Home » संभल में दर्दनाक हादसा: अंतिम संस्कार में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, तीन महिलाओं की मौत; दर्जनभर घायल।

संभल में दर्दनाक हादसा: अंतिम संस्कार में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, तीन महिलाओं की मौत; दर्जनभर घायल।

रहटोल के पास एक्सल टूटने से अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 18 ग्रामीण थे सवार।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। सोमवार दोपहर संभल में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशहाल परिवारों में मातम पसरा दिया। अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रही ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल सहित विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसा सोमवार दोपहर करीब 12 बजे तहसील संभल के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के रहटोल गांव के पास हुआ। बताया गया कि पैंतिया माफी गांव निवासी ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर जनपद मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र के जटपुर गांव निवासी सोमपाल सिंह के निधन पर अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 18 लोग सवार थे।
रहटोल के पास पहुंचते ही ट्रॉली के पिछले पहिए का एक्सल टूट गया। इसके चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। हादसे में पैंतिया माफी गांव निवासी ओमवती (60) पत्नी हरपाल, ममता (50) पत्नी दयाराम और चंद्रवती (55) पत्नी हरकेश की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

फोटो-2

इस हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। चंद्रवती अपने पीछे तीन बच्चों अजय, सबोध और मीनाक्षी को छोड़ गई हैं। उनके पति हरकेश मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
ओमवती के तीन बेटे उमेश कुमार, मुकेश कुमार और योगेश कुमार तथा दो बेटियां थीं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। करीब 11 वर्ष पहले उनके पति हरपाल का निधन हो चुका था। अब ओमवती की मौत के बाद परिवार पर एक और दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं ममता के दो बेटे सोनू और अंकुर तथा एक बेटी राखी हैं। उनके पति सब्जी बेचने का काम करते हैं। एक अंतिम संस्कार में शामिल होने निकले परिवारों को शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में ही उन्हें अपनों की अर्थी उठानी पड़ेगी।
जबकि घायलों में इसी गांव की वीरवती (35), आशा (35), मूर्ति देवी (35), बाला (50), प्रेमपाल (40), सुनील (40), विजय (40), महेंद्र (65), श्यामलाल (62), राजकुमार (40) और संतोष (65) शामिल हैं। सभी का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही हजरतनगर गढ़ी थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के साथ हादसे की जानकारी जुटाई।
वहीं, एसडीएम विकास चंद्र और सीओ संभल कुलदीप कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी लेते हुए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

फोटो-3

सीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले पहिए का एक्सल टूटने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली में 18 लोग सवार थे और सभी मुरादाबाद में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में तीन महिलाओं की मृत्यु हुई है, जबकि अन्य घायलों का अस्पतालों में उपचार कराया जा रहा है। मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि घायलों को सरकारी स्तर पर उपलब्ध सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *