◆ कांवड़ यात्रा को लेकर संभल प्रशासन सतर्क, 84 मजिस्ट्रेट की तैनाती में 12 हजार CCTV से निगरानी।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और कांवड़ियों की भारी आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिसके चलते अब 24 अगस्त को भी जनपद के सभी स्कूल-कॉलेज और मान्यता प्राप्त मदरसे बंद रहेंगे। यह आदेश नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर रविवार शाम अवकाश की घोषणा की। प्रशासन के मुताबिक सोमवार को जिले के विभिन्न इलाकों में कांवड़ियों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव भी बढ़ सकता है। विद्यार्थियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला किया गया है।

सावन के अंतिम सोमवार को पातालेश्वर, संभलेश्वर, चंद्रेश्वर और भुवनेश्वर महादेव सहित जिले के कई प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालु और कांवड़िये जलाभिषेक करेंगे। चंदौसी, बहजोई, हयातनगर, राजघाट, नखासा और संभल कोतवाली क्षेत्र के मंदिरों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिले में 84 मजिस्ट्रेट और 2017 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 12 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों से जिलेभर की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

प्रशासन की प्राथमिकता कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही, डाक कांवड़ के दौरान यातायात नियंत्रण और मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सावन के अंतिम सोमवार को लेकर प्रशासन ने अधिकारियों और पुलिस बल को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर ही संभल के नवागत एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने जनपद के प्रमुख मंदिरों पर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
