Home » राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकियों ने मोहा मन, भाजपा नेता संजीव यादव ने किया शोभायात्रा का शुभारंभ।

राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकियों ने मोहा मन, भाजपा नेता संजीव यादव ने किया शोभायात्रा का शुभारंभ।

कलाकारों की सुंदर प्रस्तुति ने मोहा भक्तों का मन, भक्तिमय हुआ माहौल।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को थाना धनारी क्षेत्र के गांव खलीलपुर में भव्य एवं आकर्षक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा निकाली गई। भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की मनोहारी झांकियों से सजी शोभायात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय रंग में रंग दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और भगवान कृष्ण के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

फोटो-2

शोभायात्रा का शुभारंभ गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता संजीव यादव ने फीता काटकर किया। इसके बाद हरि नाम संकीर्तन और भक्ति संगीत की धुन के बीच शोभायात्रा देवी मंदिर खलीलपुर से रवाना हुई और गांव के विभिन्न मार्गों से होती हुई संपूर्ण गांव में भ्रमण कर पुनः देवी मंदिर परिसर पहुंची।

फोटो-3

शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण, राधा रानी सहित विभिन्न धार्मिक एवं मनोहारी झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कृष्ण की भूमिका में सजे कलाकार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया, वहीं वासुदेव की भूमिका निभा रहे कलाकार ने भी अपने अभिनय से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। झांकियों में कलाकारों के नृत्य और भक्ति प्रस्तुतियों ने माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया।
ढोल-नगाड़ों और डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। जगह-जगह हरि नाम संकीर्तन के बीच लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया। झांकियों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उमड़ पड़े। ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से पूरा खलीलपुर श्याममय नजर आया।

फोटो-4

शोभायात्रा के दौरान गांव की गलियों में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए आयोजन को भव्यता प्रदान की। यात्रा के समापन के बाद देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को फल एवं अन्य प्रसाद का वितरण किया गया। शोभायात्रा के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने में गांव के संभ्रांत लोगों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही और पूरा कार्यक्रम धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर डा. गौरव उन्मुक्त, प्रदीप गुप्ता, राकेश राघव, चंद्रवीर राघव, दिनेश शर्मा, रामौतार शर्मा, सुरेश शर्मा, एतु, हुकम सिंह, अमर सिंह, विनोद गुप्ता, रतन शर्मा, आशाराम, विनोद, ओमप्रकाश, पूरन, देवपाल गुप्ता, नेत्रपाल यादव, रामचरन यादव, रामकुंवर शर्मा, शिशपाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *