Home » लखनऊ में सपा का हल्ला बोल, सहसवान विधायक ने सरकार पर साधा निशाना।

लखनऊ में सपा का हल्ला बोल, सहसवान विधायक ने सरकार पर साधा निशाना।

कहा- भाजपा की नीतियां जन विरोधी, ’26 हजार स्कूल बंद, जनता देगी जवाब।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘चंदा चोरी’ के मुद्दे को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा और कई गंभीर आरोप लगाए।
इस दौरान बदायूं जनपद की सहसवान विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक बृजेश यादव सबसे मुखर नेताओं में नजर आए। उन्होंने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब सब कुछ समझ चुकी है और वर्ष 2027 में इसका जवाब देगी।

मीडिया से बातचीत में विधायक बृजेश यादव ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल मर्जर के नाम पर प्रदेश में 26 हजार से अधिक विद्यालय बंद कर दिए गए, जिससे लाखों बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जैसी बुनियादी व्यवस्था को कमजोर करना प्रदेश के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
बृजेश यादव ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को लेकर भी तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “चंपत राय चंदा लेकर चंपत हो गए हैं। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।” उन्होंने सरकार द्वारा गठित एसआईटी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “एसआईटी केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। इसकी कोई रिपोर्ट जनता के सामने आने वाली नहीं है। भाजपा जांच के नाम पर सिर्फ जनता को गुमराह कर रही है।”

विधायक ने आगे कहा कि भाजपा समाज के विभिन्न वर्गों के साथ लगातार विश्वासघात कर रही है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता इसका करारा जवाब देगी।
गौरतलब है कि हाल ही में विधायक बृजेश यादव के पिता एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री स्वर्गीय ओमकार सिंह यादव का हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। इसके बाद से बृजेश यादव अपने गृह जनपद बदायूं में ही रहकर परिवार के साथ थे। विधानसभा सत्र के दौरान उन्होंने पहली बार लखनऊ पहुंचकर सदन की कार्यवाही में भाग लिया और सरकार के खिलाफ विपक्ष के आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि 30 जुलाई को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वयं बदायूं पहुंचकर स्वर्गीय ओमकार सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने उनके आवास पहुंचे थे। इस दौरान भारी जनसमूह उमड़ा, जिसे स्थानीय स्तर पर बृजेश यादव की राजनीतिक पकड़ और लोकप्रियता के रूप में देखा गया। कार्यक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज हुई कि पार्टी नेतृत्व ने सहसवान में वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर बृजेश यादव पर भरोसा जताया है।
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक बृजेश यादव ने विश्वास जताते हुए कहा कि “हमारा परिवार पिछले 45 वर्षों से सहसवान विधानसभा क्षेत्र की जनता का विश्वास जीतता आया है। 2027 में भी जनता के आशीर्वाद से हम भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे।”
विधानसभा सत्र के दौरान सरकार पर बृजेश यादव के तीखे हमले और उनके आक्रामक तेवर राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बने रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *