◆ पैमाइश के लिए 20 हजार रुपये तय होने का आरोप, पहली किस्त लेते ही एंटी करप्शन टीम ने दबोचा।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए एक लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लेखपाल की पहचान अमन कुमार के रूप में हुई है। वह गुन्नौर तहसील के राजस्व क्षेत्र रजपुरा में लेखपाल के पद पर तैनात है।
बताया गया है कि पट्टे की भूमि की पैमाइश कराने के नाम पर लेखपाल ने 20 हजार रुपये की रिश्वत तय की थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की जांच की और शिकायत की पुष्टि होने पर आरोपी लेखपाल को पकड़ने के लिए योजना तैयार की।
इसी क्रम में टीम ने जाल बिछाकर लेखपाल को रिश्वत की रकम लेते समय पकड़ लिया। टीम ने उसके कब्जे से 10 हजार रुपये की रिश्वत की रकम बरामद की। कार्रवाई के बाद लेखपाल को हिरासत में लेकर संबंधित प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में भी हड़कंप मच गया। अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी लेखपाल के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में जांच के दौरान रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।
