Home » घी की आड़ में मिलावट का खेल? रक्षाबंधन से पहले संभल में बड़ी कार्रवाई।

घी की आड़ में मिलावट का खेल? रक्षाबंधन से पहले संभल में बड़ी कार्रवाई।

◆ घी निर्माण इकाई पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, लाइसेंस निलंबित कर परिसर सील।

◆ साढ़े तीन घंटे चला खाद्य विभाग का ऑपरेशन, घी फैक्ट्री सील…जांच को भेजे 11 नमूने।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। रक्षाबंधन पर्व से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार शाम बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम ने मौलागढ़ गांव स्थित श्री वृंदावन धाम नामक घी निर्माण इकाई पर छापा मारकर कथित तौर पर अपमिश्रक, एसेंस, रंग, रिफाइंड ऑयल, वनस्पति समेत कई संदिग्ध सामग्री बरामद की। मौके पर कुछ अज्ञात रसायन और खाद्य-अखाद्य पदार्थों के अलग-अलग लेबल भी मिले।
करीब साढ़े तीन घंटे चली कार्रवाई के बाद विभाग ने इकाई का लाइसेंस निलंबित करते हुए परिसर को सील कर दिया। वहीं, संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ चंदौसी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। गुप्त सूचना पर पहुंची टीम, देर रात तक चला निरीक्षण
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी संभल अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बुधवार शाम करीब 7 बजे मौलागढ़ स्थित श्री वृंदावन धाम पहुंची। कार्रवाई रात करीब 10:30 बजे तक जारी रही।

फोटो-2

निरीक्षण के दौरान टीम को घी निर्माण परिसर में रिफाइंड ऑयल, डालडा/वनस्पति, एसेंस, रंग और विभिन्न प्रकार के अपमिश्रक मिले। इसके साथ ही कुछ अज्ञात रसायन तथा खाद्य और अखाद्य पदार्थों के अलग-अलग लेबल भी बरामद किए गए। अधिकारियों ने मौके से कुल 11 नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इकाई को घी निर्माण का लाइसेंस प्राप्त था, लेकिन निरीक्षण के दौरान लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप कार्य होता नहीं मिला। परिसर में जनस्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक माने जाने वाले रसायनों और अपमिश्रकों का रखा जाना भी नियमों के विपरीत पाया गया।

फोटो-3

सहायक आयुक्त खाद्य मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान रिफाइंड, डालडा, अपमिश्रक रसायन, एसेंस और कलर समेत कई सामग्री मिली है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों को देखते हुए इकाई का लाइसेंस निलंबित कर उसे सील कर दिया गया है। संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ चंदौसी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर भी दी गई है।
विभागीय टीम ने मौके से लिए गए सभी 11 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी। अधिकारियों के मुताबिक जांच रिपोर्ट में यदि नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत पाए जाते हैं तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि रक्षाबंधन जैसे पर्वों को देखते हुए मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज किया गया है, ताकि बाजार में उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।
कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मानवेन्द्र सिंह, सीएफएसओ वीके राठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश वर्मा, राजेश कुमार, रामजीत, राजीव कुमार और सुधीर कुमार समेत विभागीय टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *