◆ सघन निरीक्षण के बाद बाजार में पैदल गश्त, आमजन से संवाद कर एसपी ने परखी जमीनी हकीकत।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। पुलिस अधीक्षक संभल विकास चंद्र त्रिपाठी सोमवार को चंदौसी में पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने जिला न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ थाना चंदौसी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस बल के साथ मुख्य बाजार और सराफा बाजार में फुट पेट्रोलिंग कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया और व्यापारियों व आमजन से सीधे संवाद किया।
जिला न्यायालय के निरीक्षण के दौरान एसपी ने मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार, न्यायालय भवन, पुलिस बल की तैनाती, पार्किंग, वादकारियों एवं अधिवक्ताओं की आवाजाही तथा परिसर के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को परखा। उन्होंने प्रवेश द्वारों पर नियमित चेकिंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसपी ने न्यायालय परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों को आकस्मिक परिस्थितियों में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने तथा अनुशासन, संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और सभी अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें।
इसके बाद एसपी ने थाना चंदौसी का आकस्मिक निरीक्षण किया। थाना परिसर की साफ-सफाई, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, कंप्यूटर कक्ष, कार्यालय अभिलेख, जनसुनवाई व्यवस्था, मालखाना, हवालात और बैरक सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर और मालखाना अभिलेखों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं, अभियोगों और प्रार्थना-पत्रों की समीक्षा करते हुए मामलों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
थाना निरीक्षण के बाद एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मुख्य बाजार और सराफा बाजार में फुट पेट्रोलिंग पर निकले। उन्होंने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस की मौजूदगी और कानून-व्यवस्था की स्थिति को मौके पर परखा।

इस दौरान एसपी ने दुकानदारों और व्यापारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुरक्षा संबंधी सुझाव जाने। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
एसपी ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों और आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने मुख्य एवं सराफा बाजार में नियमित प्रभावी गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर सतर्क निगरानी तथा पुलिस की दृश्यता बढ़ाने के निर्देश दिए।
