परीक्षा समाप्त होने पर इंटर की छात्राओं ने खेली होली, एक दूसरे को लगाया गुलाल।

◆ इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग की परीक्षा समाप्त होने पर परीक्षा केंद्र पर होली खेली छात्राएं।

◆ कैला देवी के बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में एक दूसरे पर लगाया गुलाल।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग की परीक्षा समाप्त होने पर कैला देवी के बाबा रतनगिरि आदर्श इंटर कॉलेज में छात्राओं ने कक्षा से निकलकर विद्यालय परिसर में एक दूसरे को गुलाल लगाते हुए होली खेली।

यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग की परीक्षा भौतिक विज्ञान के पेपर के साथ शुक्रवार को समाप्त हो गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद कैला देवी के बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में जैसे ही छात्राएं बाहर निकलीं तो उन्होंने एक दूसरे पर गुलाल लगाकर खुशी जाहिर की और होली खेली।
छात्राओं ने बताया कि भौतिक विज्ञान का पेपर थोड़ा कठिन था, लेकिन इतना नहीं। परीक्षा कक्ष से निकलकर विद्यालय परिसर में ही छात्राओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी जाहिर की।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस: संभल एसओजी की पूरी टीम निलंबित।

◆ एसपी कृष्ण बिश्नोई ने लिया बड़ा एक्शन, दरोगा समेत 8 पुलिसकर्मी निलंबित।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। जनपद में भ्रष्टाचार की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है। कृष्ण बिश्नोई ने सख्त रुख अपनाते हुए एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की पूरी टीम को निलंबित कर दिया है।
कार्रवाई के तहत एक दरोगा, दो हेड कांस्टेबल और पांच कांस्टेबल समेत कुल आठ पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। बताया जा रहा है कि टीम के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत मिलने के बाद प्राथमिक जांच में मामला प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर यह कदम उठाया गया। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में एक उपनिरीक्षक, दो हेड कांस्टेबल और पांच सिपाही शामिल हैं। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि पुलिस अधीक्षक को पिछले दिनों एसओजी टीम से जुड़ी दो गंभीर शिकायतें मिली थीं। पहली शिकायत 2 फरवरी की रात की है, जब एसओजी टीम ने मुरादाबाद के बिलारी निवासी आस मोहम्मद को ई-कचरा ले जाते हुए पकड़ा था। आरोप है कि टीम उसे चौधरी सराय पुलिस चौकी ले गई और कथित तौर पर पैसे लेकर छोड़ दिया, साथ ही बरामद ई-कचरा भी अपने पास रख लिया।
दूसरी शिकायत में बताया गया कि एसओजी टीम को एक युवक-युवती का कथित अश्लील वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा दिया गया था। इसके आधार पर टीम ने दो युवकों को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में उनके खिलाफ कोई कार्रवाई किए बिना रिश्वत लेकर छोड़ दिया गया। जब दोनों मामलों की जांच पुलिस अधीक्षक स्तर पर कराई गई, जिसमें आरोपों में प्रथम दृष्टया सत्यता पाई गई। इसके बाद एसपी ने कड़ा फैसला लेते हुए एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित कुमार सहित पूरी टीम को निलंबित कर दिया।
निलंबित किए गए पुलिस कर्मियों में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल अरशद, कुलवंत सिंह तथा सिपाही अजनबी, विवेक कुमार, बृजेश तोमर, आयुष और हीरेश ठेनुआ शामिल हैं। वहीं, एसओजी की नई टीम के गठन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
फिलहाल, बोबिंद्र कुमार को स्वाट टीम का प्रभारी नियुक्त किया गया है। बोबिंद्र कुमार को पहले थाना रायसत्ती का प्रभारी बनाया गया था, लेकिन एक जनप्रतिनिधि की शिकायत के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया था। वह इस समय पुलिस लाइन में तैनात थे।
अधिकारियों का कहना है कि विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी जांच के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

महाशिवरात्रि के मद्देनज़र जनपद में आज से लागू रहेगा रूट डायवर्जन।

◆ श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बुधवार सुबह 8 बजे से 15 फरवरी शाम 6 बजे तक लागू रहेगा रूट डायवर्जन।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जनपद में यातायात व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार बुधवार सुबह 8 बजे से 15 फरवरी शाम 6 बजे तक रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा। डायवर्जन अवधि के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा तथा प्रमुख मंदिरों और शिवालयों की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहेगा तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी की व्यवस्था की गई है। किसी भी असुविधा से बचने के लिए नागरिकों से समय से पहले यात्रा की योजना बनाने की भी अपील की गई है।
एसपी कृष्ण बिश्नोई ने बताया कि महाशिवरात्रि पर कांवड़िये हरिद्वार, ऋषिकेश, गढ़मुक्तेश्वर, राजघाट, नरौरा इत्यादि विभिन्न स्थानों से जल/कांवड़ लेकर आते हैं और विभिन्न मार्गों से होते हुए शिव मंदिरों तक पहुंचते हैं। जिसमें पैदल कांवड़ियें भी शामिल होते हैं। इसको देखते हुए जिले में रूट डायवर्जन किया गया है। जिन मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। वहां से भारी व्यवसायिक एवं मालवाहक वाहन जैसे ट्रक, डीसीएम, कैंटर, ट्रैक्टर, प्राइवेट बस, रोडवेज बस आदि को जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। तय मार्ग से ही वाहन आगे जाएंगे।
वहीं महाशिवरात्रि का पावन पर्व नजदीक आते ही मिनी वृंदावन कहीं जाने वाली चंदौसी में धार्मिक उत्साह चरम पर है। इसी क्रम में जहां 14 फरवरी को भगवान भोलेनाथ की बरात बड़े धूमधाम के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली जाएगी।
जिसको लेकर ब्रह्म बाजार स्थित नया मंदिर में कांवड़ सेवा समिति के सदस्य सहित अन्य शिवभक्त आकर्षक झांकियां तैयार करने में जुटे हुए हैं। कांवड़ सेवा समिति के डायरेक्टर हीरालाल वाष्णेय ने बताया कि इस वर्ष शिव बरात में कई जनपदों से विशेष झांकियां शामिल होंगी। जिनमें जलेसर का भूत-पिशाच, मेरठ की शिव बारात, एटा का झुमका गिरा रे और फर्रुखाबाद का शिव तांडव आदि आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

जनपद संभल के लिए ये है रूट प्लान

मुरादाबाद से संभल होकर दिल्ली जाने वाला यातायात चौधरी सराय चौकी से वाया खिरनी तिराहा, गंवा, केसरपुर तिराहा से रजपुरा, नूरपुर तिराहा से इन्द्राचौक बबराला, नेहरू चौक गुन्नौर से नरौरा पुल होकर अपने गंतव्य की ओर जाएगा।

मुरादाबाद से चंदौसी होकर दिल्ली, अलीगढ़ एवं आगरा जाने वाला यातायात बिलारी में बिलारी-सिरसी तिराहे से हजरतनगर गढ़ी होकर सिरसी-बिलारी तिराहे से संभल में चौधरी सराय होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएगा।

बदायूं से चंदौसी होकर दिल्ली, अलीगढ़ एवं आगरा जाने वाला यातायात चंदौसी में धन्नूमल तिराहे से चंदौसी बाईपास से सिम्स कालेज बाईपास (बहजोई रोड) से संभल तिराहा से संभल चौधरी सराय से आगे बढ़ेगा।

इस्लामनगर (बदायूं) रोड से बहजोई होकर दिल्ली एवं अलीगढ़ जाने वाला यातायात इस्लामनगर रोड जिला बदायूं से बहजोई होकर दिल्ली एवं अलीगढ़ जाने वाले वाहन, बहजोई में इस्लामनगर चौराहा से संभल तिराहा, बहजोई से बेहटा जय सिंह चौराहा, टिक्टा रोड से रजपुरा की ओर जायेंगे।

विधानसभा के पटल पर वाराणसी प्रकरण, सपा विधायक ने सरकार से की उच्चस्तरीय जांच की मांग।

◆ कहा- मणिकर्णिका घाट का ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व, देश-विदेश में प्रसिद्ध।

◆ बदायूं की सहसवान विधानसभा से विधायक हैं बृजेश यादव।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। यूपी विधानसभा में वाराणसी से जुड़े प्रकरण को लेकर बजट सत्र के पहले दिन ही जोरदार चर्चा देखने को मिली।
सहसवान विधायक ब्रजेश यादव ने मणिकर्णिका घाट पर स्थित अहिल्याबाई होलकर द्वारा निर्मित मंदिर को तोड़े जाने के कथित प्रकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि किसी ऐतिहासिक धरोहर या मंदिर को नुकसान पहुंचाया गया है तो यह अत्यंत गंभीर विषय है। जहां विधायक ने सदन के पटल पर मामला उठाते हुए सरकार से इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग की।
सपा विधायक ब्रजेश यादव ने कहा कि मणिकर्णिका घाट का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व न केवल देश बल्कि विदेशों में भी प्रसिद्ध है। ऐसे पवित्र और विश्वविख्यात स्थल से जुड़े किसी भी प्रकरण को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और मणिकर्णिका घाट की गरिमा एवं प्रतिष्ठा बनी रहे। उन्होंने सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ब्रजेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर संवेदनशील है। इसलिए सरकार को इस विषय पर स्पष्ट बयान देना चाहिए ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे।
बजट सत्र के संदर्भ में बोलते हुए विधायक ने प्रस्तुत बजट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बजट में आम जनता, किसानों, युवाओं और बेरोजगारों के मुद्दों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दी गई है। राज्यपाल के अभिभाषण का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार की नीतियों की आलोचना की और कहा कि जमीनी समस्याओं पर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। जहां सदन में इस मुद्दे को लेकर कुछ समय तक बहस का माहौल बना रहा।

कानून का छात्र निकला फर्जी अफसर, पुलिस ने दबोचा।

◆ 2 करोड़ के फर्जी नोटिस से डराया, कार्रवाई टालने को मांगे 24 लाख।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल पुलिस ने नखासा थाना क्षेत्र में खुद को इनकम टैक्स अफसर बताकर अवैध वसूली करने वाले एक एलएलबी छात्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
यह घटना संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर तगा गांव की है। आरोपी मोहित उर्फ प्रिंस पुत्र पुरुषोत्तम, निवासी ठिलूपुरा ने अख्तियारपुर तगा निवासी शीशपाल पुत्र पीतांबर को 2 करोड़ रुपए के काले धन का फर्जी नोटिस थमाया था। उसने आयकर विभाग की कार्रवाई रोकने के एवज में 12 प्रतिशत के हिसाब से 24 लाख रुपए की अवैध वसूली की मांग की।
ग्रामीण शीशपाल ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की। जांच के बाद, बीते रविवार को पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 338, 336(3), 340(2), 351(2) के तहत मामला दर्ज किया। सोमवार को पुलिस ने फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बने छात्र मोहित उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया।
शीशपाल ने बताया कि आरोपी उसे पिछले 15 दिनों से परेशान कर रहा था। उसने बताया कि दो लोग फोन करते थे और एक बार उसे बहजोई भी बुलाया था। जब शीशपाल ने कार्यालय चलने को कहा, तो उन्होंने समय पूरा होने का बहाना बनाकर मना कर दिया। ग्रामीण के अनुसार, आरोपी उसके अच्छे घर और 2 करोड़ रुपए की रकम का हवाला देकर 12 प्रतिशत के हिसाब से पैसे मांग रहा था।

सोमवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस अभियुक्त को थाने से न्यायालय ले जा रही थी। इस दौरान उसकी मां भी वहां मौजूद थीं, जो अपने बेटे को हथकड़ी में देखकर भावुक हो गईं। पिता पुरुषोत्तम ने बताया कि अमरोहा के उझारी में बीए एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है, हमें इसकी जानकारी नहीं है यह क्या कर रहा था हमसे तो केवल घर से यह कह कर जाता था कि मैं संभल कचहरी जा रहा हूं।
थाना प्रभारी संजीव बालियान ने बताया कि ग्रामीण शीशपाल की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मोहित उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार किया गया है। इनकम टैक्स का फर्जी अधिकारी बनकर 2 करोड़ रुपए पर 12% अवैध वसूली की मांग कर रहा था। कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद अब उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

अधिवक्ता की वेशभूषा में हत्यारोपी ने पुलिस को चकमा दे, किया कोर्ट में सरेंडर।

26 नवंबर को दो सगे भाइयों की हत्या कर परिवार उजाड़ने वाली वारदात को दिया था अंजाम।

◆ आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस ने घोषित किया था ₹50 हजार का इनाम।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। अपहरण के बाद दो बच्चों के हत्यारोपी ने पुलिस को चकमा देकर अधिवक्ता की वेशभूषा में चंदौसी न्यायालय में सरेंडर कर दिया। आरोपी पर 26 नवंबर को दो सगे भाइयों की हत्या कर पूरे परिवार को उजाड़ देने वाली सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का आरोप है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ₹50 हजार का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की तैयारी कर रही है।
बता दें कि सोमवार को चर्चित हत्याकांड के आरोपी ने अपने वकील के माध्यम से कोर्ट में सरेंडर कर दिया, लेकिन पुलिस आरोपी को पहचान नहीं सकी। जहां पुलिस अब हत्यारोपी को रिमांड कस्टडी में लेने के प्रयास में लग गई है।
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव मैथरा निवासी रामौतार के दो बच्चों का धनारी थाना क्षेत्र के मझोला फतेहपुर से 26 नवंबर 2025 को अपहरण कर उनकी हत्या कर दी और शव अलग अलग स्थानों पर फेंक दिए गये थे।
वहीं 29 नवंबर को बड़े भाई का शव रजपुरा क्षेत्र के जंगल में और 12 दिसंबर को दूसरे भाई का शव भकरौली में तालाब किनारे मिला था। हत्याकांड के बाद से ही आरोपी धनवीर फरार चल रहा था।
पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये से बढ़ाकर इनाम 50 हजार रुपये भी कर दिया था। पुलिस की पांच टीमें भी आरोपी धनवीर का सुराग नहीं लगा पाई। 22 दिसंबर को कुर्की के आदेश के बाद 23 दिसंबर को आरोपी के घर कर नोटिस चस्पा किया गया था। लेकिन, आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुआ। दो माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आरोपी का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई।
धनारी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिली है कि दो बच्चों के हत्यारोपित धनवीर ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। आरोपी को रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा।

संभल पहुंचे प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति, केन्द्रीय बजट को बताया विकास का मजबूत आधार।

गिनाईं बजट की खूबियां बोले- देशहित में ऐतिहासिक बजट।

स्वीकृत एम्स को लेकर बड़ा संकेत, बोले- बेहतर लोकेशन पर स्थापित होगा एम्स।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल पहुंचे मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने केन्द्रीय बजट की जमकर सराहना की। शनिवार को बहजोई स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यह बजट देशहित में ऐतिहासिक है जो विकास का मजबूत आधार साबित होगा।
मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने बजट की खूबियां गिनाते हुए कहा कि केन्द्रीय बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। किसानों, युवाओं, महिलाओं और मध्यम वर्ग के लिए किए गए प्रावधान देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट न सिर्फ वर्तमान जरूरतों को पूरा करता है, बल्कि भविष्य की मजबूत नींव भी रखता है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि केन्द्रीय बजट लाजवाब है और इससे प्रदेश सहित पूरे देश में विकास की रफ्तार और तेज होगी।
धर्मवीर प्रजापति, प्रभारी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा ने बजट पर आगे बोलते हुए कहा कि यह बजट में प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और स्वयंसेवकों के मानदेय व सुविधाओं में सुधार पर विशेष जोर दिया गया है। 12 लाख तक की आय पर टैक्स फ्री के लिए सरकार ने उत्कृष्ट कदम उठाया है। साथ ही विदेश यात्रा को सुलभ बनाने के लिए यात्रा पर विशेष छूट का भी प्रावधान किया गया है।
इस बजट में किसानों के लिए एआई टूल से उन्नत कृषि का प्रावधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही 17 दवायें जो अत्यधिक महंगी थी जिनमें सीमा शुल्क को घटकर शून्य किया गया है जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए यूपी में गर्ल्स हॉस्टल की व्यवस्था भी की जाएगी।
इसके अलावा पश्चिमी यूपी में स्वीकृत AIMS पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर बोलते हुए कहा कि सरकार जहां इसे प्रतिस्थापित करना बेहतर समझेगी वहां ही इसका निर्माण कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू,
पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व मंत्री अजीत कुमार राजू, बहजोई चेयरमैन राजेश शंकर राजू के अलावा प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एसिड की अवैध बिक्री रोकने को मिशन शक्ति टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन।

◆ कैला देवी चौराहे पर दुकानों पर टीम प्रभारी आंचल सिद्धू के नेतृत्व में चला अभियान।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के कैला देवी थाना क्षेत्र के खास कैला देवी चौराहे पर मिशन शक्ति शक्ति टीम प्रभारी आंचल सिद्धू के नेतृत्व में ऑपरेशन शील्ड विशेष अभियान के तहत एसिड की अवैध बिक्री एवं वितरण को रोकने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसके साथ ही दुकानदारों को एसिड की अवैध बिक्री नहीं करने को लेकर जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति टीम प्रभारी उप निरीक्षक आंचल सिद्धू के नेतृत्व में चलाए गए ऑपरेशन शील्ड विशेष अभियान के तहत कैलादेवी चौराहे पर स्थित कई दुकानों पर एसिड की अवैध बिक्री और वितरण को रोकने को लेकर सर्च ऑपरेशन किया गया। जहां दुकानदारों से भी पूछताछ की गई तथा दुकानों में जाकर एसिड की तलाशी ली गई।
साथ ही सभी दुकानदारों को एसिड की अवैध बिक्री नहीं करने को लेकर जागरूक किया गया। एसिड की अवैध बिक्री करने पर संबंधित कार्यवाही के बारे में भी अवगत कराया।
मिशन शक्ति टीम प्रभारी महिला उप निरीक्षक आंचल सिद्धू ने बताया कि ऑपरेशन शील्ड विशेष अभियान के तहत एसिड की अवैध बिक्री एवं वितरण को रोकने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया है तथा इसके संबंध में अवैध बिक्री नहीं करने को लेकर दुकानदारों को जागरूक किया गया है।
इस दौरान महिला कांस्टेबल पूजा तथा ममता उपस्थित रहीं।

पंचायत चुनाव तय समय पर, टलने की अफवाहों पर लगा विराम।

पंचायती राज मंत्री का इशारा आगामी अप्रैल मई में ही करा लिए जाएंगे चुनाव।

◆ बोले- पंचायत चुनाव के लिए चुनाव आयोग और प्रशासन पूरी तरह से तैयार।

प्रवाह ब्यूरो
लखनऊ। यूपी में पंचायत चुनाव को लेकर फैल रही टलने की अफवाहों पर अब विराम लग गया है। हाथरस में पंचायती राज मंत्री ने स्पष्ट संकेत देते हुए कहा है कि पंचायत चुनाव तय समय पर ही कराए जाएंगे। पंचायती राज मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग और प्रशासन पूरी तरह से तैयार हैं। चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा लगातार की जा रही है और किसी भी स्तर पर कोई बाधा नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव टलने की बातें केवल अफवाह हैं, जिनका कोई आधार नहीं है।
मंत्री के इस बयान के बाद पंचायत चुनाव को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है और ग्रामीण स्तर पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
बता दें कि हाथरस में एक कार्यक्रम के दौरान पंचायती राज मंत्री ओपी राजभर ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव के लिए चुनाव आयोग और प्रशासन पूरी तरह तैयार है। चुनाव की सभी जरूरी तैयारियां हो चुकी हैं। मंत्री ने बताया कि चुनाव में इस्तेमाल होने वाले बैलेट पेपर पहले ही सभी जिलों में पहुंचा दिए गए हैं। जिससे चुनाव प्रक्रिया में कोई देरी नहीं होगी। ओपी राजभर ने वोटर लिस्ट के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अपडेट करने का काम तेजी से चल रहा है। वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन मार्च 2026 में कर दिया जाएगा। इसका मतलब है कि मार्च तक सभी नए और पुराने मतदाताओं के नाम अंतिम रूप से सूची में शामिल हो जाएंगे। इससे कोई भी पात्र मतदाता चुनाव में वोट डालने से वंचित नहीं रहेगा।
मंत्री ने सबसे महत्वपूर्ण बात बताई कि यूपी पंचायत चुनाव अप्रैल और मई 2026 के महीनों में करा लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया इन दो महीनों में पूरी हो जाएगी। मतदान, मतगणना और नतीजे इसी समय तक आ जाएंगे। इससे ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के नए प्रतिनिधि चुने जा सकेंगे।
जहां पिछले कुछ समय से यूपी में पंचायत चुनाव टलने की खूब अटकलें लग रही थीं। कुछ लोग कह रहे थे कि चुनाव नहीं होंगे या काफी देर से होंगे। जहां अब राजभर ने इन सभी अफवाहों को साफ तौर पर खारिज करते हुए लोगों में भ्रम की स्थिति को खत्म कर दिया है।

युवक की संदिग्ध मौत: नीम के पेड़ से लटका मिला शव।

◆ दो सप्ताह पूर्व हरियाणा से लौटा था युवक, मौसी के घर से लौटने के बाद उठाया कदम।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। मंगलवार सुबह जनपद संभल के थाना धनारी क्षेत्र के गढ़ा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने गांव के बाहर नीम के पेड़ से युवक का शव लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक युवक करीब दो सप्ताह पूर्व ही हरियाणा से घर लौटा था। परिजनों ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले वह अपनी मौसी के घर गया था और वहां से लौटने के बाद यह घटना सामने आई।
मृतक की पहचान 19 वर्षीय भूपेंद्र सिंह पुत्र जमुना सिंह के रूप में हुई है। भूपेंद्र सिंह 14 दिन पहले हरियाणा के गुरुग्राम से अपने गांव लौटा था, जहां वह चाट-पकौड़ी का ठेला लगाता था। दो दिन पहले वह जुनावई क्षेत्र के गांव रिवाड़ा अपनी मौसी के घर गया था। सोमवार शाम करीब 4 बजे वह गांव लौट आया था और देर शाम घर से यह कहकर निकला कि थोड़ी देर में आता हूं, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा।
जहां मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उसका शव जंगल में नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और शव को घर ले गए।
मृतक के भाई बहादुर सिंह ने बताया कि भूपेंद्र उनका छोटा भाई था और गुरुग्राम में ठेली लगाता था। उन्होंने कहा कि उनका किसी से कोई झगड़ा नहीं है और उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि उनके भाई ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
घर में हुई जवान मौत के चलते मृतक की मां जयवंती देवी और अन्य परिजनों में शोक का माहौल है। भूपेंद्र के चार भाई (बहादुर सिंह, श्रीपाल सिंह, जीतपाल सिंह) जबकि दो बहनें (रामवती, क्रांति) हैं।
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का कोई मामला अभी संज्ञान में नहीं आया है। यदि किसी की ओर से कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।