◆ गूंजे ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल में गुरुवार को भव्य एवं भक्तिमय समारोह का आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों, आकर्षक वेशभूषा और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित नाट्य मंचन ने विद्यालय परिसर को पूरी तरह कृष्णमय कर दिया। कार्यक्रम के दौरान गूंजते ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से वातावरण भक्तिरस में डूबा नजर आया।
समारोह में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनके बाल जीवन से जुड़ी विभिन्न लीलाओं को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत कर दिया। नन्हे कलाकारों ने श्रीकृष्ण, राधा रानी, भगवान जगन्नाथ और सुदामा सहित विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाते हुए अपने अभिनय से सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा, प्रभावशाली संवाद, भाव-भंगिमाएं और आत्मविश्वासपूर्ण अभिनय ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

प्रस्तुतियों के दौरान विद्यालय परिसर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण ‘कृष्णमय’ हो उठा।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार जैन ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन मानव समाज को सत्य, धर्म, कर्म, प्रेम, करुणा और कर्तव्य का मार्ग दिखाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण और उनके बाल सखा सुदामा की मित्रता का उदाहरण देते हुए कहा कि सच्ची मित्रता धन-दौलत की मोहताज नहीं होती, बल्कि प्रेम, विश्वास और आत्मीयता ही उसके वास्तविक आधार हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें, अच्छे कर्म करें और समाज व राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझें। उन्होंने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े शिक्षकों एवं स्टाफ को भी बधाई दी। नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने जन्माष्टमी समारोह को यादगार बना दिया।

जहां कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. रामौतार यादव, डायरेक्टर संभव जैन, प्रिंसिपल राजीव गुप्ता, वाइस प्रिंसिपल गौरव मेधाव्रत, नागेश कुमार सहित पूजा शर्मा, गीता, कशिश, सोनम यादव, मुस्कान शर्मा, प्रीति, शिवांगी, अंजली, रुचि, नव्या, शैवाली, कौशांबी, मेधावी, कृष्ण गोपाल, दिया, चंचल, राधा नेगी, अक्षय राठौर, नेत्रपाल सिंह आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ सदस्य एवं छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित रहे।
