THU, JUL 23, 2026 | UPDATED 12:41 PM IST
Vishv Pravah
×

🔍 खोजें

उत्तर प्रदेश

Home » कांवड़ यात्रा से पहले गुन्नौर-बबराला पुलिस की बड़ी बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन।

कांवड़ यात्रा से पहले गुन्नौर-बबराला पुलिस की बड़ी बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन।

पीस कमेटी की बैठक में पुलिस का संदेश- शांति, सुरक्षा और अनुशासन से निकले कांवड़ यात्रा।

◆ डीजे संचालकों को दिए निर्देश- 10-12 फीट से अधिक ऊंची नहीं रखें डीजे की ऊंचाई।

प्रवाह ब्यूरो
गुन्नौर। जनपद में आगामी सावन मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से संभल में गुन्नौर एवं बबराला थाना पुलिस ने पीस कमेटी, व्यापारियों और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गुन्नौर कोतवाली में आयोजित बैठक में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने दुकानदारों, डीजे संचालकों और स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी प्रकार की अफवाह या अराजक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
वहीं बबराला थाना परिसर में थाना प्रभारी लवनीश कुमार की अध्यक्षता में पीस कमेटी एवं डीजे संचालकों की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि डीजे की ऊंचाई 10 से 12 फीट से अधिक नहीं रखी जाएगी तथा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।
थाना प्रभारी ने कहा कि हरिद्वार, राजघाट, रामघाट सहित अन्य धार्मिक स्थलों से यहां जल लेकर आने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने डीजे संचालकों एवं आयोजकों से यातायात नियमों का पालन करने, मार्गों को बाधित न करने और यात्रा को अनुशासन एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आह्वान किया।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी अराजक तत्व या नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सभी श्रद्धालुओं से शांति, संयम और आपसी भाईचारे के साथ कांवड़ यात्रा संपन्न करने की अपील की गई।
बैठक में नगर अध्यक्ष हर्षवर्धन वार्ष्णेय, आशुतोष वार्ष्णेय, पुलकित, ओमकार प्रधान, उमेश यादव, राहुल गिरी सहित पीस कमेटी के सदस्य, डीजे संचालक, व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *