Home » राष्ट्रभाव से दौड़ी बहजोई, ‘एक दौड़-देश के नाम’ मैराथन में युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प।

राष्ट्रभाव से दौड़ी बहजोई, ‘एक दौड़-देश के नाम’ मैराथन में युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प।

पंच परिवर्तन’ के संकल्प के साथ दौड़े प्रतिभागी, खेल और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने का किया आह्वान।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। राष्ट्रभाव, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश के साथ रविवार को बहजोई में युवाओं ने पूरे उत्साह से कदम बढ़ाए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बहजोई के तत्वावधान में संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में ‘एक दौड़-देश के नाम’ मैराथन का आयोजन किया गया। परम पूज्य रज्जू भैया प्रेरणा भवन, संघ कार्यालय, वृंदावन धाम से प्रातः छह बजे शुरू हुई मैराथन में युवाओं के साथ विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

फोटो-2

मैराथन में दौड़ते प्रतिभागियों ने राष्ट्रसेवा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्यों, कुटुंब प्रबोधन और स्वदेशी जैसे विषयों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत इस आयोजन ने बहजोई की सड़कों पर उत्साह और राष्ट्रभाव का वातावरण बना दिया। मैराथन का समापन बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल में हुआ।
समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता जिला प्रचारक दीपक कुमार ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सजग और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए समर्पित युवा ही समाज को नई दिशा देने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल बड़े अभियानों और कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि दैनिक जीवन में अनुशासन, सेवा, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे मूल्यों को अपनाने से भी राष्ट्र मजबूत होता है। उन्होंने युवाओं से व्यक्तिगत विकास के साथ समाज और राष्ट्र के लिए समय देने का आह्वान किया।

फोटो-3

कार्यक्रम अध्यक्ष एवं एथलीट जयप्रकाश गुप्ता ने युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने युवाओं से मोबाइल और निष्क्रिय जीवनशैली से बाहर निकलकर नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

फोटो-4

सह जिला कार्यवाह सम्भव जैन ने मैराथन के उद्देश्य और ‘पंच परिवर्तन’ के संकल्प के माध्यम से समाज परिवर्तन की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि ‘एक दौड़-देश के नाम’ महज एक आयोजन नहीं, बल्कि अपने जीवन को राष्ट्रहित की दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने युवाओं से इस संकल्प को अपने व्यवहार और दिनचर्या में उतारने का आह्वान किया।

फोटो-5

मैराथन ने युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन, राष्ट्रभाव और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने के साथ ‘एक कदम—राष्ट्र निर्माण के नाम’ का प्रेरक संदेश दिया।
इस अवसर पर नगर कार्यवाह लव शर्मा, नगर संघचालक अवनेश कुमार, खंड कार्यवाह अश्विनी कुमार, नगर प्रचारक अमन भारत, खंड प्रचारक राजीव कुमार सहित चैतन्य कुमार सिंह, कौशल कुमार, दीपक कुमार, अनुराग वार्ष्णेय, राजीव गुप्ता, अमित कुमार, आधार रस्तोगी, सुभाष चंद्र, रोहित कुमार, मनीष वार्ष्णेय आदि उपस्थित रहे। संचालन आरएसएस के सह जिला कार्यवाह सम्भव जैन ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *