THU, JUL 23, 2026 | UPDATED 12:41 PM IST
Vishv Pravah
×

🔍 खोजें

उत्तर प्रदेश

Home » शादी से पहले बुझ गए शहनाई के सपने, दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच युवती ने दी जान।

शादी से पहले बुझ गए शहनाई के सपने, दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच युवती ने दी जान।

◆ पीएसी जवान पर 20 लाख से अधिक दहेज प्रताड़ना का आरोप, नवंबर में होनी थी शादी।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। शादी के सपने संजो रही एक युवती की जिंदगी दहेज की कथित मांगों और मानसिक प्रताड़ना के आरोपों के बीच हमेशा के लिए खत्म हो गई। संभल जनपद के धनारी थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतका के परिजनों ने मंगेतर और उसके परिवार पर सरकारी नौकरी (वर्तमान में पीएसी में तैनात) का हवाला देकर 20 लाख रुपये से अधिक दहेज मांगने तथा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान शिल्पी सिंह पुत्री पप्पू सिंह, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शिल्पी का विवाह नवंबर 2025 में मुरादाबाद जनपद के भगतपुर थाना क्षेत्र के निवाड़ खास गांव निवासी शिवम राजपूत से तय हुआ था। शिवम का चयन वर्ष 2018 में पीएससी में हुआ था। उनका आरोप है कि रिश्ता तय होने के कुछ समय बाद ही सरकारी नौकरी का हवाला देकर दहेज की मांग शुरू हो गई। पहले 20 लाख रुपये पर सहमति बनी, लेकिन इसके बाद भी मांगें बढ़ती रहीं और कम दहेज मिलने पर रिश्ता तोड़ने की धमकियां दी जाती थीं। परिजनों का कहना है कि इन परिस्थितियों ने शिल्पी को गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया था।
परिवार का आरोप है कि शनिवार दोपहर लगातार मिल रहे कथित दबाव और मानसिक प्रताड़ना से टूटकर शिल्पी ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर धनारी पुलिस मौके पर पहुंची, आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के भाई संजीव राघव ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को दहेज के लिए लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसी दबाव ने उसे यह आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, धनारी थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने बताया कि युवती की आत्महत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने दहेज मांगने और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *