◆ राजघाट, सादातबाड़ी शिव मंदिर, नरौरा बॉर्डर और गंगा एक्सप्रेसवे का निरीक्षण कर पुलिस बल को दिच सतर्कता के निर्देश।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को लेकर संभल पुलिस ने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर कमर कस ली है। रविवार को पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने जिले के प्रमुख कांवड़ मार्गों, शिव मंदिरों, घाटों, बॉर्डर और डायवर्जन प्वाइंटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और भीड़ नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

पुलिस अधीक्षक ने बहजोई एवं संभल क्षेत्र के कांवड़ मार्ग, खीरनी टोल प्लाजा और गंगा एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया। इस दौरान डायवर्जन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी परखी गई और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रियों की आवाजाही के दौरान निर्धारित डायवर्जन प्लान का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए।

अंतिम सोमवार पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए एसपी विकास चन्द्र त्रिपाठी ने सादातबाड़ी शिव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा एवं दर्शन-पूजन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश-निकास व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने मंदिर में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक भी किया।

एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।
राजघाट पर कांवड़ियों की भीड़ को लेकर विशेष निगरानी
इसके बाद एसपी ने राजघाट, बबराला का स्थलीय निरीक्षण किया। राजघाट से गंगाजल लेकर विभिन्न शिवालयों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की संभावित भीड़ के मद्देनजर घाट की सुरक्षा, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई, यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं को परखा गया।

उन्होंने घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने तथा प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी के निर्देश दिए। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बैरिकेडिंग एवं पुलिस पिकेट लगाने के भी निर्देश दिए गए। एसपी ने नरौरा बॉर्डर पहुंचकर चेकिंग, वाहनों के आवागमन और यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, बैरियर एवं चेकिंग व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता की समीक्षा की। आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ही पुलिसकर्मियों को आमजन और वाहन चालकों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने गंगा बैराज पुलिस चौकी का आकस्मिक निरीक्षण किया। चौकी परिसर, कार्यालय, बैरक और साफ-सफाई व्यवस्था देखने के साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति एवं सतर्कता की जानकारी ली। फरियादियों की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, लंबित मामलों की समीक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

श्रावण मास के अंतिम सोमवार से पहले एसपी का यह व्यापक निरीक्षण पुलिस की तैयारियों की गंभीरता को दर्शाता है। कांवड़ मार्ग, मंदिर, घाट, बॉर्डर और डायवर्जन प्वाइंट—हर प्रमुख स्थान पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को परखा गया है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य साफ है कि आस्था के इस बड़े पर्व पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिले तथा कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था भी निर्बाध बनी रहे।
