, उसके बाद समिति गठित कर विद्यालय संचालित कर दिया गया। जिसका नाम चमेली देवी जूनियर हाई स्कूल रखा गया। लगभग पिछले कई दशकों से जिसकी दीवारें भी जर्जर हो चुकी हैं। उसकी चार दिवारी भी धीरे-धीरे कुछ गांव के ही माफियाओं द्वारा खत्म कर दी गई।
गांव निवासी कुछ लोग चार दिवारी तथा कमरों की ईंटें उखाड़ कर अपने ट्रैक्टर ट्राली से ले जा रहे थे उसी समय स्कूल में ही ग्राम प्रधान पति ने अचानक उन्हें देख लिया और तुरंत सौंधन पुलिस चौकी को सूचना दी। ग्राम प्रधान पति अरविंद यादव ने जब इसके बारे में पूछा तो आरोपी फरार हो गए।
सूचना पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और ट्रैक्टर ट्राली को अपने कब्जे में लेकर चौकी ले आई। जानकारी के बाद पता चला कि ईंटें किसी धार्मिक स्थल पर ले जाई जा रही थीं।

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में संभल में प्रदर्शन।

◆ बबराला में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने प्रदर्शन कर फूंका पूतला।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में संभल में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका गया।
बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ किए जा रहे अत्याचार के विरोध में संभल में विश्व हिंदू परिषद तथा बजरंग दल द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है जहां हिंदुओं के साथ अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हुए उन्हें न्याय दिलाने की मांग की जा रही है साथ ही संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भी दिया जाता है।
बुधवार को भी संभल के बबराला में इंदिरा चौक पर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता और जिला मंत्री वेद प्रकाश तथा संयोजक विजेंद्र सिंह और बजरंग दल द्वारा उनके नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया, साथ ही अत्याचार करने वाले मोहम्मद यूनुस का पुतला फूंका गया।

जहां प्रदर्शन करने के दौरान जिला संयोजक विजेंद्र सिंह जिला धर्म प्रसार प्रमुख केशव भारद्वाज, डा. गौरव उन्मुक्त, देवानंद महाराज, बाबा बांके बिहारी दास, सोमनाथ योगी महाराज के अलावा नगर अध्यक्ष बबलू गुप्ता, महेंद्र वर्मा, गणेश, हरि बाबू, ओमप्रकाश शर्मा, मोनू, राजकुमार, रवि, रामौतार शर्मा, जोगिंदर आदि उपस्थित रहे।

संभल में शीतलहर का असर, नर्सरी से इंटर तक के स्कूलों में 2 दिन की छुट्टी।

कड़ाके की ठंड में बच्चों की सुरक्षा के हेतु जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश।

परीक्षाओं पर लागू नहीं होगा आदेश, शिक्षक व शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रह करेंगे अपने दायित्व का निर्वहन।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। जिले में लगातार बढ़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर के चलते आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। ठिठुरन भरी सर्दी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है।
जहां अत्यधिक कोहरे और शीतलहर के कारण बढ़ती ठंड के बीच संभल जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने जिले के सभी विद्यालयों में दो दिन का अवकाश और घोषित किया है। छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संभल जनपद में डीएम ने 23 और 24 दिसंबर को नर्सरी से कक्षा 12वीं तक संचालित सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही कहा गया है कि यह आदेश परीक्षाओं पर लागू नहीं होगा एवं इस अवधि में शिक्षक व शैक्षणिक कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश परीक्षाओं पर लागू नहीं होगा और परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। डीएम ने सभी शिक्षण संस्थानों को इन आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
संभल जिले में विगत एक सप्ताह से घना कोहरा और शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे पहले, 17 दिसंबर को डीएम के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूलों के समय में बदलाव करते हुए उन्हें सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित करने का आदेश दिया था।
जिले में घना कोहरा छाया हुआ है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था, जो रात में 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) भी लगातार बढ़ रहा है और यह लगभग 270 तक पहुंच गया है, जिसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है। ठंड और मौसम की ऐसी स्थिति को देखते हुए डीएम संभल द्वारा छात्रहित में यह निर्णय लिया गया है।

संभल में ‘मुस्कान कांड’ जैसी दरिंदगी ! रूबी ने पति राहुल को उतारा मौत के घाट।

प्रेमी के साथ मिलकर की अपने पति की हत्या, ग्लांइडर से काटा शव।

गर्दन व पैर को राजघाट गंगा तो बीच के हिस्से को दूसरे बैग में भरकर नाले में फेंका।

पत्नी रूबी और उसके प्रेमी को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की पहले हत्या की और फिर उसके शव को ग्लाइडर मशीन से काटकर गर्दन व हाथ पैर को अलग करके एक पिन्नी में लपेटकर बैग में भर लिया तथा दूसरे बैग में शव के अन्य अंगों को भरकर हाथ पैर गर्दन वाले बैग को राजघाट गंगा में बहा दिया वहीं दूसरे बैग को एक नाले में डाल दिया। और खून के छींटे वाले अपने कपड़ों को जला दिया।
जहां पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पूरा मामला संभल के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चुन्नी निवासी महिला रूबी ने अपने पति के गुमशुदगी होने की रिपोर्ट बीते 18 नवंबर को दर्ज कराई थी।
विवेचना के दौरान पूछताछ में सामने आया कि रूबी के पति राहुल की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी।
जहां पुलिस ने आरोपी महिला रूबी और मोहल्ले के ही उसके के प्रेमी गौरव पुत्र जसवंत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पहले हत्या की और फिर शव को ग्लाइडर मशीन से काट किए कई टुकड़े।

गिरफ्तारी के दौरान उन्होंने पूछताछ में बताया कि मृतक की पत्नी रूबी और उसके प्रेमी गौरव के अवैध संबंध थे। दोनों को शारीरिक संबंध बनाते हुए उसके पति ने देख लिया था। बीते 18 नवंबर को इस दौरान मारपीट करते हुए महिला के प्रेमी ने लोहे की रोड से हमला करते हुए राहुल को घायल कर दिया और उसकी पत्नी ने लोहे के कठोर उपकरण से हमला करते हुए दोनों ने मिलकर राहुल को जान से मार दिया था।
शव को छुपाने के लिए अगले दिन उन्होंने बाजार से दो बैग खरीदे और एक पिन्नी ली। महिला का प्रेमी जीतू मिस्त्री से ग्लाइडर मशीन लेकर आया और पहले ग्लाइडर से गर्दन को अलग किया और उसके बाद दोनों पैर काटे और एक पिन्नी में लपेटकर बैग में भर लिए।
शव के शेष अंगों को दूसरे बैग में एक पिन्नी में लपेटकर भर लिया।
मृतक की पत्नी रूबी ने ही ग्लाइडर से राहुल की गर्दन अलग की और उसके पर अलग किए थे।
गर्दन और उसके पैर तथा राहुल के मोबाइल को एक बैग में पैक करते हुए राजघाट किराए की गाड़ी में बैठकर गंगा में बहा दिया जबकि दूसरे बैग को पतरौआ रोड ईदगाह के पास नाले में फेंक दिया। राहुल का लोअर तथा रूबी और गौरव ने अपने खून में सने हुए कपड़े मोहल्ले के पीछे आलम के घर के सामने सूनसान जगह पर जाकर जला दिए और ग्लाइडर मशीन को किसी पास की ही झाड़ियों में छुपा दिया।
गौरव की निशानदेही से पुलिस ने ग्लाइडर को बरामद कर लिया तथा पत्नी द्वारा अपने पति पर हमला करने वाले जूते ठोकने वाली लोहे के उपकरण को भी बरामद कर लिया। साथ ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मानवता शर्मसार! अस्पताल में मृत्यु के बाद भीख मांग कर चुकाया बिल, फिर भी नहीं दिया शव।

मानवता के दुश्मन बने धरती के भगवान, सड़क हादसे में घायल के बाद अस्पताल में कराया था बेटे को भर्ती।

बेटे का शव लेने के लिए डेढ़ लाख में अपना घर भी गिरवीं रखा, फिर भी कम रह गई रकम तो मांगी भीख।

अंत में पुलिस लेकर पहुंचा मजबूर पिता, तब जाकर मिला शव।

अस्पताल डॉक्टर ने कहा- आर्थिक स्थिति को देख कुछ दवाइयां मुफ्त दी गईं, और शव भी दिया गया।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। बरेली के एक निजी अस्पताल का मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सड़क हादसे में घायल बेटे के इलाज के बाद उपचार के दौरान मृत्यु होने पर बिल जमा नहीं करने पर शव नहीं दिया गया, इसके लिए पिता को सड़क पर भीख मांगनी पड़ी और गांव वालों से सहयोग लेना पड़ा उसके बाद पुलिस के सहयोग से अस्पताल ने एक पिता को उसके मृत बेटे का शव दिया।
हालांकि अस्पताल ने दावा किया है कि कुछ दवाइयां आर्थिक स्थिति को देखते हुए मुफ्त में दी गई थी और सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, अस्पताल के बाहर भीख मांगने जैसी कोई भी घटना नहीं हुई है।
बदायूं के दातागंज कोतवाली इलाके के नगरिया गांव का रहने वाला धर्मपाल बीते एक दिसंबर को सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। सरकारी अस्पताल में सही इलाज नहीं मिलने के चलते परिजनों ने बरेली के निजी अस्पताल ओमेगा हॉस्पिटल में भर्ती कराया था।
जहां लगातार 14 दिन तक इलाज चल और अस्पताल द्वारा बिल बनाकर तैयार कर दिया गया। इलाज के दौरान धर्मपाल की मृत्यु हो गई। परिजनों का आरोप है कि बिल 3 लाख 10 हजार रुपए हो गया था। उसके बाद अस्पताल वालों ने कह दिया कि आपका बेटा मर चुका है। फिर क्या मजबूर पिता गिरगिड़ता रहा लेकिन किसी ने नहीं सुनी और अस्पताल ने शव देने से इनकार कर दिया।
उसके बाद पिता अपने घर आ गया और गांव वालों से भीख के रूप में सहयोग लिया कुछ उधार लिया तथा डेढ़ लाख रुपए में अपना घर भी गिरवी रख दिया।
वहीं कुछ लोगों से सड़क पर भी भीख मांगी। झोली फैलाकर बेटे के शव को अस्पताल से लेने के लिए सड़क पर लोगों से रुपए की भीख मांगते हुए पिता का वीडियो भी वायरल है।

जहां किसी तरह एक मजबूर पिता ने 2 लाख 80 हजार रुपए की रकम जमा कर दी। 30 हजार रुपए की रकम रहने के बाद भी डॉक्टरों द्वारा जब शव नहीं दिया गया तो उसने पुलिस का सहयोग लिया।
जहां पुलिस की सहायता से उसके बेटे का शव मिला और गांव लेकर पहुंचा उसके बाद अंतिम संस्कार किया।
अस्पताल द्वारा मानवता को शर्मसार करने का यह मामला बरेली के एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा किया गया। गांव में लोग यही चर्चा करते दिखाई दिए की धरती के भगवान आखिर ऐसे कैसे हो गए।

अस्पताल ने आरोपों को किया खारिज, बोले- फिर माफ कर दिया गया था।

इस मामले के बाद ओमेगा हॉस्पिटल के प्रबंधन ने सभी आरोपी को गलत ठहराया है। अस्पताल का कहना है कि उनका पूरा बिल माफ कर दिया गया था। आर्थिक स्थिति को देखते हुए कुछ दवाइयां भी मुफ्त में दी गई थीं। अस्पताल ने कहा है कि सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं वहां भीख मांगने जैसी कोई भी घटना नहीं हुई है। उन्होंने बताया है कि परिजनों ने कोई भी बिल का भुगतान नहीं किया था और मृत्यु के बाद पूरा बिल माफ कर दिया गया।

फिल्मी अंदाज में आए लुटेरे, असल जिंदगी में चढ़े भीड के हत्थे।

पेश की बहादुरी की मिसाल, पीछे से पकड़ छीने तमंचे, फिर बरसाईं अंधाधुंध लाठियां।

ज्वेलरी शॉप लूट तमंचा दिखा भाग रहे थे बदमाश, एक के हाथ में जेवर भरा बोरा तो दूसरे ने थाम रखा था रूपयों से भरा बैग।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। थाना उघैती क्षेत्र के खितौरा में ज्वेलरी शॉप में तमंचे के बल पर लूट को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों की योजना उस वक्त धरी रह गई, जब व्यापारियों एवं ग्रामीणों की भीड़ ने बहादुरी की मिसाल पेश कर दी। पीछे से दबोचकर एक बदमाश से तमंचा छीना गया, वहीं दूसरे को भी भागने का मौका नहीं मिला।
एक बदमाश के हाथ में जेवरों से भरा बोरा था तो दूसरे ने रुपयों से भरा बैग थाम रखा था जबकि तीसरा बाइक दौडाने की फिराक में उस पर बैठा हुआ था, लेकिन भीड़ के हौसले के आगे दोनों बेबस नजर आए। तमंचा छिनते ही भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और लुटेरों पर अंधाधुंध लाठियां बरसाईं गईं।
फिल्मी स्टाइल में आई वारदात का अंत आम लोगों की हिम्मत और सतर्कता से हुआ, जिसने न सिर्फ लूट को नाकाम किया बल्कि बदमाशों को पुलिस के हवाले करने का रास्ता भी साफ कर दिया।

बता दें कि गांव खितौरा स्थित मुख्य बाजार में लालाराम रस्तोगी की दुकान से जेवर और रुपये लूटने की पूरी घटना फिल्मी स्टाइल में हुई। लूटपाट के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए बाइक पर सवार होने लगे। एक बदमाश के दोनों हाथों में तमंचे थे। एक के हाथ में लूटे हुए जेवर व रुपये से भरा बैग था। तीसरा बाइक चलाने लगा।
इसी दौरान पड़ोसी दुकानदार रवि भारद्वाज ने साहस दिखाया और बाइक पर पीछे बैठे बदमाश को दबोचकर शोर भी मचा दिया।
इसके बाद जुटे लोगों ने लाठियां बरसानी शुरू कर दीं।
लोगों से लुटेरे के घिरने के दौरान सराफ लालाराम ने लूटे गए आभूषणों को समेटा और दुकान के भीतर रख दिया। उसके बाद सैकड़ों की भीड़ बदमाशों को पीटने में लग गई। जहां उन्हें इतना पीटा की दो के सिर फट गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण एवं व्यापारी प्रभारी निरीक्षक को बुलाने की मांग पर अड़ गए।
शोर शराबे के बीच भीड़ बढ़ती गई। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीण पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उधर, बदमाश ग्रामीणों की पिटाई से खून से लथपथ हो गए। खून ज्यादा बहता देखकर ग्रामीणों ने पीटना बंद कर दिया।
आरोप है कि इस दौरान एक सिपाही एवं दारोगा ने व्यापारियों से घायल बदमाशों को अस्पताल पहुंचाने की बात कह दी। इसके बाद लोग भड़क उठे। काफी देर समझाने के बाद लोग शांत हुए। करीब दो घंटे के हंगामे को शांत कराकर पुलिस बदमाशों को साथ ले गई।
मारपीट के बाद जब बदमाश बदहवास हो गए तो ग्रामीणों ने उनके हाथ पांव बांध लिए थे। पुलिस बमुश्किल बदमाशों को ग्रामीणों के चंगुल से थाने ले जा सकी। पुलिस ने जब कड़ाई से तीनों बदमाशों से पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम उधैती थाना क्षेत्र के गांव स्वरूपपुर निवासी सचिन पुत्र स्वराज, बिसौली कोतवाली के गांव परसिया निवासी अंकित पुत्र धनवीर एवं आंवला कोतवाली के गांव राजपुर खुर्द निवासी प्रदीप पुत्र सुरेश बताया है। व्यापारियों व ग्रामीणों की पिटाई से बदमाश गंभीर रूप से घायल बताये जा रहें हैं। सीएचसी से तीनों बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जहां आईसीयू में भर्ती तीनों बदमाशों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अवगत रहे कि विगत एक महीने में बदमाशों ने सर्राफा व्यापारियों को चौथी बार निशाना बनाया है। इससे पहले बदमाश सदर कोतवाली मूसाझाग क्षेत्र से सर्राफा व्यापारी से लूट की घटना को अंजाम दे चुके हैं जबकि उघैती में विगत 23 नवंबर को शिवकांत शर्मा की दुकान से डेढ़ सौ ग्राम के जेवन चोरी होने के बाद निरंतर दूसरी घटना होने से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
जिस पर एसपी देहात हृदय से कठेरिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है और सीसीटीवी रिकॉर्ड के जरिए पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
उक्त संबंध में में एसपी ग्रामीण ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि उघैती थाना क्षेत्र के खितौरा गांव में एक सर्राफा दुकान में बदमाशों ने घुसकर लूटपाट की। जहां मौके पर तीन बदमाशों को व्यापारियों व ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घटना के समय तीन बदमाश ही शामिल पाए गए हैं। चौथे बदमाश के बारे में सीसी फुटेज से जानकारी की जा रही है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

