Home » बारिश और तेज हवाओं से कांपा संभल, 14 डिग्री गिरा पारा; जगह-जगह जलभराव, धान-ईख को भारी नुकसान।

बारिश और तेज हवाओं से कांपा संभल, 14 डिग्री गिरा पारा; जगह-जगह जलभराव, धान-ईख को भारी नुकसान।

◆ बारिश बनी किसानों के लिए आफत, फसल नुकसान पर सरकार से मुआवजे की मांग।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। जिले में पिछले करीब 30 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं तापमान में अचानक गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ गई है। महज दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 14 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
रविवार सुबह जिले का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुबह करीब नौ बजे तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के बीच ठंडी हवाओं ने मौसम को और सर्द कर दिया। जिले में न्यूनतम आर्द्रता 86 प्रतिशत और अधिकतम 142 प्रतिशत दर्ज किए जाने की सूचना है।

फोटो-2

गंगा किनारे स्थित तहसील गुन्नौर में शनिवार रातभर तेज बारिश होती रही। रविवार सुबह भी बारिश का सिलसिला थमा नहीं और रिमझिम फुहारें पड़ती रहीं। जिला मुख्यालय बहजोई और चंदौसी में भी सुबह बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

फोटो-3

मौसम में अचानक आई ठंडक का असर रोजमर्रा की जिंदगी पर भी दिखाई दिया। बारिश और तेज हवाओं के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए। मौसम विभाग ने रविवार को हल्की बारिश की संभावना जताई है। साथ ही दिन के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी अथवा दो डिग्री तक गिरावट होने का अनुमान है।

फोटो-4

ऐसे में आने वाले घंटों में मौसम के और करवट लेने की संभावना बनी हुई है। निरंतर बारिश तेज हवाओं एवं खराब मौसम के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरेलू कामकाज और रोजमर्रा की जरूरतें भी प्रभावित हुईं। लगातार बारिश, ठंडी हवाओं और जलभराव ने जिले में आम जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी है।
उधर खराब मौसम के चलते नगर पंचायत बबराला में रात की तेज बारिश के दौरान एक वाहन बिजली के पोल से टकरा गया। हादसे के बाद बिजली आपूर्ति करीब 18 घंटे तक बाधित रही। बारिश के कारण अधिकांश लोग घरों में ही थे और ऐसे में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *