THU, JUL 23, 2026 | UPDATED 12:41 PM IST
Vishv Pravah
×

🔍 खोजें

उत्तर प्रदेश

Home » गुन्नौर में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर पूर्व मंत्री गंभीर, दवा उपलब्ध कराने की मांग।

गुन्नौर में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर पूर्व मंत्री गंभीर, दवा उपलब्ध कराने की मांग।

Former minister concerned over the lack of health Former minister concerned over the lack of health

◆ बोले- जुनावई में ड्रग वेयर हाउस, फिर भी मरीजों को 75 किमी दूर इलाज की मजबूरी।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल का गुन्नौर क्षेत्र एक बार फिर स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को लेकर सवालों के घेरे में है। इस बार मामला सीधे उन मरीजों से जुड़ा है जो हेपेटाइटिस-सी जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि गुन्नौर तहसील के तीनों ब्लॉकों में स्थित स्वास्थ्य केंद्रों पर इस बीमारी के इलाज की आवश्यक दवाएं उपलब्ध नहीं हैं।
स्थिति और भी हैरान करने वाली इसलिए मानी जा रही है क्योंकि जनपद का जिला ड्रग वेयर हाउस स्वयं जुनावई क्षेत्र में मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार नहीं मिल पा रहा। गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर पूर्व मंत्री ने जिलाधिकारी सम्भल को पत्र भेजकर हेपेटाइटिस-सी समेत अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु आवश्यक दवाएं जुनावई स्थित जिला ड्रग वेयर हाउस में उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
भेजे गए पत्र में पूर्व मंत्री ने कहा कि गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र बाढ़ प्रभावित इलाका है और हर वर्ष गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण आसपास के कई गांव जलभराव और बाढ़ की चपेट में आ जाते हैं। ऐसे हालात में क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारियां तेजी से लोगों को अपनी चपेट में लेती हैं, लेकिन समय पर इलाज और दवाएं उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि गुन्नौर, रजपुरा और जुनावई क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हेपेटाइटिस-सी जैसी गंभीर बीमारी के इलाज की दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में मरीजों को उपचार के लिए लगभग 75 किलोमीटर दूर पवांसा चिकित्सालय केंद्र तक जाना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ-साथ शारीरिक परेशानियां भी झेलनी पड़ती हैं।
पूर्व मंत्री ने यह भी सवाल उठाया कि जब जनपद सम्भल का जिला ड्रग वेयर हाउस स्वयं जुनावई चिकित्सालय परिसर में स्थित है, तो फिर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव क्यों बना हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि हेपेटाइटिस-सी सहित अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार की सभी जरूरी दवाएं और स्वास्थ्य सुविधाएं जुनावई ड्रग वेयर हाउस में उपलब्ध कराई जाएं, ताकि क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर और समय पर उपचार मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *