◆ सहसवान में जुटेगा सपा का कुनबा, दहगवां स्थित राव फार्म में आयोजित होगा बड़ा श्रद्धांजलि समारोह।
◆ दोपहर 2 बजे दहगवां पहुंचेंगे सपा सुप्रीमो, 45 मिनट रुककर लौटेंगे लखनऊ।
प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। गुरूवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बदायूं जिले के सहसवान विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर पार्टी के दिवंगत वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यमंत्री स्वर्गीय ओमकार सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। जहां दहगवां चौराहे स्थित राव फार्म हाउस में आयोजित ब्रह्मभोज एवं श्रद्धांजलि सभा में उनकी मौजूदगी को लेकर पूरे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
कार्यक्रम को लेकर पूर्व मंत्री के पुत्र एवं सहसवान विधायक ब्रजेश यादव स्वयं तैयारियों की कमान संभाले हुए हैं। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में हजारों समर्थकों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे यह आयोजन समाजवादी पार्टी के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। श्रद्धांजलि सभा में बदायूं सांसद आदित्य यादव के अलावा सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव और आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव के भी शामिल होने की प्रबल संभावना है। इससे पहले शिवपाल सिंह यादव और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव सहसवान पहुंचकर स्वर्गीय ओमकार सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित कर चुके हैं।

इस दौरान भावुक हुए रामगोपाल यादव ने कहा था कि “ब्रजेश यादव में ओमकार सिंह यादव की छवि दिखाई देती है, लेकिन पिता की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता। पूरी समाजवादी पार्टी परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।”
सपा मुखिया के निजी सचिव गंगाराम द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, अखिलेश यादव गुरुवार सुबह 11 बजे लखनऊ स्थित अपने आवास से स्टाफ कार द्वारा रवाना होंगे। वह दोपहर करीब 2 बजे दहगवां स्थित राव फार्म हाउस पहुंचकर श्रद्धांजलि सभा एवं ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होंगे।

लगभग 45 मिनट तक कार्यक्रम में रहने के बाद दोपहर 2:45 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे और जहां शाम करीब 5:45 बजे उनका राजधानी पहुंचने का कार्यक्रम है।
निजी सचिव की ओर से एडीजी सुरक्षा को भी पत्र भेजकर कार्यक्रम की सूचना दी गई है तथा प्रोटोकॉल के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।

गौरतलब है कि सहसवान से पांच बार विधायक रहे पूर्व राज्यमंत्री स्वर्गीय ओमकार सिंह यादव का 9 जुलाई को निधन हो गया था। वह समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे और क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ रही। उनके निधन के बाद आयोजित तेरहवीं संस्कार एवं श्रद्धांजलि सभा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
अखिलेश यादव के आगमन को लेकर दहगवां और आसपास के क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।
