◆ राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सजे नन्हे कलाकार, ट्रेनी आईपीएस ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह।
प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। पुलिस मॉडर्न स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों और रंग-बिरंगी सजावट से विद्यालय परिसर कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आया। राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सजे बच्चों ने अपनी मासूमियत और प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया।

जन्माष्टमी समारोह के लिए विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन करते हुए झूले, पोस्टर, मटकी और बांसुरी को आकर्षक ढंग से सजाया। इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म एवं बाल लीलाओं पर आधारित सुंदर झांकी भी सजाई गई। रंग-बिरंगे परिधानों और मनमोहक सजावट ने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईपीएस अधिकारी सुमेध मिलिंद जाधव ने बच्चों की रचनात्मकता, प्रतिभा और उत्साह की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
समारोह के समापन पर बच्चों को मिठाई वितरित की गई। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह, पुलिसकर्मी, प्रधानाचार्य शैलेंद्र बत्तरा, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा वामा सारथी की सदस्य नीलम सहित विद्यालय के विद्यार्थी मौजूद रहे।
नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों और आकर्षक झांकी ने जन्माष्टमी समारोह को यादगार बना दिया।
