संभल के धनारी में दर्दनाक हादसा, 4 की मौत, 8 घायल।

अर्टिगा कार एवं टेंपो की भीषण टक्कर के चलते हुआ हादसा।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। रविवार शाम आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार और टेंपो की आमने-सामने की टक्कर में एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जहां एक व्यक्ति ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा गुन्नौर तहसील के थाना धनारी क्षेत्रांतर्गत गांव उधरनपुर के सपीप शाम करीब 6 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और 108 एंबुलेंस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए सीएचसी बहजोई भिजवाया, जहां कुछ की हालत भी गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में टेंपो की ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। जहां स्थानीय लोगों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश और दुख का माहौल है। वहीं प्रशासन द्वारा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि अर्टिगा कार तेज रफ्तार में थी और बहजोई जिला मुख्यालय की ओर से बबराला की तरफ जा रही थी, जबकि सामने से टेंपो बहजोई की ओर आ रहा था। इसी दौरान कार चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे टेंपो से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। टेंपो में बच्चों और महिलाओं समेत कुल 12 लोग सवार थे, जबकि अर्टिगा कार में चालक सहित दो लोग मौजूद थे। हादसे में मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। मरने वालों में एक महिला, एक किशोरी और दो युवक शामिल बताए जा रहे हैं।
इस भीषण हादसे में कुल 10 लोग घायल हुए हैं। जिनमें ओमपाल (35), उनकी पत्नी प्रवेश (32), बेटी रजनी (12), सलोनी (7) और बेटा कुलदीप (2) निवासी रायपुर कला थाना बहजोई शामिल हैं। इसके अलावा शौकीन (32) निवासी अकबरपुर, रजनीश (20) निवासी पाठकपुर की मढ़ैया, प्रियांशु (14), कृपाल (35) निवासी लहरा नगला श्याम थाना जुनावई और किशोरी लाल (40) निवासी मानपुर थाना धनारी भी घायल हुए हैं।

उक्त संबंध में बहजोई सीओ डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि टेंपो में सवार 10 व्यक्ति जबकि आर्टिगा के दो व्यक्ति घायल हुये हैं जिन्हें तत्काल थाने पर तैनात क्रिटिकल केयर टीम द्वारा अस्पताल भिजवाया गया जहां चिकित्सकीय निरीक्षण के दौरान पता चला कि दो व्यक्ति और एक बच्ची मृत हुए जबकि अन्य सभी के बेहतर उपचार के लिए तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। साथ ही थाने पर तैनात क्रिटिकल टीम द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है कि घटना की क्या वजह रही व किस लापरवाही के चलते घटना घटित हुई।

संभल में फर्जी आधार गिरोह का भंडाफोड़: 3 गिरफ्तार, 4 की तलाश जारी।

◆ फिंगरप्रिंट स्कैनर, लैपटॉप, आधार सेटअप, आधार सहित फर्जीवाड़े का सभी सामान जब्त।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने और उनमें अवैध संशोधन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह आधार कार्ड संशोधन से जुड़ी आईडी को हैक कर अवैध रूप से फर्जी आधार कार्ड तैयार कर रहा था। मामले का खुलासा रविवार को बहजोई थाना पुलिस ने अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आठ फर्जी आधार कार्ड, एक लैपटॉप, फिंगरप्रिंट स्कैनर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल इस फर्जीवाड़े में किया जा रहा था।
अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह और क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान जसवीर कुमार (ग्राम ढयोढाई), हरीश (ग्राम मनैना रामगढ़) और विल्टू (ग्राम नंदपुर, थाना जुनावई) को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, सुरेंद्र, ईश्वर मेघवाल, सतपाल, जितेंद्र और ओमेंद्र यादव मौके से फरार हो गए। जहां पुलिस अभी भी इनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी किसी अधिकृत आधार केंद्र के कर्मचारी नहीं थे। उन्होंने अन्य केंद्रों की आईडी हैक कर ली थी और इंटरनेट के माध्यम से अज्ञात स्थानों से फर्जी आधार कार्ड बनाने का काम कर रहे थे। इसके लिए वे विशेष सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर सिस्टम में सेंध लगाते थे।
पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने एक से अधिक आईडी हैक की थी या अन्य राज्यों में भी इस तरह की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है साथ ही फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

सैलून में घुसे तीन नकाबपोश बदमाशों ने संचालक को मारी गोली।

◆ दिनदहाड़े फायरिंग से दहला बदायूं, इलाके में सनसनी।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। बदायूं जिले में सोमवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जहां उघैती थाना क्षेत्र के ईखखेड़ा गांव में सैलून की दुकान चला रहे 22 वर्षीय युवक को तीन नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार उघैती थाना क्षेत्र के गांव गर्वी निवासी समीर (20) पुत्र जाहिद ईखखेड़ा गांव में हेयर सैलून पर काम करता है। सोमवार को वह अपने काम में व्यस्त था, तभी अचानक तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और समीर पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही समीर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल समीर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रूदायन पहुंचाया, लेकिन उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार समीर दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सूचना मिलते ही नवागत एसएसपी अंकिता शर्मा एवं एसपी देहात हृदय कठेरिया ने भी मौके पर पहुंच स्थिति का निरीक्षण लिया।
पुलिस घायल समीर को रुदायन सीएचसी ले गई, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसएचओ ऋषिपाल सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजन घटना के संबंध में खुलकर कुछ नहीं बता रहे हैं। जबकि पुलिस मामले की जांच में गहनता से लगी हुई है।
उक्त प्रकरण में एसपी देहात ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि
सोमवार दोपहर लगभग ढाई बजे बदमाशों ने सैलून संचालक को गोली मार दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायल युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के जल्द अनावरण के लिए टीमों का गठन भी कर दिया गया है।

संभल में डीआईजी ने परखी व्यवस्थाएं, पुलिस पेंशनर्स के साथ की गोष्ठी।

◆ बोले- पुलिस विभाग अपने सेवानिवृत्त कर्मियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद में पुलिस उपमहानिरीक्षक मुरादाबाद परिक्षेत्र मुनिराज द्वारा पुलिस कार्यालय का निरीक्षण करते हुए विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। वहीं एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के साथ संभल जनपद के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के साथ पुलिस पेंशनर्स के साथ गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें सभी पेंशनर्स की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज ने कहा कि पुलिस विभाग अपने सेवानिवृत्त कर्मियों के कल्याण हेतु प्रतिबंध है, और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाएगा।
एसपी कृष्ण कुमार ने सभी पेंशनर्स को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनपद स्तर पर उनकी पेंशन, चिकित्सा, पारिवारिक लाभ एवं अन्य लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाई की जाएगी।

एसपी ने कहा कि किसी प्रकार की समस्या होने पर समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करना और विभागीय परिवार के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना गोष्ठी का उद्देश्य है। जहां सभी पुलिस पेंशनर्स को अनुभव दर्शन पत्रिका भेंट की गई।

जहां अपर पुलिस अधीक्षक क्षेत्राधिकारी संभल आलोक भाटी, क्षेत्राधिकारी चंदौसी दीपक कुमार तथा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन आदि उपस्थित रहे।
वहीं दूसरी तरफ डीआईजी मुरादाबाद में जनपद ने पुलिस कार्यालय तथा विभिन्न शाखाओं का वार्षिक निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीआईजी द्वारा पुलिस कार्यालय परिसर का भ्रमण कर वाचक कार्यालय, आंकिक शाखा, प्रधान लिपिक शाखा, डीसीआरबी, शिकायत प्रकोष्ठ एवं विशेष जांच प्रकोष्ठ आदि शाखाओं निरीक्षण किया गया।
जहां निरीक्षण के दौरान विभिन्न रजिस्टरों अभिलेखों का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए उनके रखरखाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

संभल में भाकियू टिकैत का प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन।

किसानों की समस्याओं पर उठाई आवाज, विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन।

कहा- अंश निर्धारण में हो रहीं भारी त्रुटियां, गांव स्तर पर किया जाए निस्तारण।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के प्रदेश अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह यादव का नेतृत्व में हजारों किसानों के साथ प्रदर्शन करते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें उन्होंने किसानों की जमीन तथा बिजली की समस्या और फसल को लेकर मुद्दा उठाया।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के प्रदेश अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में चंदौसी तहसील पर हजारों किसानों के साथ धरना प्रदर्शन करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।
चंदौसी तहसीलदार रवि सोनकर को ज्ञापन देते हुए कहा कि तहसील क्षेत्र में भूमि के अंश निर्धारण में भारी त्रुटियां हैं, जिसका निस्तारण गांव स्तर पर कैंप लगाकर किया जाना चाहिए।
11 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा किसानों की इच्छा के बिना जबरन स्मार्ट मीटर लगाया जा रहे हैं, जिसमें रीडिंग में बहुत तेजी से जंप मार रहे हैं। बिना इच्छा के स्मार्ट मीटर नहीं लगाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि चंदौसी तहसील क्षेत्र में तमाम अविवादित दाखिल खारिज पेंडिंग में पड़े हैं, जिनका निस्तारण किया जाना चाहिए तथा विक्रेता पर लोन से ज्यादा मालियत की जमीन शेष है, तो उसका दाखिल खारिज किया जाए।
विजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि तहसील क्षेत्र में जन्म प्रमाण पत्र और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आमजन को भारी समस्या आ रही है। इसके लिए तहसील से लेटर 3 दिन में लगाना चाहिए जो कि तहसील के द्वारा 3 से 6 महीने में लगाया जा रहा है।
चकबंदी विभाग में भ्रष्टाचार भी चरम सीमा पर है, किसानों की अधिक भूमि है, वहां से हटाकर उनके चक कम भूमि वाले खेत में लगाए जा रहे हैं।
इसके साथ ही राशन कार्ड में यूनिट काटने का बड़ा खेल चल रहा है। जिसमें आपूर्ति विभाग में प्राइवेट कर्मियों की भरमार है, और सुविधा शुल्क लेकर दोबारा यूनिट जोड़ने का कार्य कर रहे हैं, जिसे रोका जाना चाहिए।
रजिस्ट्री कार्यालय में कोई भी बैनामा बना सुविधा शुल्क के नहीं किया जा रहा जिससे किसानों को समस्या उत्पन्न हो रही है।
इसके अलावा बेरनी और डारनी विद्युत उपकेंद्र चंदौसी डिवीजन के नजदीक हैं। जिन्हें चंदौसी डिवीजन से संचालित कराया जाए।
ग्रामीण क्षेत्र में रात्रि 8 बजे के बाद सप्लाई दी जाती है। जबकि बच्चों की परीक्षाएं भी चल रही हैं, ग्रामीण क्षेत्र में शेड्यूल 6 से 11 बजे तक अनिवार्य किया जाए।
आलू का किसान बदहाल स्थिति में है। सरकार को खरीद की व्यवस्था करनी चाहिए तथा निश्चित मूल्य घोषित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि धान, बाजार की खरीद में किसानों को रजिस्ट्रेशन और उनके सत्यापन में पिछली बार जो समस्या आई थी, अबकी बार गेहूं तथा मक्का की खरीद में वह समस्या नहीं आनी चाहिए।
जहां संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र सिंह यादव ने आगामी 27 मार्च को होने वाली राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत की किसान मजदूर संवाद पंचायत बिचेटा चौराहे पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की तथा जिम्मेदारी सौंपी।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष मनपाल सिंह तथा जनपद के सभी संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। पंचायत की अध्यक्षता चंद्रपाल सिंह यादव ने की।

होली मिलन समारोह में गरजे संजीव यादव कहा- गुन्नौर मेरा परिवार, मरते दम तक नहीं छोड़ूंगा।

◆ समारोह में उमड़ा जनसैलाब, तालियों से गूंजता रहा पंडाल।

◆ नारों और उत्साह से सजीवमय हुआ राधे वाटिका का माहौल, गूंजे ‘संजीव भैया जिंदाबाद’।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। रविवार गुन्नौर के रजपुरा स्थित राधे वाटिका में आयोजित होली मिलन समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता संजीव यादव का रंग जम गया। कार्यक्रम में पहुंचे सैकड़ों समर्थकों और क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका जोरदार अभिनंदन किया और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं। जहां समारोह में उमड़े जन सैलाब से पंडाल तालिया से गूजता दिखा।

समारोह के दौरान रागिनी-भजन आदि के चलते पंडाल में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जैसे ही संजीव यादव मंच पर पहुंचे, समर्थकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोग एक-दूसरे को गले मिल शुभकामनायें देते नजर आए। जहां समाजसेवी संजीव यादव ने उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति को गुलाल से तिलक कर चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जगतगुरु स्वामी सतीशाचार्य जी रहे।

इस दौरान समर्थकों ने ‘संजीव भैया जिंदाबाद’ के जोरदार नारे लगाए, जिससे पूरा परिसर गूंज उठा। नारों और उत्साह के बीच राधे वाटिका का माहौल पूरी तरह सजीवमय दिखा।
संजीव यादव ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने और क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि ये मेरा परम सौभाग्य है कि मुझे गुन्नौर विधानसभा की इतनी बढ़िया जनता जनार्दन की सेवा करने का मौका मिला है।

आप सबका भरोसा और प्यार इसी प्रकार बना रहा तो मुझे पूर्ण आशा है कि आगामी समय में आपकी विधानसभा गुन्नौर से भाजपा प्रत्याशी बनकर 24 घंटे आपके समक्ष ही उपस्थित रहूंगा। मैंने गुन्नौर विधानसभा को अब अपना मां-बाप,भाई एवं परिवार मान लिया है। यहां मैं 2027 में शतप्रशत मूड से विधायक बनने के लिए आया हूं अब जल्द ही मेरा आवास भी यही होगा सुना है कुछ लोग कह रहे हैं कि बाहरी प्रत्याशी यहां आते हैं और चुनाव हार-जीत कर भाग जाते हैं तो आज मैं गुन्नौर विधानसभा वासियों को पूर्ण भरोसा दिलाता हूं कि यही मकान बनाऊंगा और मरते दम तक अब गुन्नौर का साथ नहीं छोडूंगा। सिर्फ मकान ही नहीं आगामी 8 मई को गुन्नौर में एक डिग्री कॉलेज की स्थापना कराउंगा जिसमें 25% बच्चे निशुल्क पड़ेंगे। मेरा कॉलेज नो प्रॉफिट नो लॉस पर चलेगा। साथ ही पांच नई बोलेरो में अपनी कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में आवागमन हेतु गिफ्ट कर रहा हूं आगे बोलते हुये संजीव यादव ने कहा कि अगर मेरा कोई भी कार्यकर्ता यहां षड्यंत्र का शिकार हुआ तो शिकार करने वाला भी सहज नहीं बच पाएगा। इसे-उसे मारने का दावा करने वाले कान खोल कर सुन लें मेरा चूहा भी नहीं मार पाओगे अगर कुछ गलत हुआ तो मैं भी बिना इलाज किये नहीं छोडूंगा। इस अवसर पर ऑल इंडिया मदर टेरेसा फाउंडेशन के जनरल सेक्रेटरी सरदार सिंह यादव ने गुन्नौर क्षेत्र में एक बड़े अस्पताल बनाने की का आश्वासन दिया।

बता दें कि समाजसेवी संजीव यादव हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर के करीमपुर गांव के निवासी है इन्होंने कोरोना काल में मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण देते हुए घर-घर जाकर आवश्यकतानुसार ऑक्सीजन, राशन आदि भी उपलब्ध कराया। जिसके बाद वह गढ़मुक्तेश्वर के साथ-साथ हापुड़ जनपद की सुर्खियों में छाये।
इस अवसर समारोह में रजपुरा मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, डा. बनवारी सिंह यादव, भारत सिंह यादव, अरविंद यादव, संजय लबंरदार, केपी यादव, हरवीर यादव, सतीश यादव, दिनेश शर्मा ऋषीपाल यादव, दीपक राजपूत, टेकचंद राणा, सैकड़ो कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण आदि मौजूद रहे।

सौंधन में शराबियों का हुड़दंग बना काल, स्कूटी सवार ग्रामीण की मौत, भाई घायल।

सौंधन के बाग में शराब पार्टी के बाद बवाल, दो गुटों में मारपीट।

मारपीट के बाद पीछा करते समय हादसा, ग्रामीण की स्कूटी से भिड़ी बाइक।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। कैला देवी थाना क्षेत्र के सोंधन में शुक्रवार को युवाओं के दो गुटों में शराब पीने के बाद हुई मारपीट के दौरान एक गुट के भागने पर दूसरे गुट द्वारा उसका पीछे करते हुए बाइक से दौड़ाते समय हुड़दंग करते हुए चौराहे पर बाइक ग्रामीण की स्कूटी से टकरा गई। जहां हादसे के दौरान एक ग्रामीण की मौत हो गई तथा उसका दूसरा भाई घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पहुंची पुलिस ने सब का पंचनामा पर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कैला देवी थाना क्षेत्र के सौंधन में सिंहावली रोड स्थित एक आम के बाग में दर्जनों बाइक सवार युवक शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और कुछ युवक वहां से भाग छूटे। पीछे से बुलेट सवार उनका पीछा कर रहे थे। इसी बीच सोंधन चौराहे पर बुलेट सवार युवक ने राइडर बाइक को लात मार दी, जिससे वह गिर गई। वही सामने से आ रहे ग्रामीण सहजू (45) और उसके भाई प्रेमपाल की स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाई गंभीर घायल हो गए।
साप्ताहिक बाजार होने के चलते भीड़ एकत्रित हो गई और घायलों को तत्काल सौंधन के निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। जहां से प्राइवेट वाहन द्वारा जिला अस्पताल भेजा गया, मगर रास्ते में ही सहजू की मौत हो गई। ग्रामीण की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर मृतक के स्वजन व ग्रामीण भी पहुंच गए और उन्होंने राइडर बाइक सहित चार बाइकों को पकड़कर पुलिस चौकी सोंधन पहुंचा दिया। वहीं एक युवक को भी पकड़ कर पुलिस के हवाले करने की सूचना है। बुलेट सवार सहित अन्य सभी बाइक सवार मौका पाकर फरार हो गए। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कैला देवी जितेंद्र कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

संभल के कहरोला गर्वी में सामुदायिक भवन का लोकार्पण।

◆ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सीडीओ व भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया उद्घाटन।

◆ सीडीओ बोले- सरकारी संपत्तियों को अपनी संपत्ति समझकर करें देखभाल।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के रजपुरा विकासखंड के कहरोला गर्वी में सामुदायिक भवन का लोकार्पण मुख्य विकास अधिकारी तथा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू और राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की पूर्व सदस्य मंजू दिलेर द्वारा विधि विधान के साथ किया गया।
कहरोला गर्वी स्थित समुदाय भवन का लोकार्पण शुक्रवार को वैदिक यज्ञ के साथ किया गया। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू तथा राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की पूर्व सदस्य मंजू दिलेर,आरएसएस के जिला प्रचारक दीपक कुमार और गुन्नौर पूर्व विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि हमें सरकारी संपत्तियों को अपनी संपत्ति समझ कर उनका संरक्षण करना चाहिए ये हमारी जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि दायित्व भी है। डॉ. राजकुमार वैदिक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इनके विचार और कार्य सभी अनुकरणीय हैं।

जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू ने कहा कि समुदाय भवन गांव की शान है। इसके संरक्षण में सभी को सहयोग करना चाहिए। वहीं पूर्व विधायक अजीत कुमार राजू यादव ने सनातन संस्कृति के मूल्य एवं बुजुर्गों के बताए रास्ते पर चलने का आवाह्न किया।
सामुदायिक भवन का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन रखा गया है। जिसको लेकर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की पूर्व सदस्य मंजू देने कहा कि भवन का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन रखा जाना सराहनीय है, क्योंकि डॉक्टर अंबेडकर शिक्षा को समाज की उन्नति का आधार मानते थे।
डॉ. राजकुमार वैदिक ने बताया कि यह भवन समाज के उत्थान का केंद्र बनेगा। साथ ही हम लोगों के द्वारा यहां गांव के जरूरतमंद बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा केंद्र शुरू किया जाएगा। जिसकी पहली कक्षा हिंदू नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 19 मार्च 2026 से शुरू होगी, जहां साप्ताहिक संस्कार केंद्र तथा मासिक यज्ञ का आयोजन भी किया करेंगे।
इस मौके पर आरएसएस के जिला प्रचारक दीपक कुमार, मुकेश कुमार आर्य, नरेंद्र कुमार, हरमुख देवी, प्रेमवती, रश्मि यादव, मदन गोपाल, भजनलाल, नरेश पाल आदि सहित सैकड़ो ग्रामीण मौजूद रहे।

खनन के विरोध में गुन्नौर में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना।

◆ सड़क किनारे टेंट लगाकर बैठे किसान, बोले- बुलंदशहर पट्टे के नाम पर संभल में हो रहा है खनन।

◆ कहा- खनन से है 30 से ज्यादा गांवों पर बाढ़ और कटान का खतरा।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद के गुन्नौर तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के विरोध में किसानों ने मोर्चा खोल दिया है। भारतीय किसान यूनियन (असली) के पदाधिकारियों और क्षेत्रीय किसानों ने ग्राम बीबीपुर में चल रहे खनन कार्य को रुकवाने की मांग को लेकर महावली-अहरोला नवाजी मार्ग पर टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किसानों के धरने के चलते क्षेत्र में खनन को लेकर माहौल गर्मा गया है।
धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि जिस स्थान पर खनन किया जा रहा है, उसका पट्टा बुलंदशहर जनपद का बताया जा रहा है, जबकि खनन की गतिविधियां संभल जिले की सीमा में हो रही हैं। इससे गुन्नौर तहसील के करीब 30 से 35 गांव सीधे प्रभावित हो रहे हैं। किसानों के अनुसार इन गांवों की कुल आबादी लगभग 50 से 60 हजार के बीच है, जो भविष्य में बाढ़ एवं कटान जैसे गंभीर खतरे का सामना कर सकती हैं।
किसानों का आरोप है कि लगातार हो रहे खनन से क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति बदल रही है, जिससे आने वाले समय में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही नदी किनारे कटान होने की भी आशंका है, जिससे किसानों की खेती और गांवों की आबादी दोनों प्रभावित हो सकती हैं। किसानों का कहना है कि अगर समय रहते खनन नहीं रोका गया तो आने वाले समय में हमारे क्षेत्र की किसानों को बड़ा नुकसान हो सकता है।
धरना दे रहे किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर खनन पर तुरंत रोक लगाई जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक खनन पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (असली) के कई पदाधिकारी और किसान नेता मौके पर मौजूद रहे। धरने में ब्लॉक अध्यक्ष जुनावई केदार सिंह, एड. रामवीरेश यादव, सचिन यादव, जिलाध्यक्ष संभल राजपाल सिंह, विकास यादव, ललित यादव, दिलीप कुमार, महाराज सिंह, जयवीर सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान साथी शामिल रहे।

मातृभूमि की शहादत में कुपवाड़ा में शहीद हुआ संभल का लाल।

◆ पेट्रोलिंग के दौरान खाई में गिरा वाहन, देश सेवा में गई जान।

गुन्नौर के गांव पुसवाली के रहने वाले थे शहीद सूबेदार ओमप्रकाश गोस्वामी।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में तैनात बीएसएफ के सूबेदार ओमप्रकाश गोस्वामी शहीद हो गए। पेट्रोलिंग के दौरान उनका वाहन अचानक नियंत्रण खोकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही यह दुखद खबर उनके पैतृक गांव और परिवार तक पहुंची, घर में मातम छा गया। शहीद सूबेदार ओमप्रकाश गोस्वामी जनपद संभल की तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव पुसावली के मूल निवासी थे। उनके पिता मुकुट नाथ गोस्वामी और माता चंद्रावती हैं। परिवार में उनकी पत्नी सुदेश देवी थीं, जिनका कोरोना काल में कोविड-19 संक्रमण के कारण निधन हो गया था। पत्नी के निधन के बाद से ही ओमप्रकाश अपने बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए पूरी जिम्मेदारी निभा रहे थे और सेना में अपनी सेवा जारी रखे हुए थे।

शहीद ओमप्रकाश गोस्वामी के परिवार में एक बेटा ऋतिक और एक बेटी जिया है। उनका बेटा ऋतिक इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है और बीटेक का छात्र है, जबकि बेटी जिया प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटी हुई है। बहजोई कस्बे में बस अड्डे के पास उनका दूसरा मकान है, जहां उनके दोनों बच्चे अपने ननिहाल पक्ष के साथ रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। ओमप्रकाश अक्सर फोन पर बच्चों से बात कर उनका हौसला बढ़ाते थे और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते थे। बुधवार शाम करीब सात बजे शहीद सूबेदार ओमप्रकाश गोस्वामी का पार्थिव शरीर दिल्ली से बीएसएफ के जवानों की मौजूदगी में उनके बहजोई स्थित आवास पर लाया गया। जैसे ही तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर घर पहुंचा, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। परिवार के सदस्य और ग्रामीण अपने वीर सपूत की अंतिम झलक पाने के लिए उमड़ पड़े। प्रशासन और सुरक्षा बलों की मौजूदगी में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारियां भी पूरी कर ली गईं।
शहीद के भतीजे रवि ने बताया कि मंगलवार शाम बीएसएफ मुख्यालय से फोन आया था, जिसमें उनके चाचा ओमप्रकाश गोस्वामी के दुर्घटना में शहीद होने की जानकारी दी गई। यह खबर सुनते ही परिवार के लोग स्तब्ध रह गए। बाद में परिवार के सदस्य पार्थिव शरीर लेने के लिए दिल्ली रवाना हुए और वहां से उन्हें पूरे सम्मान के साथ बहजोई लाया गया।
शहीद सूबेदार ओमप्रकाश गोस्वामी को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उनके आवास पहुंचे। उत्तर प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।