■ दैनिक प्रवाह के लिए बदायूं से हिमालय शर्मा की रिपोर्ट

सत्र शुरू होते ही गरमाया सदन, कफ सीरप मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा।

कफ सिरप का कटआउट लेकर साइकिल से विधानसभा पहुंचे सपा विधायक ब्रजेश यादव।

◆ कफ सिरप को लेकर सपा का दावा, कहा- गरीब बच्चों की मौत के लिए भाजपा जिम्मेदार।

प्रवाह ब्यूरो
लखनऊ। यूपी के विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सपा विधायक ब्रजेश यादव ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। वे साइकिल पर सवार होकर विधानसभा पहुंचे और साथ में एक कटआउट भी चस्पा किया जो जहरीली कफ सिरप से बच्चों की मौत के खिलाफ उनका विरोध दर्शाता है। उनकी साइकिल पर लगे कटआउट में लिखा कि, ‘जादुई कफ सिरप, पीने वाला मर जाता है. बेचने वाला दौलतमंद हो जाता है। सत्ता का संरक्षण पाता है। फिर विदेश निकल जाता है।
यह प्रदर्शन ग्रामीण और गरीब परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा पर बड़ा सवाल उठाता है। विधायक ब्रजेश यादव ने कहा, ‘हमारे राज्य और पूरे देश में चर्चा हो रही है कि भाजपा ने जहरीले कफ सिरप बांटे, जिससे गरीबों के बच्चे मारे गए। लोगों ने पैसे कमाए और विदेश भाग गए। किन्तु भाजपा सरकार उन्हें बचाने में लगी है। बल्कि सरकार को ऐसे लोगों को तुरंत गिरफ्तार करके जेल भेजना चाहिए।

इतना ही नहीं सपा विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दोषियों को संरक्षण दे रही है। विधानसभा सत्र में इस मुद्दे पर विपक्ष की ओर से और हंगामा होने की संभावना है।
बता दें कि हाल के महीनों में देश में कफ सिरप से जुड़े कई मामले सामने आए हैं। मध्य प्रदेश में कोल्डरिफ नाम के कफ सिरप से 20 से ज्यादा बच्चों की मौत हुई, जिसमें डाइएथिलीन ग्लाइकॉल जैसे जहरीले केमिकल मिले। इसी तरह राजस्थान और अन्य राज्यों में भी इसके कई मामले रिपोर्ट हुए। इसके अलावा यूपी में भी कोडीन-बेस्ड कफ सिरप की अवैध सप्लाई का बड़ा रैकेट पकड़ा गया, जिसकी जड़ें वाराणसी तक बताई जा रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि दवा नियमन में सख्ती की जरूरत है ताकि ऐसी त्रासदियां दोहराई न जाएं।
जिसको लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी आरोप लगाया कि यह हजारों करोड़ का घोटाला है जिसमें भाजपा सरकार संरक्षण दे रही है। सपा ने इस शीतकालीन विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाने का ऐलान किया है। विधानसभा सत्र में सपा विधायकों ने अन्य मुद्दों जैसे बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और मतदाता सूची से नाम कटवाने के आरोप आदि पर भी विरोध किया।
फिलहाल इस विरोध प्रदर्शन पर सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

संभल में दर्दनाक हादसा: बाइक सवार चार लोगों की मौत।

आगरा मुरादाबाद हाईवे पर कोहरे के चलते पहले बाइक फिर पेड़ से टकराया डीसीएम।

पति-पत्नी समेत चार ही मौत, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। शुक्रवार को आगरा–मुरादाबाद हाईवे पर घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरा परिवार खत्म हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा है, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बता दें कि जनपद में आगरा-मुरादाबाद हाइवे पर घने कोहरे में तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। ये दर्दनाक घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे तहसील चंदौसी के बहजोई कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव खजरा के निकट हुई।
एंबुलेंस से चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान बहजोई थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी सुरेश (34 वर्षीय) पुत्र ओमप्रकाश, उनकी पत्नी विमलेश (30 वर्षीय), बेटे प्रतीक (15 वर्षीय) और संजय (40 वर्षीय) के रूप में हुई है। ये सभी एक ही बाइक पर सवार थे।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बहजोई कोतवाली प्रभारी संत कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक किशोर और महिला सहित चार लोगों की मौत हुई है जो सब एक ही बाइक पर सवार थे।